फ़ारसी के खबर का बहुवचन अखबार है। (अर्जुन तिवारी, हिंदी पत्रकारिता का बृहद इतिहास, पृष्ठ 33) भारत में संचार-तंत्र का व्यवस्थित सिलसिला मध्यकाल (मुस्लिम शासकों) में मिलता है. उन दिनों ‘वाकिया नवीस’ नियुक्त किये जाने लगे थे, जो अपने इलाके की पूरी ख़बरें बादशाह तक पहुँचाया करते थे. मुहम्मद बिन तुगलक (सन 1325-51) और शेरशाह सूरी (सन 1540-45) के समय डाक व्यवस्था इतनी चुस्त हो गई थी कि राजधानी में बैठे-बैठे बादशाह को पूरी सूचनाएं मिल जाती थीं. उस समय सूचना-संचार का जो रचनाक्रम था, उसके अनुसार ‘वाकिया नवीस’ (स्थानीय स्तर का संवाददाता), ‘खुफिया नवीस’, ‘सवानह नवीस’ (जीवनी लेखक) और ‘हरकारा’ (सन्देश वाहक) नियुक्त होते थे. औरंगजेब के शासनकाल में भारत प्रवास पर आये फ्रान्सीसी बर्नियर ने अपने यात्रा वृत्तान्त में वाकिया नवीसों का वर्णन किया है. (विजयदत्त श्रीधर, भारतीय पत्रकारिता कोश, प्रथम खंड, पृष्ठ 3)
मुगलकाल में ‘फरमान’, ‘दस्तक’, ‘परवाना’, ‘मह्जार’, ‘एकाउंटपेपर’ तथा ‘बिक्रीनामा’ पत्र के विभिन्न रूप प्रचलित थे. (अर्जुन तिवारी, हिंदी पत्रकारिता का बृहद इतिहास, वाणी प्रकाशन, प्रथम संस्करण : 1997, पृष्ठ 33) डाक्टर वासुदेव सिंह ने लिखा है कि मुगलकाल में सूचनाएं ‘फरमान’ के रूप में जारी होती थीं. औरंगजेब के आदेश ‘पैगामे हिन्द’ के रूप में निकलते थे. इसे समाचारपत्र का रूप माना जा सकता है. ये हस्तलिखित होते थे और इसके लिखनेवाले ‘वाकया नवीस’ कहे जाते थे. बहादुरशाह के समय ‘सिराज-उल-अख़बार’ निकालने का पता चलता है, लेकिन इसका प्रकाशन नियमित नहीं था. (सुधा शुक्ल, महिला पत्रकारिता, प्रभात प्रकाशन, 2012, पृष्ठ 63 में उद्धृत)
ये ‘वाकया नवीस’ विभिन्न समाचारों को शासन द्वारा प्रदत्त ‘समाचार पुस्तिका’ में लिखकर विभिन्न शासकीय स्थानों पर उपलब्ध करवाते थे. मुगलकाल में यह निश्चित नियम था कि ‘वाकया नवीस’ अथवा राज्य के गुप्त समाचार लेखक सप्ताह में एक बार घटित होनेवाली घटनाओं को ‘वाकिया’ अथवा ‘गजट’ या ‘मरकरी’ (जिसमें महत्त्वपूर्ण घटनाओं का विवरण होता था) में लिखें. बादशाह की उपस्थिति में महिलाओं द्वारा रात्रि में लगभग नौ बजे पढ़कर सुनाये जाते थे ताकि यह जानकारी मिल सके कि राज्य में क्या हो रहा है. इसके अतिरिक्त गुप्तचरों को भी प्रति सप्ताह महत्त्वपूर्ण घटनाओं का विवरण भेजना होता था. मुख्यतः राजकुमारों की गतिविधियों के बारे में बादशाह आधी रात तक बैठकर इन विवरणों को सुना करता था. (डाक्टर सजीव भानावत, सांस्कृतिक चेतना और जैन पत्रकारिता, पृष्ठ 46)
सल्तनत के समय दरबार की और से अख़बार जारी होने का प्रमाण मिलता है. मुग़ल बादशाह औरंगजेब के ज़माने में महत्त्वपूर्ण फैसले, आदेश, बादशाह के दौरे और दिनचर्या आदि का विवरण अख़बार में प्रकाशित किया जाता था. सन 1660 के ऐसे अख़बार की कुछ प्रतियाँ रायल एशियाटिक सोसायटी लन्दन में सुरक्षित हैं. (विजयदत्त श्रीधर, भारतीय पत्रकारिता कोश, प्रथम खंड, पृष्ठ 7)
सन 1841 ईस्वी में दिल्ली से फारसी भाषा में ‘सिराज-उल-अख़बार’ का प्रकाशन हुआ. यह आठ पृष्ठों का साप्ताहिक पत्र था जिसका प्रकाशन अंतिम मुग़ल सम्राट बहादुरशाह के समय हुआ था और यह सरकारी गजट जैसा था. इसमें बादशाह के दैनिक कार्यक्रमों का ब्यौरा तथा देश-विदेश की ख़बरें रहती थीं. इसके स्वरूप का परिचय दिल्ली के मजिस्ट्रेट जान लारेंस की टीप से मिल जाता है : ‘‘बादशाह का समाचारपत्र सिराज-उल-अख़बार’ महल से प्रकाशित किया जाता है. इससे सम्बंधित सभी व्यक्ति शाही कर्मचारी हैं. इस पत्र की कुल 26 प्रतियाँ हर सप्ताह छपती हैं. अधिकतर प्रतियाँ बादशाह के प्रशंसकों को दी जाती हैं. कुछ प्रतियाँ महल के गार्ड, गवर्नर जनरल और लेफ्टिनेंट गवर्नर को भेजी जाती हैं. महल के जिन लोगों को इसकी प्रतियाँ दी जाती हैं उनके वेतन से एक रुपया प्रतिमाह इसका खर्च पूरा करने के लिए काटा जाता है. इस पत्र की भाषा ठेठ फारसी होती है.’’ (विजयदत्त श्रीधर, भारतीय पत्रकारिता कोश, प्रथम खंड, पृष्ठ 7)
हालाँकि बहादुरशाह की सत्ता का व्यावहारिक रूप से पतन हो चुका था, किन्तु उनके दरबार के पद उस समय भी समाप्त नहीं हुए थे. उन पदों में से एक पद ‘वाकया नवीस’ का था. मसलहउद्दीन सैयद अबुल मुगलिया दरबार के अंतिम ‘वाकया नवीस’ थे. गार्सां द तासी ने इसे दिल्ली का सबसे पुराना अख़बार बताया है. ‘सिराज-उल-अख़बार’ के अंतिम दौर की कुछ प्रतियाँ, जिनमें 1857 की प्रतियाँ भी हैं, राष्ट्रीय अभिलेखागार में सुरक्षित हैं. इस अख़बार में प्रकाशित एक समाचार, जिसका शीर्षक ‘खबर गुलशनाबाद’ है, में संकेत मिलता है कि नासिक का नाम गुलशनाबाद भी है. इस समाचार में लिखा गया है कि ईसाई पादरियों द्वारा गौ-हत्या के विरोध में शहर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. संभवतः यह देश में पहली हड़ताल रही होगी. इसी अख़बार से पता चलता है कि बादशाह अंग्रेजी समाचारपत्रों में प्रकाशित समाचारों का अनुवाद भी सुना करते थे. यदि अंग्रेजी समाचारपत्रों में बादशाह से सम्बंधित कोई असत्य समाचार होता था तो उसका खंडन ‘सिराज-उल-अख़बार’ में किया जाता था. (विजयदत्त श्रीधर, भारतीय पत्रकारिता कोश, प्रथम खंड, पृष्ठ 80) मुगलों की अंतिम डायरी ‘उर्दू अख़बार’ थी. इसमें आगामी पत्र-पत्रिकाओं का स्वरूप विद्यमान था. (राम अवतार शर्मा, हिंदी साहित्य के विकास में हिंदी पत्रकारिता का योगदान, पृष्ठ 17)
No comments:
Post a Comment