Showing posts with label दलित. Show all posts
Showing posts with label दलित. Show all posts

Monday, July 30, 2012

हिंदी प्रदेश में न तो फुले, अंबेदकर, पेरियार जैसे दलित चिंतक हुए न राजाराम मोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर एवं दयानंद सरस्वती जैसे समाज सुधारक। इनकी भूमिका निबाही भारतेन्दु, निराला और प्रेमचंद जैसे लेखकों ने। लेकिन इतिहास की विडंबना कहिए कि ये लेखक अपने समय में यथास्थितिवादियों से प्रताड़ित हुए तो आज ‘दलितवादी’ और ‘नारीवादी’ विमर्शकारों से। कुछ विरोधी तो इतने आक्रामक हैं कि किताबें तक जला रहे हैं। फिलहाल इनकी बात छोड़ें, क्योंकि इनका उद्देश्य विरासत और परंपरा का मूल्यांकन नहीं है। उनकी भाषा विमर्श की नहीं, फासीवाद की है।

कुछ दूसरे इसलिए नाराज हैं कि ‘अंबेदकर और गांधी के राजनीतिक विवाद में प्रेमचंद गांधी के साथ थे। वे अंबेदकर के कहीं भी प्रशंसक नहीं हैं। वे दलित समस्या को गांधी की ही दृष्टि से देखते हैं। और जब डा. अंबेदकर और गांधी के बीच पूना-समझौता होता है, तो वे गांधी के साथ खड़े होते हैं, अंबेदकर के साथ नहीं।’ (कंवल भारती, ‘प्रेमचंद और आज की दलित चेतना’, साक्ष्य, मार्च 2007, पृष्ठ 194-202)

दलित लेखिका डा. कुसुम मेघवाल की बात मानें तो, ‘प्रेमचंद अछूत समस्या को आर्थिक शोषण से संबद्ध करके देखते हैं।’ कंवल भारती की यात्रा इससे आगे की है। वे लिखते हैं, ‘प्रेमचंद अछूतों की समस्या को आर्थिक मानकर जाति के सामाजिक यथार्थ की उपेक्षा करते हैं, जो भारतीय समाज की मूल समस्या है।’ प्रेमचंद ने उसी भारतीय समाज के दैनिक जीवन में देखा था कि बात जब अर्थ की आती है तब जाति दबे पांव भागती होती है। सूदखोरी पर विचार करते प्रेमचंद लिखते हैं, ‘हमारी समझ में नहीं आता। हम किस मुंह से दावा कर सकते हैं कि हम पवित्र और अमुक अपवित्र है। किसी ब्राह्मण महाजन के पास उसी का भाई ब्राह्मण आसामी कर्ज मांगने जाता है, ब्राह्मण महाजन एक पाई भी नहीं देता, उस पर उसका विश्वास नहीं है। वह जानता है, इसे रुपये देकर वसूल करना मुश्किल हो जाएगा। उसी ब्राह्मण महाजन के पास एक अछूत आसामी जाता है और बिना किसी लिखा-पढ़ी के रुपये ले आता है। ब्राह्मण को उस पर विश्वास है। वह जानता है, वह बेईमानी नहीं करेगा।’ कंवल भारती, प्रेमचंद की इस दृष्टि को भी ‘गांधी की दृष्टि’ कहेंगे!

कंवल भारती हमें गांधी और अंबेदकर का भेद बताते हैं। ‘डा. अंबेदकर वर्णव्यवस्था के समूल नाश पर जोर देते थे, जबकि गांधीजी केवल छुआछूत-निवारण के पक्ष में थे।’ यह सही है कि अम्बेदकर ने जिस चीज को समझने के लिए अधिक श्रम और समय दिया है, वह है भारत की जाति व्यवस्था और वर्ण व्यवस्था। इस क्रम में उन्होंने कुछ अत्यंत ‘मौलिक’ बातें भी ढूंढ़ निकालीं। उनका मानना है कि ‘जाति का आधारभूत सिद्धांत वर्ण के आधारभूत सिद्धांत से मूल रूप में भिन्न है, बल्कि मूल रूप से परस्पर विरोधी है। पहला सिद्धांत गुण पर आधारित है। यह सारी गड़बड़ी जाति व्यवस्था की है वर्ण व्यवस्था की नहीं।’ शायद इसीलिए अम्बेदकर ‘आदर्श वर्ण व्यवस्था’ को स्थापित करने की बात करते हैं। ‘उसके उद्येश्य से वर्ण व्यवस्था की स्थापना के लिए पहले जाति व्यवस्था को समाप्त करना होगा।’ (अम्बेदकर वाङ्मय, खंड 1, पृष्ठ 81)। यहां इस बात का भी उल्लेख करते चलें कि ‘वर्णव्यवस्था का समूल विनाश’ करनेवाले अंबेदकर अपनी पुस्तक ‘शूद्र कौन थे’ में शूद्र को क्षत्रिय साबित करते नहीं थकते। प्रेमचंद अगर इस अंबेदकर के साथ खड़े नहीं हैं तो चौंकानेवाली बात नहीं है।

और इन सब के पीछे आधारभूत तर्क यह है कि प्रेमचंद का लेखन स्वानुभूति का नहीं, अपितु सहानुभूति का है, अतः उनका लेखन दलितों के बारे में ‘प्रामाणिक’ लेखन नहीं हो सकता। और प्रेमचंद की कहानियों, उपन्यासों से ढूंढ़-ढूंढ़कर उदाहरण के बतौर पेश किये जा रहे हैं। हालांकि स्वानुभूति का तर्क भी एक मिथ ही गढ़ता है। भोगा हुआ यथार्थ के नाम पर हम कई बार यथार्थ ही बदल डालते हैं, विकृत कर पेश करते हैं। संभव है कि इसकी कोई राजनीति हो। यह भी संभव है कि कोई राजनीति न हो। बिल्कुल हाल के एक सर्वेक्षण से यह बात उभरकर आई है कि ‘पत्नियां अपने पति द्वारा पीटे जाने को तनिक बुरा नहीं मानती हैं।’ क्या नारीवादी विमर्शकार इस यथार्थ को स्वीकारेंगे ? अगर यह उन पत्नियों का ‘स्वानुभूति’ या ‘भोगा हुआ यथार्थ’ है तो भी मेरी सदिच्छा है कि वह ‘प्रामाणिक’ न हो!

रत्नकुमार सांभरिया कहते हैं कि ‘इसकी (स्वानुभूति की) लैंगिक सीमाएं भी होती हैं। एक ही जाति के स्त्री-पुरुष की स्वानुभूतियां समान नहीं होती हैं। दलित स्त्री के प्रसव के समय की लेबर रूम की स्वानुभूति दलित पुरुष की स्वानुभूति कतई नहीं हो सकती। उस महिला की वह स्वानुभूति किसी भी धर्म, जाति या वर्ग की उस महिला की स्वानुभूति के अनुरूप होगी, जो लेबर रूम से गुजरती है।’ (‘मैं दलित साहित्य का विरोधी हूं’, हंस, अगस्त 2004)    

किंतु राजेंद्र यादव कहेंगे, ...‘एक दलित जब बोलता है, तब उसका पूरा समाज बोल रहा होता है। ...उसकी पीड़ा, उसके जीवन की व्यथा-कथा उसके पूरे समाज की पीड़ा और व्यथा-कथा हुआ करती है।’ स्वामी अछूतानंद ने 1920 के आसपास लिखा था, ‘तुम अपनी खातिर स्वतंत्रता को, समझ रहे हो अवश्य लाजिम; मगर करोड़ो ही आदि हिंदू गुलामी में क्योंकर जड़े रहेंगे।’ 1914 के आसपास हीरा डोम की ‘सरस्वती’ में एक कविता छपी थी। हीरा डोम की स्वानुभूति है-‘हाय राम! धरम न छोड़त बनत बाजे,/बेधरम हो के कैसे मुंहवा देखइबि।’ और एक स्वानुभूति अंबेदकर की है जो ‘धर्मांतरण की धमकी’ दे रही है! प्रेमचंद से विमर्शकार नाराज हो सकते हैं क्योंकि संभव है, वे हीरा डोम और अंबेदकर की 'स्वानुभूति' के बीच फर्क में ‘वर्गीय भूमिका’ की तलाश करें।

Wednesday, March 31, 2010

मध्यवर्गीय है दलित की अवधारणा

मैंने पाया है कि गांव में भिन्न जाति के लोगों के लिए बोली-बाजी के मुहावरे और शब्दावलियां अलग-अलग हैं। अगर हलवाहे मुसहर जाति से होते और उनको बैल दिक (परेशान) करते तो सहज ही कहते ‘चमरे हीं दे अएबउ’ अर्थात् चमार को दे आएंगे। यहां यह भाव होता कि सामाजिक स्तरीकरण में मुसहर अपने को चमार जाति से श्रेष्ठ समझ रहा है। हलवाहा अगर चमार होता, तो कहता ‘कसइबे हीं दे अएबउ।’ कसाई यानी इस्लाम। यहां यह गौरतलब है कि हिन्दू धर्म में चमार को अपने से हीन कोई न दिखता. जाहिर है, इसमें इस्लाम के प्रति घृणा भी समाविष्ट होती। और बात है कि अलग-अलग जातियों के लोगों को संबोधित करने के लिए अलग-अलग तरह की शब्दावली व्यवहृत होती है। गांव की पाठशाला, जहां पर ब्राह्मण शिक्षक-‘पंडितजी’, ठाकुर शिक्षक ‘बाबू साहब’ और अन्य जातियों के शिक्षक ‘मुंशीजी’ कहकर संबोधित होते हैं तथा उनके लिए अभिवादन भी अलग-अलग हैं। जैसे पंडित जी के लिए-‘‘पंडत जी पांय लागी’’, बाबू साहब के लिए-‘‘बाबू साहब जयशंकर’’ तथा मुंशी जी के लिए-‘‘मुंशी जी नमस्ते’’। (मनोज कमार मार्तंड, ‘अस्तित्व’ , हंस , अगस्त, 2004, पृष्ठ, 23)।

‘श्राद्ध का भोज’ कविता में पंकज कुमार चौधरी ने गांव के श्राद्ध-भोज की एक सच्ची तस्वीर खींची है। गांवों में, जैसाकि ऐसे मौकों पर हमेशा ही होता है, सवर्णों एवं अवर्णों की अलग-अलग पांत बैठती है। गांव के सवर्ण अरबिन्द के लिए ‘अरबिन्द बाबू’ और ‘राजा भाई जी’ जैसे संबोधनों का प्रयोग है। अवर्ण पात्रों के नाम अकलूआ, चट्टूआ, बिसेसरा आदि हैं। जाति एवं सामाजिक व्यवस्था से हमारी भाषा कैसे प्रभावित होती है, कवि ने इसका खास ध्यान रखा है। कैसे एक ही व्यक्ति, जो खाद्य-सामग्री परोसनेवाला है, अरबिन्द बाबू से पूछते हुए ‘सब्जी’ शब्द का प्रयोग करता है जबकि अकलूआ, चट्टूआ, बिसेसरा से पूछते हुए ‘तरकारी’ शब्द से ही काम चलाता है। जो व्यक्ति भाषा की गहरी समझ और संवेदना रखता है, वह इन चीजों पर गौर करेगा। प्रसंगवश, मुझे निराला की कृति ‘बिल्लेसुर बकरिहा ' की याद आ रही है। बिल्लेसुर, जैसाकि आप सब जानते हैं, विल्लेश्वर है, लेकिन बकरी चरानेवाला (बकरिहा) होने की वजह से लोगों की जुबान पर यह नाम चढ़ नहीं पाता। उपर्युक्त बातों के सहारे मैं अपनी इस बात को प्रस्थापित करने की कोशिश कर रहा हूं कि गांवों में ‘दलित समुदाय’ जैसी किसी चीज की अवधारणा का सर्वथा अभाव देखा जाता रहा है। वहां जातियां ही प्रधान हैं। और बड़ा विभाजन अगर करना चाहें तो वह सवर्ण और अवर्ण (बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड) का है।

कई साल हुए सावित्री बाई के स्कूल की 13 साल की लड़की मुक्ताबाई ने जो निबंध लिखा था उसकी भी मुख्य अंतर्वस्तु जाति-व्यवस्था का अंतर्विरोध है। वह लड़की स्वयं मांग जाति से थी। उसका मानना है कि मुख्य अंतर्विरोध जाति व्यवस्थ का है। दलितों के अंदर भी महार और मांग में फर्क है। मांग जाति को महार की तुलना में निम्न सामाजिक हैसियत प्राप्त है। उस निबंध में दलितों के भीतर ब्राह्मणवादी सोच के अस्तित्व को दिखाते हुए लिखा कि महार भी अपने से नीचेवाले को दबाते हैं और निष्कर्षतः कहा कि इस व्यवस्था (जाति की) में सभी एक दूसरे को दबा रहे हैं। इसलिए इस बात को मान लेने का कोई आधार नहीं बनता कि दलित अपने आप में सामाजिक-सांस्कृतिक एवं आर्थिक रूप से शोषितों की एक मुकम्मल इकाई है।

ग्रामीण समाज के उलट शहरों-महानगरों में जातियों का एक तरह से लोप हुआ है। यहां समुदाय की अवधारणा जोर पकड़ रही है। पिछड़ी जातियां, दलित आदि। कहना होगा कि ये जातियों के नहीं समुदाय के नाम हैं। ‘दलित टर्म’ तो एक ‘अम्ब्रेला टर्म’ है। (सुधीश पचौरी, ‘अमरीका में ब्लैक्स को आरक्षण है’, हंस , अगस्त, 2004)। समुदाय इस लोकतांत्रिक व्यवस्था में जाति के मुकाबले एक बड़ी राजनीतिक ताकत है। दलित समुदाय का जो मध्यवर्ग है, वह शहरों-महानगरों में केन्द्रित है। मध्यवर्ग को अपने दैनिक जीवन में रोज ही अपनी संगठित शक्ति का परिचय देकर अपना प्रभुत्व साबित करना होता है। इस प्रभुत्व के जरिए वे एक तरह का शक्ति-संतुलन स्थापित करते हैं। इस आधार पर वे अपनी सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा करते हैं। आप कह ले सकते हैं कि पिछड़ी जाति एवं दलित का जो मध्यवर्ग है, वह अपने समुदाय की एकता को दिखाने की ‘राजनीति’ करते हैं। ‘दलित लेखन की राजनीति के इस चरण की सोची-समझी राजनीति जान पड़ती है। यह राजनीति एक नवोदित मध्यवर्ग द्वारा सामाजिक प्रतिष्ठा में अपने हिस्से की मांग और आभिजात्य के अर्जन से जुड़ी है...।’ (डा. अर्चना वर्मा, 'दलित लेखन सिर्फ एक वर्गीकरण है', हंस , अगस्त, 2004)। यह वर्ग अपने समुदाय के लोगों के बीच यह ‘मिथ्या चेतना’ पैदा करने, अथवा गढ़ने की कोशिश करता है कि उस जातीय समुदाय के सारे लोगों के सामाजिक-सांस्कृतिक स्वार्थ एक-से हैं। आर्थिक हितों की शायद ही यह दलित मध्यवर्ग चर्चा करता है क्योंकि ऐसा करने पर उनकी आपसी ‘नैसर्गिक एकता’ की कलई खुल सकती है!

दलितों के बीच मध्यवर्ग के निर्माण की प्रक्रिया अम्बेदकर के जमाने में ही शुरू हो चुकी थी. लेकिन कहना होगा कि एक राजनीतिक ताकत के रूप में उसका बहुत ही सीमित उपयोग संभव था। इसी बात को दलित चिंतक चन्द्रभान प्रसाद दूसरे शब्दों में कुछ इस तरह कहते हैं-‘दलितों में आज मध्यवर्ग का उदय हो रहा है, अपने शैशव अवस्था में है। आज का यही दलित शिशु यदि डॉ. अम्बेडकर के समय में उदित हो चुका होता, तो तस्वीर निर्णायक रूप से भिन्न हो चुकी होती, अपने जीवन काल में ही वे वह लड़ाई जीत चुके होते, जिसे हम उनका सपना मानते हैं।’ ('बौद्धिकता के अंकुर अभिजात वर्ग से', हंस , अगस्त, 2004)। उस जमाने में मध्यवर्ग हिदुओं एवं मुसलमानों के बीच ही उभर सका था। हिन्दू-मुस्लिम मध्यवर्ग का अंतर्विरोध ही प्रमुख था। शायद इसीलिए अंग्रेजी साम्राज्यवाद ने इन्हीं दोनों के बीच के अंतर्विरोध एवं आपसी तनाव को गहरा करने की कोशिश की। हालांकि वे इस बात से नावाकिफ नहीं थे कि भारतीय समाज की एकता को तोड़ने के लिए दलित मध्यवर्ग का इस्तेमाल भी संभव है। बल्कि यहां यह जोड़ देना मुनासिब लगता है कि साम्राज्यवादी ताकतें इस दिशा में पहल ले चुकी थीं। ‘पहली आम जनगणना 1881 में जातियों और प्रजातियों की सूची बनी। 1891 में उच्च और निम्न जाति के रूप में वर्गीकरण हुए। 1901 में उच्च जाति हिन्दुओं ने जाति उल्लेख का तीव्र विरोध किया। 1911 की जनगणना में उन जातियों और उन कबीलों की अलग-अलग गणना की, जो ब्राह्मणों की श्रेष्ठता और, वेदों की सत्ता को नहीं मानते, बड़े-बड़े हिंदू देवी-देवताओं और गाय की पूजा नहीं करते, जो गोमांस खाते हैं।’(श्यौराजसिंह बेचैन, 'सत्ता-विमर्श और दलित', हंस , अगस्त, 2004)। इसके साथ ही वे सामाजिक व्यवस्था में छोटी-बड़ी जातियों का अपने हिसाब से श्रेणीक्रम निर्धारित करने की ‘राजनीति’ भी करते। कहते चलें कि इस साजिश में उनकी न्याय-व्यवस्था भी शामिल थी। और तो और वे ठीक मुसलमानों की तरह दलितों के लिए पृथक निर्वाचन क्षेत्र की भी व्यवस्था कर चुकनेवाले थे। ये सब करने के पीछे उनकी एक सोची-समझी राजनीति थी-‘फूट डालो और शासन करो।’ क्या यह तथ्य भी मतलब से खाली है कि अंग्रेजी साम्राज्यवाद के दिनों में सबसे अधिक संख्या में किताबें भारत की जाति व्यवस्था पर ही लिखी गईं ?

आज के दलित चिंतक यह कहते हुए कि ‘अंग्रेज देर से आए और जल्दी चले गए’, कोई नई बात नहीं कर रहे होते। यह कोई चौंकानेवाली बात भी नहीं है। दरअसल भारत का जो उच्च मध्यवर्ग रहा है, चाहे वह हिदू, मुस्लिम या दलित ही क्यों न रहा हो, अंग्रेजी राज के बने रहने में ही अपना उद्धार देखा है। हिन्दू मध्यवर्ग 1857 की क्रांति से अपने को अगर विलग रखता है तो शायद इसीलिए कि अंग्रेजी राज में ही अपना भविष्य तलाश रहा था . यह और कोई नहीं अंग्रेजी पढ़ा उच्च मध्यवर्ग था। (पवन के वर्मा, बिकमिंग इंडियन ,) उनका स्पष्ट मानना था कि भारत का आधुनिकीकरण अंग्रेजों के बगैर संभव नहीं हो सकता। इतना ही नहीं, वे आधुनिकता के इस जोश में पश्चिम की हर अच्छी-बुरी चीज को अपना रहे थे और उसी प्रक्रिया में भारत की हर अच्छी-बुरी चीज का विरोध भी कर रहे थे। कुछ लोग तिलक के यहां जो स्वदेशी और भारतीयता पर कभी-कभी ‘अनावश्यक’ जोर देखते हैं, उसकी वजह शायद यही है कि वे भारतीय राजनीति में निम्न मध्यवर्ग के प्रतिनिधि नेता थे जो कहीं न कहीं उच्च मध्यवर्ग की जो पश्चिमपरस्ती (या कि राजभक्ति ?) थी, उसकी एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया भी थी। मुस्लिम मध्यवर्ग इस भूमिका में बाद में आए क्योंकि उनके बीच मध्यवर्ग का निर्माण हिन्दुओं की तुलना में अपेक्षाकृत विलंब से हुआ। वहां भी जिन्ना और अबुल कलाम आजाद की धारा है। जिन्ना शायद इतने आधुनिक या कि पश्चिमपरस्त हैं कि लगभग ‘अभारतीय’ हैं। गांधी ने नेहरु और जिन्ना में फर्क बताते हुए कहा था कि दोनों ही बड़े राजनेता हैं लेकिन नेहरु साथ ही एक बड़े देशभक्त भी हैं। दलित मध्यवर्ग और भी देर से पैदा हुआ। बल्कि कहना चाहिए कि दलितों के बीच मध्यवर्ग का व्यापक उभार केवल अभी ही देखने में आया है।

मुस्लिम मध्यवर्ग की ताकत का उपयोग भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन की एकता को कमजोर करने हेतु अंग्रेजी साम्राज्यवाद ने किया तो दलित मध्यवर्ग के वर्तमान उभार को अमरीकी नव उपनिवेशवाद ने वर्ग संघर्ष की अवधारणा को कमजोर करने के लिए किया। आज विमर्श की जो आंधी चली है-यथा दलित विमर्श, नारी विमर्श, पर्यावरण विमर्श या फिर उत्तर आधुनिकता का विमर्श ही क्यों न हो-सभी वर्गीय चेतना को कमजोर बनाने के वैश्विक हथकंडों को अमरीकी फंडिंग जारी है। अकारण नहीं है कि दलित बुद्धिजीवियों को चुन-चुनकर फोर्ड फाउंडेशन के फेलोशिप प्रदान किये जा रहे हैं। इन सबमें कहीं न कहीं एक अंतःसूत्रता है जिसकी गहरे में जाकर खोज की जानी चाहिए।