Saturday, November 14, 2026

चाचा नेहरू को याद करते हुए

किसी को अलग से यह बताने की जरूरत नहीं कि स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जितने बड़े राजनेता थे, उतने ही बड़े रचनाकार भी। एक ओर उन्होंने जहां अपने राजनीतिक चिंतन से समाज को सुंदर बनाने का प्रयास किया, वहीं दूसरी ओर 'मेरी कहानी', 'हिन्दुस्तान की कहानी' तथा 'विश्व इतिहास की झलक' और 'पिता के पत्र पुत्री के नाम' जैसी महत्त्वपूर्ण कृतियों से अपनी रचनात्मक प्रतिभा की भी धाक जमायी। 'हिन्दुस्तान की कहानी' विश्व साहित्य की अत्यंत ही प्रसिद्ध और लोकप्रिय पुस्तकों में से एक है। यह किताब नेहरू जी ने अहमदनगर किले के जेलखानों में अप्रैल से सितंबर 1944 के पांच महीनों में लिखी थी। जेल की तंग दीवारों के बीच कैद होने पर भी पंडित जी इस पुस्तक में ‘भारत की खोज’ की अनंत और दुर्धर्ष यात्रा पर निकल पड़ते हैं। इतिहास के विविध दौरों से परिचय कराते हुए वह इसे आधुनिक काल और उसकी बहुमुखी समस्याओं तक ले जाते हैं और फिर भविष्य की झांकी दिखाकर हमें खुद सोचने-समझने को प्रेरित करते हैं। नेहरू जी की दूसरी महत्त्वपूर्ण पुस्तक 'मेरी कहानी' (सस्ता साहित्य मंडल ने हिंदी में आत्मकथा इसी नाम से प्रकाशित की है) भी जून 1934 से फरवरी 1934 के बीच जेल ही में लिखी गई और 'विश्व इतिहास की झलक' जेल से लिखे पत्रों का एक शानदार संकलन है। जेल ही से लिखे पत्रों का एक छोटा किंतु अतुलनीय महत्त्व का संकलन 'लेटर्स फ्रॉम ए फादर टू हिज डॉटर' है जिसका हिन्दी तर्जुमा नरेन्द्रदेव के विशेष आग्रह पर प्रेमचंद ने 'पिता के पत्र पुत्री के नाम' शीर्षक से किया है। इस संकलन के पत्र नेहरू, इंदिरा को तब लिखे थे जब वह मात्र नौ-दस वर्ष की बालिका थी। इन पत्रों के माध्यम से नेहरू जो विषय/प्रश्न उठाते हैं वे बड़े ही गंभीर हैं। अपनी इतिहास-दृष्टि विकसित करने व नेहरू की इतिहास-दृष्टि को समझने के लिए यह पुस्तक अवश्य पढ़ी जानी चाहिए। नेहरू ने बताया था कि इतिहास के तथ्य महज तथ्य नहीं होते, कई दफा वे अपने आप में मुकम्मल इतिहास होते हैं। बताया था कि कैसे नदी किनारे बिखरे गोल लाल-काले पत्थर पहाड़ का अभिन्न हिस्सा हैं अथवा स्वयं पहाड़ हैं। पहाड़ के टूटने, नदी के जल प्रवाह तथा अपरदन के अन्य अनेक कारणों को जाने समझे बगैर नदी किनारे मिले गोल पत्थर को पूरी तरह से समझने का दावा नहीं किया जा सकता। वैसे ये पत्थर अपनी विकास यात्रा की पूरी कहानी अपने साथ लिए चलते हैं, लेकिन जिसे इस कहानी में रुचि नहीं है या जिसमें अव्यक्त को पकड़ने की क्षमता नहीं है, नदी किनारे पड़े उस निठल्ले और बेजान पत्थर को उसके समूचे इतिहास से काट कर देखेगा। इतिहास दृष्टि से हीन व्यक्ति इतिहास के तथ्य को समग्रता में समझने का दावा नहीं कर सकता। एक अन्य पत्र में जॉन ऑफ आर्क के हवाले से बताया है कि असामान्य परिस्थिति में अत्यंत सामान्य बात भी असाधारण महत्त्व की हो जाती है। इन पत्रों में नेहरू मुझे एक विनोदप्रिय पिता/लेखक लगते हैं। इंदु को बताते हैं कि 'बंदर हमारे पूर्वज हैं', प्रमाण कि 'आज भी हम कभी-कभी बंदरों जैसा व्यवहार करते हैं'! कहना अनावश्यक है कि 'पिता के पत्र पुत्री के नाम' मेरी प्रिय पुस्तक है। छः माह के भीतर अगर इसे पुनः पढ़ न लूं तो कुछ खाली-सा लगता है। अगर मेरा कहा चलता तो 5वीं से एम. ए. तक के छात्रों के लिए इसे अनिवार्य कर देता। इन तथ्यों से दो बात खुलकर सामने आती हैं-पहली यह कि एक राजनेता के अंदर बहुत बड़ा और एक अत्यंत ही सौम्य लेखक छिपा था, जो अवकाश पाते ही अभिव्यक्ति के लिए बेचैन हो उठता था, और दूसरी, कि अपने राजनैतिक जीवन में वे इतने अधिक सक्रिय थे कि लेखक बेचारा टुकुर-टुकुर मुंह ताकता रह जाता था। कहना होगा कि नेहरू की लगभग तमाम रचनाएं जेल के कठिन जीवन के बीच की हैं, लेकिन मजे की बात तो यह है कि जेल के वातावरण की उदासी उनकी रचनाओं को छू तक नहीं सकी। अलबत्ता उन्हें जेल की तंग दीवारों और कठोर अनुशासन वाले माहौल में भी पहाड़ और चांद की याद बराबर सताती है। यह बात नेहरू का एक असाधारण लेखक होना साबित करती है। फिर उनकी रचना की भाषा भी अत्यंत काव्यमयी है। उनका गद्य कविता-सा आनंद लेते हुए पढ़ा जा सकता है। ऐसी रचनाशीलता और लयात्मकता विश्व-गद्य-साहित्य में भी दुर्लभ ही है। नेहरू का साहित्यिक अंतर्मन आजीवन बड़ी बेचैनी से अंधेरे के खिलाफ रोशनी की तलाश करता है। फलतः स्वतंत्र भारत में, 1954 ई. में संगीत नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी और ललित कला अकादमी के रूप में नेहरू की तीन मानस-पुत्रियों का जन्म हुआ। इन अकादमियों की स्थापना के पीछे नेहरू के दो विचार (सदिच्छा) महत्त्वपूर्ण ढंग से काम कर रहे थे। प्रथम कोटि के विचार स्वयं नेहरू के शब्दों में, ‘भारतीय साहित्य के विकास के लिए कार्य करनेवाली एक राष्ट्रीय संस्था जिसका उद्येश्य होगा ऊँचे साहित्यिक मूल्य कायम करना, सभी भारतीय भाषाओं में जो साहित्यिक कार्य हो रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ाना और उसमें मेल पैदा करना और इस प्रकार से देश की एकता को सुदृढ़ करना।’ दूसरा विचार मानवीय मूल्यों से ज्यादा प्रेरित लगता है। उन्हें भारतीय लेखक की आर्थिक विपन्नता और उससे उत्पन्न मानसिक दासता की पूरी कल्पना थी। इसी कारण से उन्होंने संसद में कई लेखकों को नामित भी किया था। कांग्रेस पार्टी का सदस्य न होते हुए भी कई दार्शनिकों, बौद्धिकों और अर्थशास्त्रियों को अपने मंत्रिमंडल और राष्ट्र-रचना के दूसरे प्रमुख कार्यों में स्थान दिया। इतना ही नहीं, जवाहरलाल नेहरू अपने निजी फंड से आर्थिक दृष्टि से कमजोर या बीमार और साधनहीन कलाकारों-साहित्यकारों को नियमित मासिक सहायता-राशि भेजते थे। डा. प्रभाकर माचवे ने ऐसे लेखकों की एक विस्तृत सूची बनायी है, जिनमें काजी नजरूल इसलाम और एम. एन. राय तक शामिल हैं। कला अकादमियों की स्थापना नेहरू की लेखकीय प्रतिबद्धता को भी प्रमाणित करती है। जिस समय भारत में नया संविधान लागू होकर सन् 1952 में सार्वजनिक चुनाव होनेवाला था उन्हीं दिनों कांगेस की ओर से तैयार किये गये घोषणा-पत्र के प्रारूप में साहित्य, कला, संगीत तथा नाटक आदि सभी ललित विषयों का उन्नयन एवं विकास करने की चर्चा अत्यंत महत्त्वपूर्ण शब्दावली में की थी। चुनाव-घोषणा-पत्र का यह प्रारूप गहन विचार-विमर्श के बाद स्वीकृत हुआ और कांग्रेस इसी आधार पर चुनाव भी लड़ी। आज का कोई प्रधानमंत्री या राजनीतिक दल ऐसे सवाल को आधार बनाकर चुनाव के मैदान में आयेगा, सोचा तक नहीं जा सकता। नेहरू जैसा कोई सच्चा और प्रतिबद्ध लेखक ही ऐसा कर सकने की हिम्मत प्रदर्शित कर सकता है। जिस समय अकादमी की ओर से दस भारतीय भाषाओं की चुनी हुई दस-दस कविताओं का देवनागरी लिप्यांतर और उनका हिंदी अनुवाद भारतीय कविता 1953 नाम से प्रकाशित किया जा रहा था, नेहरू जी उसकी भूमिका तैयार करने में जी-जान से लगे हुए थे। अज्ञेय की 'प्रिजन डेज एंड अदर पोएम्स', बच्चन की 'हाउस ऑफ वाईन' तथा दिनकर की चर्चित एवं बृहदाकार पुस्तक 'संस्कृति के चार अध्याय' की भूमिका भी उन्हीं दिनों, और नेहरू ही ने तैयार की थी। ‘संस्कृति के चार अध्याय’ पुस्तक के लिए लेखक को साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान करते हुए नेहरू जी ने विनोदपूर्वक कहा, 'इसमें आधा मेरा है’। ‘पूरा आपही का है’-राष्ट्रकवि ने तुरंत उत्तर दिया और दोनों महापुरुष हंसने लगे। याद रखने की है कि 'बांगला साहित्य का इतिहास' पुस्तक भी नेहरू द्वारा ही लिखित विचारोत्तेजक भूमिका के साथ प्रकाशित हुई थी। नेहरू के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इतनी पुस्तकों की भूमिका लिखी हो, मुझे नहीं मालूम। साहित्य अकादमी का लक्ष्य सभी भारतीय भाषाओं को विकसित करना और उनमें पारस्परिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था। नेहरु की बहुत ही स्पष्ट राय थी कि हम जितना ही अधिक दूसरी भाषाओं को जानेंगे और समझेंगे, उतना ही अधिक अपनी भाषा का भी मर्म समझ सकेंगे। आज हमें मालूम है कि किसी भी भाषा का विकास दूसरी किसी भी भाषा के सहयोग से ही संभव है। एक भाषा के बढ़ने से दूसरी को भी फायदा पहुंचेगा। उनका आपसी संबंध मुकाबले का नहीं बल्कि सहयोग का होना चाहिए। दूसरे की तरक्की से खुश होना चाहिए, क्योंकि उसका नतीजा अन्ततः अपनी तरक्की होगा। नेहरू ने हमें विस्तृत हवाला देकर बताया कि यूरोप में जब नये साहित्य (अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन, इटालियन) बढ़े, तब साथ-साथ बढ़े, एक-दूसरे को दबाकर या मुकाबला करके नहीं। वे जोर देकर कहते थे कि भारत का जो भी व्यक्ति शिक्षित है या होने का दावा करता है, उसे अपनी भाषा के अलावा दूसरी भाषाओं का भी कुछ ज्ञान होना चाहिए। विभिन्न भाषाओं में लिखे गये श्रेष्ठ और सुप्रसिद्ध रचनाओं का ज्ञान तो होना ही चाहिए। नेहरू की भाषा-विकास की समझ बिल्कुल स्पष्ट थी। इसीलिए वे हिंदी के विकास को लेकर चिंतित तो होते थे, किंतु किसी दूसरी किसी भाषा की शर्त पर नहीं। यहां तक कि क्षेत्रीय अथवा प्रांतीय भाषाओं तक के स्वतंत्र अस्तित्व को वे राजी-खुशी स्वीकार करते थे। उनका यह मानना कितना वैज्ञानिक और व्यावहारिक था कि हर प्रांत के लिए वहां की बोली जानेवाली भाषा ही प्रथम प्राथमिकता है। हिंदी या हिंदुस्तानी राष्ट्रभाषा अवश्य है और होनी भी चाहिए, लेकिन वह प्रांतीय भाषा के पीछे ही आ सकती है। जहां तक बच्चों की शिक्षा का सवाल है, वे ठीक-ठीक गांधीजी की तरह, मातृभाषा में ही दिये जाने के पक्षधर थे। दूसरे प्रांतों में निवास करनेवाले बच्चों को भी वे उनकी मातृभाषा ही में शिक्षा प्रदान किये जाने के हिमायती थे। मसलन, अगर कलकत्ते में तमिल बोलनेवाले काफी लोग रहते हैं तो उनको यह अधिकार होना चाहिए कि स्कूलों में तमिल द्वारा ही पढ़ाई हो। संसद में नेहरू जी द्वारा भाषण किये जाने की परिपाटी यह थी कि वे जिस विषय पर बोलनेवाले होते, उस विषय पर अंतिम वक्ता जिस भाषा में बोलता, उसी भाषा में वे जवाब देते। कहना न होगा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने विदेश नीति पर कभी संसद में चर्चा की थी, तो उनके तर्कों का जवाब एवं खंडन नेहरू जी ने हिंदी ही में प्रस्तुत किया था। राज्यसभा में संभवतः हिंदू कोड बिल पर तारकेश्वर पांडे के तर्कों का जवाब देने के लिए भी नेहरू ने हिंदी भाषा को ही हथियार/माध्यम बनाया था। हिंदी के उत्थान की बात करनेवाली राजनीतिक पार्टियों (इसमें भारत की वामपंथी पार्टियां तक शामिल हैं) की भाषा-नीति की वर्तमान दशा से तुलना करने पर नेहरू की भूमिका एवं उनका हिंदी-प्रेम ज्यादा आसानी से समझ में आ सकता है। भारतीय राष्ट्रवाद के दौर में एक समय आया जब हिंदी एवं उर्दू शब्दों के प्रयोग में फर्क महसूस किया जाने लगा। नेहरु की दृष्टि में यह फर्क उस राष्ट्रीय जागृति का प्रतिबिंब था जो हिंदुओं एवं मुसलमानों में पैदा हो रही थी। हिंदुओं ने परिष्कृत/संस्कृतनिष्ठ हिंदी और देवनागरी लिपि पर जोर दिया और मुसलमानों ने उर्दू के बहाने अरबी-फारसी पर। आरंभ में हिंदुओं की राष्ट्रीयता का स्वरूप हिंदू राष्ट्रीयता ही था। इसलिए प्रारंभिक काल में ऐसा कुछ घटना नेहरू के लिए ‘परिस्थितिजन्य’ था। कुछ दिनों बाद मुसलमानों में भी धीरे-धीरे जागृति पैदा हुई। उनकी भी आरंभिक राष्ट्रीयता का स्वरूप मुस्लिम राष्ट्रीयता ही रहा। दुर्भाग्यवश, हिंदी हिंदुओं की एवं उर्दू मुसलमानों की भाषा के रूप में प्रचारित-प्रसारित हुई। नेहरू के लिए हिंदी-उर्दू का यह भेद भाषागत न होकर महज राजनीतिक है। उनके लिए दोनों का आधार एक है, व्याकरण भी एक है। वास्तव में दोनों का उद्गम भी एक ही है। उर्दू की लिपि को छोड़कर यदि हम केवल भाषा के लिहाज से विचार करें तो मालूम होगा कि उर्दू हिंदुस्तान के बाहर कहीं भी बोली नहीं जाती है। हां, उत्तरी भारत के बहुत-से हिंदुओं के घरों में वह अवश्य बोली जाती है। हिंदी-उर्दू के आपसी सहयोग को नेहरू जी विकास के लिए आवश्यक समझते थे। हिंदी या उर्दू में किसी भी एक की शब्द-संपदा को नष्ट करके कभी भी हम अपनी भाषा को समृद्ध नहीं कर पायेंगे। नेहरु के लिए, ‘यदि हिंदी का विकास होता है तो उर्दू का भी होता है और यदि उर्दू का होता है तो निस्संदेह हिंदी का भी।’ वे तो यहां तक चाहते थे कि हिंदी और उर्दू अपने में विदेशी भाषाओं तक के शब्दों एवं विचारों को शामिल कर ले और उन्हें अपना बना ले। ऐसे शब्दों के लिए जो आमतौर पर अंग्रेजी, फ्रेंच और अन्य विदेशी भाषाओं में बोले जाने लगे हैं, संस्कृत या फारसी के शब्द गढ़ना ठीक नहीं है। लेकिन आज नेहरू की सदिच्छाओं एवं स्वयं भाषा की प्रकृति के ठीक विपरीत हो रहा है। हम विदेशी शब्दों को तो धड़ल्ले से अपनाते चले जा रहे हैं, लेकिन हिंदी और उर्दू दोनों ही भाषाओं के बोलनेवाले लोग एक-दूसरे के शब्दों से परहेज बरत रहे हैं। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन तक से प्रसारित होनेवाले समाचार-बुलेटिनों में इसका प्रभाव लक्षित होता है। नेहरू अक्सर यात्रा रेलगाड़ी में ही करते। यात्रा के दौरान जरूरी सामानों में किताबों से भरा एक भारी-भरकम बक्सा अवश्य होता। रेलगाड़ी की यात्रा के पीछे मूल भावना यह थी कि हिंदुस्तान में एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में चार-पांच दिनों का जो एकांत और अवकाश मिलेगा, उसमें कम-से-कम किताबों को उलट-पलट सकेंगे। आज के लेखकों (इसमें जनवादी संगठनों के ‘नामवर’ लेखक तक शामिल हैं) को, जो किसी जलसे में जाने से पहले हवाई जहाज का टिकट और एक बड़ी राशि का चेक अपने नाम करवा लेते हैं, सबक लेनी चाहिए। हिंदी पत्रकारिता और नेहरू की भविष्यवाणी कभी जवाहरलाल नेहरू अपने पुराने मित्र शिवप्रसाद गुप्त से मिलने बनारस आए थे। यहाँ उन्हें स्थानीय साहित्यकारों के साथ बातचीत करने का मौका मिला। उस बातचीत में नेहरू ने 'क्लिष्ट' और 'आलंकारिक' भाषा के प्रयोग की आलोचना करते हुए कहा कि 'थोड़े-से लोगों के काम में आनेवाली दरबारी शैली अब छोड़ देनी चाहिए और हिंदी लेखकों को यह कोशिश करनी चाहिए कि वे हिंदुस्तान की आम जनता के लिए लिखें और ऐसी भाषा में लिखें जिसे लोग समझ सकें।' साथ यह भी कहा कि 'हिंदी के लेखक पश्चिमी विचारों या साहित्य का अध्ययन करें तो उससे उन्हें बड़ा लाभ होगा।' (नेहरू, आत्मकथा, सस्ता साहित्य मंडल, 1988, पृष्ठ 636) बस क्या था, हिंदी अखबारों ने नेहरू पर हमले कर दिए। नेहरू के लिए हिंदी अखबारों की यह हरकत 'आँख खोलनेवाली' थी। इस घटना से नेहरू को पता चला कि 'हिंदी के साहित्यिक और पत्रकार कितने ज्यादा तुनकमिजाज हैं', और यह भी कि 'वे अपने शुभचिंतक मित्र की सद्भावनापूर्ण आलोचना भी सुनने को तैयार नहीं हैं।' (वही, पृष्ठ 637) नेहरू अब मान बैठे थे कि 'आत्म-आलोचना की हिंदी में पूरी कमी है, और आलोचना का स्टैंडर्ड बहुत ही नीचा है।' (वही) अपनी इस समझ के आधार पर उन्होंने हिंदी अखबारों के बारे में भविष्यवाणी की थी कि 'किसी दिन देश में हिंदी अखबार एक जबरदस्त ताकत बन जाएंगे; लेकिन जबतक हिंदी के लेखक और पत्रकार पुरानी रूढ़ियों व बंधनों से अपने-आपको बाहर नहीं निकालेंगे और आम जनता के लिए लिखना न सीखेंगे तबतक उनकी अधिक उन्नति न हो सकेगी।' (वही) नेहरू, अफवाह और इतिहास हमारे महापुरुष जितना इतिहास की किताबों में हैं, अफवाहों में उससे तनिक कम नहीं हैं। नेहरू भी इन अफवाहों से अप्रभावित नहीं हैं। जब मैं छोटा था तो अक्सर लोगों के मुख से सुनता था कि नेहरू के कपड़े पेरिस से धुलकर आते थे। तब मेरा बालसुलभ ज्ञान इसका काट नहीं जानता था बल्कि एक स्थापित तथ्य की तरह इसे मानकर चलता था। नतीजतन मेरी किशोरावस्था नेहरू की आलोचना, बल्कि कहिए कि लानत-मलामत के साथ जवान हुई। कॉलेज में जब नेहरू के बारे में पढ़ा तो सही जानकारी मिली। नेहरू को स्वयं इस अफवाह की जड़ काटनी पड़ी। इस बात से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अफवाह की जड़ कितनी गहरी पैस चुकी थी। हालांकि आज भी इसकी हरियाली कुछ कम नहीं हुई है। सन 2000 के आसपास की बात है जब मैं एकलव्य एड्यूकेशनल कॉम्प्लेक्स (पब्लिक स्कूल जो इसी माह बंद हुआ) में पढ़ाया करता था। पंकज कुमार वहां अंग्रेजी विषय के शिक्षक हुआ करते थे। उनसे हमारी कई चीजों पर बात होती। हम भारतीयों की एक विचित्र गड़बड़ी है कि बात चाहे किसी भी विषय पर शुरू हुई हो, समाप्ति गांधी-नेहरू से ही होगी। मैं अक्सर नेहरू के पक्ष में बोलता और वे विपक्ष में बल्कि कई बार तो स्थिति भयानक हो जाती जब वे नेहरू के कई स्त्रियों के साथ यौन संबंध स्थापित करते हुए चरित्रहनन तक शुरू कर देते। मेरी असहमति से वे गुस्से में आ जाते और कहते, 'मैं तो नेहरू की धज्जी उड़ा दूंगा।' वे इस पूरी बातचीत में क्लेमा कैथरीन का एडविना और नेहरू उपन्यास को प्रमाण के बतौर प्रस्तुत करते। तबतक वह किताब अपठित थी। डरते-डरते मैंने वह किताब उनसे पढ़ने को ली। पढ़ा तो पाया कि एडविना और नेहरू जैसा 'प्रेम' तो उस किताब के लगभग सारे पात्र कर रहे हैं, चाहे वे गांधी, जिन्ना, सरोजिनी नायडू हों या और कोई। औपनिवेशिक दिनों में जो अंग्रेज भारत आते थे, अधिकतर की आर्थिक, सांस्कृतिक स्थिति अच्छी नहीं होती थी। वे मूलतः क्लर्क थे। हां, भारत में रहकर उनकी स्थिति अवश्य बदल जाती थी। नेहरू की हैसियत बीस पड़ती थी। पूरे शहर में अकेला उनका घर था जिसके अंदर स्विमिंग पुल था जिसमें अंग्रेज और भारतीय स्नान करने आते थे। तेजबहादुर सप्रू को पुल में उतरते डर लगता था इसलिए किनारे ही हाथ-पाँव मारते थे। इंग्लैंड में पढ़ते हुए नेहरू खर्चीले अवश्य थे, किन्तु इनके बारे में कई तरह के दुष्प्रचार थे। पैरिस से कपड़े धुलवाने की बात दुष्प्रचार ही थी। नेहरू जब कांग्रेस में काम करने लगे तो इनके पास आय का कोई स्रोत नहीं था और कांग्रेस के काम के लिए पिता से पैसे ले नहीं सकते थे। नेहरू इस बात को लेकर काफी परेशान रहे तो गांधी ने कहा कि आपको एक नियत राशि कांग्रेस से लेनी चाहिए। (बापू के पत्र कुछ पुरानी चिट्ठियां में संकलित) नेहरू समेत तब के नेताओं के साथ इस तरह के संकट भी उपस्थित होते थे, इस बात की समझ आज के नेताओं की शैली से नहीं हो सकती। जो लोग नेहरू की आर्थिक हैसियत का अंदाजा लगाना चाहते हैं, वे सी आर दास की कमाई से लगा लें। डुमराँव के जमींदार का केस लड़ने सी आर दास आए थे। उनकी फीस में डेढ़ हजार रुपये रोजाना, जूनियर वकील की फीस तथा रोज का खर्च। अर्थात होटल में ठहरना, खाना-पीना तथा अन्य व्यय। मोतीलाल नेहरू भी इस केस के सिलसिले में 1920 में आरा आये थे। यहाँ से जवाहर को लिखे मोतीलाल के कई पत्र 'कुछ पुरानी चिट्ठियां' (सस्ता साहित्य मंडल) में संकलित हैं। जब ढेला खाने से बचे नेहरू! नेहरू से जुड़ा एक किस्सा है। इसे मैं अपने गांव में बचपन में सुना करता था। देश-विभाजन के दिनों की बात है। भड़क उठे साम्प्रदायिक दंगों को रोकने के लिए नेहरू गाँव-गाँव का दौरा कर रहे थे। उन्हें हमारे गांव के निकटतम रेलवे स्टेशन नादौल भी आना था। हमारे गांव से कई लोग नेहरू को देखने गये थे। कुछ लोग नेहरू की नीतियों से खिन्न भी थे। उन्हीं में कमता सिंह नाम के एक व्यक्ति, जो तनिक जादू-टोना भी किया करते थे, गांव से ही एक ढेला लेकर गये थे। ग्रामवासियों से उन्होंने कह रखा था कि इसी ढेले से वे दूर से ही नेहरू पर प्रहार करेंगे। किंतु ऐन मौके पर उस जादूगर का ढेला हाथ से छूटकर नीचे गिर गया और नेहरू को मारने की मुराद पूरी न हो सकी। जैसा कि किस्सा है, 'नेहरू ने उन महाशय का हाथ बांध दिया था।'