आज पत्रकारिता इतिहास-लेखन की अनिवार्य स्रोत बन चुकी है लेकिन इतिहास का एक दौर था जब विश्वस्तर पर इतिहास के स्रोत के रूप में ‘उपेक्षित’ और ‘अविश्वसनीय’ समझी जाती थी। आधुनिक बिहार के इतिहासकार विजय चन्द्र प्रसाद चौधरी ने अपनी आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड का रास्ता चुना था। वहां के इतिहासकारों और विश्वविद्यालयों के बीच इतिहास के स्रोत के रूप में पत्रकारिता के प्रति जो उपेक्षा-भाव था उसे वीसीपी चैधरी ने अपनी पुस्तक ‘इतिहास का मुक्ति संघर्ष: स्वार्थ से यथार्थ तक’ (राहुल प्रेस, पटना : 1991) में लिपिबद्ध करने की कोशिश की है। उन्होंने लिखा है, ‘जब मैं 1956 में लिटन पर लंदन विश्वविद्यालय में पीएच. डी. का शोध-प्रबंध प्रस्तुत करने के लिए शोध-सामग्री एकत्र कर रहा था तो मेरे दर्शक प्रोफेसर सी. एच. फिलिप्स ने स्पष्ट तौर पर पत्र-पत्रिकाओं की स्रोत के रूप में उपेक्षा करने की हिदायत दी। मेरे ट्यूटर डाॅ. के. ए. वालहैचेट ने बताया कि यह विश्वसनीय स्रोत के रूप में यहां के विश्वविद्यालयों में मान्यता प्राप्त नहीं कर सकी है।’
भारत में पत्रकारिता की शुरुआत औपनिवेशिक शासन से संबद्ध कही जा सकती है। ब्रिटेन में पत्रकारिता के अभ्युदय के शताब्दियों बाद भारत में पत्रकारिता शुरू हुई। श्री गंगाधर भट्टाचार्य द्वारा सन् 1816 में बंगाल गजट प्रकाशित करने के पूर्व अन्य किसी भारतीय द्वारा प्रकाशित देशी पत्र का उल्लेख नहीं मिलता। सन् 1780 से 1826 तक भारतीय प्रेस का इतिहास आंग्ल-भारतीय पत्रकारिता का इतिहास है। भारत में सबसे पहला प्रेस श्रीरामपुर में ‘बैपटिस्ट मिशनरी’ द्वारा स्थापित किया गया और पहला भारतीय पत्र एक अंग्रेज के संपादकत्व में 29 जनवरी सन् 1780 ई. में प्रकाशित हुआ तथा जेम्स आॅगस्ट हिकी द्वारा संपादित इस पत्र का नाम ‘हिकी बंगाल गजट’ था। देशी भाषा की पत्रकारिता का शुभारंभ भी सन् 1818 ई. में श्रीरामपुर के मिशनरियों द्वारा ही बंगला भाषा की मासिक पत्रिका ‘समाचार-दर्पण’ के प्रकाशन से हुआ।
भारत में प्रारंभिक समाचार पत्रों का प्रकाशन ईस्ट इंडिया कंपनी के असंतुष्ट कर्मचारियों के द्वारा किया गया। समाचार पत्रों के प्रकाशन की ओर प्रवृत्त हुए क्योंकि वे अपनी घुटन को अभिव्यक्ति देना चाहते थे। कंपनी के अधिकारी यहां न केवल व्यक्तिगत व्यापारिक गतिविधियों से धन संचय करते थे, वरन छोटे कर्मचारियों को दबाकर भी रखना चाहते थे ताकि उनकी अवांछनीय गतिविधियों पर पर्दा पड़ा रहे। अतः इन प्रारंभिक अंगरेज पत्रकारों को न केवल कंपनी के गुस्से का शिकार होना पड़ा। कंपनी ने ऐसे समाचार पत्रों को दी गई डाक रियायत वापस ले ली, ताकि उनका प्रचार-प्रसार न हो और वितरक रखने में उन्हें आर्थिक बोझ उठाना पड़े।
‘संपादक के नाम पत्र’ स्तंभ का जनक भी हिकी का ‘बंगाल गजट’ ही था। इससे ज्ञात होता है कि यह पत्र जनता की भावनाओं को अभिव्यक्ति देने का पक्षधर था। यह एक प्रजातांत्रिक सोच थी। 25 मार्च 1780 के अंक में फिलन थ्रोप्स के नाम से संपादक के नाम एक पत्र छपा था, जिसमें कोलकाता के पोर्तगीज श्मशान घाट की गंदगी के बारे में शिकायत की गई थी। हिकी की पत्रकारिता पर वारेन हेस्टिंग्स ने पहला प्रहार 14 नवंबर 1780 को यह आदेश जारी करके किया-‘‘आम सूचना दी जाती है कि एक साप्ताहिक समाचार पत्र जिसका नाम ‘बंगाल गजट’ है, जो जे. ए. हिकी द्वारा मुद्रित किया जाता है, के अंकों में निजी जिंदगी को कलंकित करनेवाले अनेक अनुचित अंश पाये गए हैं, जो शांति भंग करनेवाले हैं, अतएव इसे जी.पी.ओ. के माध्यम से प्रसारित होने की और अधिक अनुमति नहीं दी जा सकती।’’
किंतु, सारे अंग्रेजी अखबार हिकी के ‘बंगाल गजट’ नहीं थे। जवाहर लाल नेहरु ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि किसी अखबार का कोई पाठक शायद ही उन दिनों ख्याल करता होगा कि हिन्दुस्तान में करोड़ों किसान और लाखों मजदूर हैं या उनका कोई महत्त्व है। अंग्रेजों के अखबार बड़े अफसरों के कारनामों से भरे रहते। उनमें शहरों और पहाड़ों पर रहनेवाले अंग्रेजों के सामाजिक जीवन की यानी उनकी पार्टियों की, नाच-गानों और नाटकों की, लंबी-लंबी खबरें छपा करतीं। उनमें हिन्दुस्तानियों के दृष्टि-बिन्दु से हिन्दुस्तान की राजनीति की चर्चा प्रायः बिल्कुल नहीं की जाती थी, यहांतक कि कांग्रेस के अधिवेशन के समाचार भी किसी ऐसे-वैसे पन्ने के एक कोने में, और सो भी कुछ सतरों में, दिया करते। कोई खबर तभी किसी काम की समझा जाती, जब हिन्दुस्तानी, चाहे बड़ा हो या मामूली, कांग्रेस को या उसके दावों को बुरा-भला कह बैठता या नुक्ताचीनी कर बैठता। कभी-कभी किसी हड़ताल का थोड़़ा जिक्र आ जाता, और देहात को तो महत्त्व तभी दिया जाता जब वहां कोई दंगा-फसाद हो जाता।
हिन्दुस्तानी अखबार भी अंग्रेजी अखबारों की नकल करने की कोशिश करते लेकिन वे राष्ट्रीय आंदोलन को उनसे कहीं ज्यादा महत्त्व देते थे। यों तो वे हिन्दुस्तानियों को छोटी-बड़ी नौकरियां दिलवाने, उनकी तरक्की और तबादले में, और किसी जानेवाले अफसर की बिदाई में दी जानेवाली पार्टी में, जिनमें लोगों में बड़ा उत्साह होता था, दिलचस्पी लेते थे। जब कभी नया बंदोबस्त होता, तो करीब-करीब हमेशा ही लगान बगैरा बढ़ जाता था, जिससे पुकार मच जाती; क्योंकि उसका असर जमींदारों की जेब पर भी पड़ता। बेचारे किसान, जो जमीन जोतते थे, उनकी कोई बात ही नहीं पूछता था। ये अखबार जमींदारों और कल-कारखानोंदारों के होते थे। यह हालत थी उन अखबारों की जो ‘राष्ट्रीय’ कहे जाते थे।
धीरे-धीरे स्थिति बदलती है और अब अंग्रेजों के अखबारों को भी हिन्दुस्तान के राजनैतिक प्रश्नों के लिए जगह देनी पड़ती है; क्योंकि ऐसा न करें तो हिन्दुस्तानी पाठकों के टूट जाने का अन्देशा रहता है। परंतु यह बात वे अपने खास ढंग से ही करते हैं। हिन्दुस्तानी अखबारों की दृष्टि कुछ ‘विशाल’ हो गई है। वे किसानों और मजदूरों की भी बात किया करते हैं; क्योंकि एक तो आजकल यह फैशन हो गया है और दूसरे उनके पाठकों में कल-कारखानों और गांव-संबंधी बातों के जानने की तरफ दिलचस्पी बढ़ रही है। परन्तु दरअसल तो अब भी वे पहले की तरह हिन्दुस्तानी पूंजीपतियों और जमींदार वर्ग के हितों का ही ध्यान रखते हैं, जोकि उनके मालिक होते हैं। कितने ही हिन्दुस्तानी राजा-महाराजा भी अखबारों में अपना रुपया लगाने लगे हैं और वे हर तरह कोशिश करते हैं कि उन्हें अपने रुपयों का मुआवजा मिले। फिर भी इनमें से बहुत-से अखबार ‘कांग्रेसी’ कहलाते हैं, हालांकि वे जिनके नियंत्रण में हैं उनमें से बहुतेरे कांग्रेस के मेंबर भी न होंगे। जो अखबार जरा आगे बढ़े विचारों का प्रतिपादन करते हैं, उन्हें या तो बड़े-बड़े जुर्माने का, यहांतक कि प्रेस-एक्ट के जरिये दबा दिये जाने या सेंसर किये जाने का भी डर बना रहता है।
बिहार का ‘प्रथम राष्ट्रवादी साप्ताहिक’ की संज्ञा पानेवाला साप्ताहिक पाटलिपुत्र का प्रकाशन हथुआ नरेश महाराज महादेवाश्रम शाही के एक्सप्रेस प्रेस से 1914 ई. में हुआ था। आरंभ में इसके संपादक नामी बैरिस्टर एवं ख्यात पुरातत्ववेत्ता काशी प्रसाद जायसवाल थे। वे अंगरेजी राज की नजरों में ‘एक खतरनाक क्रांतिकारी’ थे। राष्ट्रवादी गतिविधियों में सम्मिलित होने एवं अंगरेजी सरकार के विरुद्ध आंदोलनकारियों से मिलकर कुचक्र करने का आरोप लगाकर उन्हें कलकत्ता हाईकोर्ट का जज बनने के अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जब वे पटना आये तब भी अंगरेजी सरकार का संदेह दूर नहीं हुआ। जब पाटलिपुत्र पूरे जोश और राष्ट्रवादी आवेश में सरकार की जड़ें खोदने के लिए कलम चला रहा था, उसके साथ एक दुर्घटना हो गई। छपरा की एक आमसभा का प्रतिनिधित्व इसके संचालक हथुआ महाराज ने किया था। उसी सभा में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हुआ कि वर्तमान घोर विपत्ति में अंगरेजी सरकार की मदद की जाय। वहां से लौटने के बाद उन्होंने उक्त पारित प्रस्ताव की सूचना पाटलिपुत्र को प्रकाशनार्थ भेजी और यह खबर भी भिजवायी कि यह संवाद छापना बेहद जरूरी है। पाटलिपुत्र क्रांतिकारी विचारों का पोषक था अतः उक्त समाचार को नहीं छापना उसकी बाध्यता थी क्योंकि वह उसके सिद्धांतों के प्रतिकूल था। लेकिन प्रेस संचालक के आदेश को नहीं मानना भी व्यावहारिक दृष्टि से उचित नहीं था। अतः सिर्फ बारह प्रतियों में, जो नरेश और लार्ड के यहां भेजे जानवाले थे, में उक्त संवाद छपा और शेष में नहीं। संपादक के पी जायसवाल को इस ‘साहस’ के लिए कीमत चुकानी पड़ी थी।
‘सारसुधानिधि’ में ‘तुम्हें क्या’ नाम के एक लेख में राधाचरण गोस्वामी ने लिखा था : ‘हम देशीय पत्र संपादक हैं, हमारा सत्य कहना बुरा लगा, हमसे खुशामद कराने के लिए प्रेस एक्ट की घुड़की दिखलायी, पर तुम्हें क्या? हम झूठ तो नहीं बोलते, तुम्हारी वृथा खुशामद तो नहीं करते।’ पत्रकारों के सामने जो समस्या थी, वह बहुत कुछ इन वाक्यों में प्रकट हो गई है। या तो झूठ बोलकर खुशामद की जाय या सच कहकर प्रेस एक्ट की चपेट में अदालत की या हवालात की हवा खायी जाय। इसलिए सरकार की आलोचना के लिए व्यंग्य और हास्य का अधिक सहारा लिया जाता था। कभी लोग सब कुछ कह जाने के बाद सरकार की थोड़ी-सी प्रशंसा कर देते थे; कभी-कभी खरी-ही-खरी सुनाते थे जिसमें लगी-लिपटी की गुंजाइश ही न होती थी। पत्रकारिता के साथ साहित्य के जुड़ाव का यही ऐतिहासिक संदर्भ है। इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझे बिना पत्रकारिता और साहित्य के अंतर्संबंधों को नहीं समझा जा सकता। वैसे भी, साहित्य और पत्रकारिता में अंतर केवल इतना है कि ‘साहित्य दीर्घकालीन पत्रकारिता है और पत्रकारिता अल्पकालीन साहित्य'. कहने की जरूरत नहीं कि आधुनिक शिक्षा, नवजागरण और पत्रकारिता आपस में सब एक-दूसरे में गुंथे हुए हैं। प्रेस और पत्रकारिता के अस्तित्त्व के बगैर आधुनिकता की कल्पना भी नहीं की जा सकती। आधुनिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार से भारत के युवकों के बीच मध्य वर्ग पैदा हुआ। इस मध्यवर्ग ने बड़े ही महत्त्वपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तन किये। यह सब प्रेस और अखबार के बगैर असंभव था क्योंकि अखबार ही जनता के वकील हो सकते हैं। अखबारों की इसी भूमिका को लक्षित करते हुए ‘बिहार बंधु’ ने बिहार के संदर्भ में लिखा था, ‘सर्वसाधारण के अभिप्रायों को जतानेवाला कोई भी वकील बिहार में नहीं है। जहां पर ऐसे वकील थे, वहां वालों की जय हुई। बिहार भाइयो, यह वकील समाचार पत्र ही है। यहां सर्वसाधारण की सम्मति से पुष्ट कोई भी पत्र नहीं है। प्रेस की दुर्बलता ही विफलता का कारण हुई, क्योंकि कोई भी आंदोलन प्रदेशव्यापी होकर समाचार पत्रों की सहायता बिना जीवित नहीं रह सकता। दूर मत जाइए। देखिए बंगालियों की चलायी हुई स्वदेशी मुवमेंट अल्पकाल में ही भारतव्यापी हो गई। किया था तो बंगालियों ने अपना फायदा सोचकर, पर समूचे भारत ने एक मन-प्राण होकर उसे क्यों चलाया ? इसका उत्तर यही है कि समाचार पत्रों ने इसकी महत्ता को भलीभांति दर्शाया।’
जाहिर है कि औपनिवेशिक काल का समाचार पत्र केवल ‘समाचार का पत्र’ नहीं अपितु वह ‘वकील’ की भूमिका में भी है। ‘वकील’ सिर्फ खबर देकर ही संतुष्ट नहीं हो सकता। उसे अपने मुवक्किल के पक्ष में व्याख्या भी करनी होगी। ‘बिहार बंधु’ ने एक समाचार प्रकाशित किया ‘भारतवर्ष में स्त्रियों की दशा’-‘‘पंडित रमाबाई इस विषय पर आजकल बम्बई में वक्तृता दे रही हैं और हाल में ‘आर्य महिला सभा’ नामक औरतों की एक सभा खुली है। इस सभा के खोलते वक्त जो उन्होंने व्याख्याान दिया उसका सारांश है-‘मरद औरत से किस बात में बड़ा है ? क्या सबब है कि मर्द लोगों ने इतनी उन्नति की और दिनरात करते जाते हैं ? क्या इसका कारण यह है कि वे स्त्रियों की अपेक्षा अधिक बलवान हैं ? मैं कहती हूं नहीं। केवल विद्या है जो पुरुषों को इस दर्जे तक पहुंचाया है। गुजरते जमाने में हम औरतों की कैसी अच्छी हालत थी और अब व्यवहार-उपद्रव पीड़ित है। बहुत दिनों तक सोये रहे अब हमें जागना और अपनी दशा सुधारनी चाहिए। सबलोगों को मालूम है कि स्त्री शिक्षा में बम्बई और मद्रास वाले बहुत बढ़े-चढ़े हैं। उत्तर पश्चिम प्रदेश और पंजाब भी इस विषय में कुछ न कुछ कर रहे हैं। और कौन सुनिश्चित इस बात को सुनकर खुश न होगा कि बंगाल की कादम्बिनी बोस और चन्द्रमुखी बोस दो लड़कियां इस साल बी.ए. की परीक्षा उत्तीर्ण हुई हैं। पर अफसोस की बात है कि अभी तक बिहार में स्त्रियों को यथोचित शिक्षा प्रदान करने के लिए कोई बन्दोबस्त नहीं करता। हम अपने बिहारी भाइयों से ऊंचे आवाज से निवेदन करते हैं कि जब तक वे अपनी बालाओं को न पढ़ायेंगे, तब तक उन्नति की उम्मीद ही करना फिजूल है। इस सबब से यह सुनकर हमको बहुत खुशी मिली कि डुमरांव ‘नीति धर्मोपदेशिनी’ सभा ने ‘बालबोधिनी पाठशाला’ नामक एक स्कूल लड़कियों को पढ़ाने के लिए खोली है। हमारी समझ में बिहार, क्या मानी, भारतवर्ष के हर शहर में इस तौर का एक स्कूल होना चाहिए।’’
सोवियत संघ के विघटन के साथ शुरू हुई वैश्वीकरण एवं उदारीकरण की प्रक्रिया ने विचार और इतिहास के अंत की घोषणा कर दी है। कहा जा रहा है कि अब विचार नहीं खबर अथवा सूचना की जरूरत है। यह दरअसल खबरों के साथ लिपटे विचार को मार डालने की कवायद है। कई कवियों ने, जिनका अखबार और ‘खबरों की दुनिया’ को नजदीक और अंदर से देखा है, इस मर्म को पकड़ा है। कवि कुमार मुकुल ने अपनी कविता-पुस्तक ‘ग्यारह सितंबर और अन्य कविताएं’ में ठीक बयान किया है कि ‘खबरों को पाकर/खबरनवीस सन्तुष्ट होता है/उन्हें दबाकर संपादक’।
दरअसल, ये ‘खबर’ महज खबर नहीं बल्कि मुकम्मल विचार हैं। इंदिरा जब 9-10 साल की बच्ची थी तभी जवाहर लाल नेहरु ने पत्रों के माध्यम से उसे समझाया था, बताया था कि कैसे नदी किनारे बिखरे गोल लाल-काले पत्थर पहाड़ का अभिन्न हिस्सा हैं अथवा स्वयं पहाड़ हैं। पहाड़ के टूटने, नदी के जल प्रवाह तथा अपरदन के अन्य अनेक कारणों को जाने समझे बगैर नदी किनारे मिले गोल पत्थर को पूरी तरह से समझने का दावा नहीं किया जा सकता। वैसे ये पत्थर अपनी विकास यात्रा की पूरी कहानी अपने साथ लिए चलते हैं, लेकिन जिसे इस कहानी में रुचि नहीं है या जिसमें अव्यक्त को पकड़ने की क्षमता नहीं है, नदी किनारे पड़े उस निठल्ले और बेजान पत्थर को उसके समूचे इतिहास से काट कर देखेगा। इस संदर्भ में मदन कश्यप की कविता की याद आ रही है जिसमें वे कहते हैं कि स्त्रियों ने चूल्हे की आग को राख की परतों में जिन्दा रखा है। चूल्हे में आग अथवा राख का होना अगर खबर है तो आग को बचाए रखने की जद्दोजहद सम्पूर्ण स्त्री जाति का इतिहास है, साथ ही आग और राख का इतिहास भी। खबर का बनना न बनना कई बार महज संयोग है। इस प्रसंग में आलोकधन्वा की कविता ‘भागी हुई लड़कियां’ भी कुछ बात जोड़ती है। कवि हमें सावधान करता है कि सिर्फ एक लड़की के भागने की बात स्वीकार मत कर लेना क्योंकि और भी लड़कियां हैं जो अपनी डायरी, अपने रतजगे और अपने सपने में भागी हैं। उनकी आबादी कई गुना ज्यादा है लेकिन जो अखबार के किसी कोने में दर्ज नहीं है।
अक्सर अखबारों में खबर छपा करती है कि आज दो सौ यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। निस्संदेह इसमें कुछ वैसे यात्री भी होते हैं जो टिकट जाँचकर्ता को पैसे दे दिलाकर ‘खबर का हिस्सा’ बनने से बच जाते हैं। क्या कभी अखबार में यह खबर छपी कि कुछ बिना टिकट यात्रा करते यात्री महज इसलिए बच गये कि जांचकर्ता ने उससे घूस की रकम खायी थी। ऐसी घटनाएं रोज ही घटती हैं पर दर्ज होने से हमेशा रह जाती हैं। कभी कभी तो दूरदर्शन के चैनलों पर घटना की लाइव प्रस्तुति तक दिखाई जाती है। कई बार प्रस्तुति के क्रम में दुर्घटना तक घट जाती है। दूसरे दिन अखबार में निकलता है कि गहरे तालाब में डूबकर बच्चे की मौत हो गयी। सवाल है कि बच्चा डूबा या कि डूबने दिया गया या कहें कि डूबा दिया गया। खबर तो यह होनी चाहिए थी।