Showing posts with label कला. Show all posts
Showing posts with label कला. Show all posts

Monday, March 15, 2010

ऐसी खुशफहमी भी ठीक नहीं है, जोशी जी...!



जनसत्ता (6 दिसंबर, 2009) में प्रकाशित मेरे लेख ‘कला-आलोचना की भाषा’ (http://matmatantar.blogspot.com/2010/01/blog-post_08.html) पर दो बिल्कुल ही भिन्न तरह की प्रतिक्रिया दो भिन्न रूपों में आईं। पहली अलिखित, लेकिन दूसरी लिखित।

मैं अपना छपा लेख देख-पढ़ भी न पाया था (पटने में अखबार शाम में उपलब्ध हो पाता है) कि रामसुजान अमर जी (दिल्ली) का फोन आया कि ‘आपके लेख से जनसत्ता पढ़ना शुरू कर रहा हूं। लेख अच्छा है। आपकी चिंता में मेरी चिंता भी शामिल है।’(स्थानीय मित्र डॉ अशोक कुमार की भी ठीक यही प्रतिक्रिया थी)। रामसुजान जी ने फोन ही पर लगभग आध घंटे से भी ज्यादा समय तक एक तरह से चित्रकला आलोचना के इतिहास के बारे में बताया। इस विषय पर उनकी हालांकि तात्कालिक प्रतिक्रिया ही थी, लेकिन जानकारी इतनी समृद्ध कि लेख लिख कर भी मैं अपने को बौना महसूस कर रहा था।

दूसरी प्रतिक्रिया ज्योतिष जोशी जी की जनसत्ता (10 जनवरी, 2010) ही में प्रकाशित लेख की शक्ल में है। इस प्रतिक्रिया को पढ़ने पर मुझे लगा कि जोशी जी को कला आलोचना की ‘भाषा’ गढ़ने की चिंता कम, दूसरी चीजों की ज्यादा है। उन्हें अगर मेरा विश्लेषण ‘सतही’ लगा है, तो इसके ‘वाजिब’ कारण हैं। पहला तो यही कि मैंने ‘एक-दो’ समीक्षकों का ही नामोल्लेख किया है, वह भी ‘कोप के बहाने।’

यह सच है कि जोशी जी को मैं एक कला-समीक्षक के बतौर पढ़ता रहा हूं। अलबत्ता नामोल्लेख में मुझसे ‘भूल’ हो गई। हालांकि जोशी जी को ‘राहत’ की सांस लेनी चाहिए थी, क्योंकि वे मेरे ‘कोप’ का ‘शिकार’ होने से बच गए। ‘अखबार में नाम’ ही महत्त्वपूर्ण है, मुझे अगर पहले से इसकी थोड़ी भी ‘समझदारी’ या ‘दुनियादारी’ होती तो, सच कहता हूं, आपका ‘कोपभाजन’ बनना मैं कभी स्वीकार नहीं करता।

जोशी जी को लगा कि मैंने ‘पुष्ट परंपरा/विराट परंपरा’ की चर्चा नहीं की। चर्चा तो स्वयं जोशी जी भी नहीं कर पाए। मुझे अपनी ‘अक्षमता’ का अहसास पहले से था, जोशी जी को अब जाकर होगा। श्रीमान जोशी की राय में, ‘कलाओं में चित्रकला के सृजन की परंपरा उतनी ही पुरानी है, जितनी कला चिंतन की परंपरा। यह परंपरा संस्कृत से प्रायः सभी भारतीय भाषाओं में गई...।’ और यह परंपरा निःसृत होती है ‘वेद’ से। हालांकि जोशी जी की यह कोई मौलिक स्थापना नहीं है। बुद्धिजीवियों का बाजाब्ता एक ‘गिरोह’ ही है जो कला तो क्या ‘सापेक्षतावाद’ एवं ‘विकासवाद’ तक को वेद ही में ढूंढ़ लेता है। (देखें, मीरा नंदा, ‘पोस्ट मॉडर्निज्म, हिन्दू नेशनलिज्म एंड वेदिक सायंस’, फ्रंटलाइन, 15 जनवरी, 2004, पृष्ठ-78।) कहूं कि जोशी जी ‘विराट परंपरा’ की बात तो करते हैं, लेकिन चीजों पर विचार करते समय उनकी ‘विराटता’ के दर्शन नहीं होते। वेद की ‘लक्ष्मण-रेखा’ पार नहीं कर पाते। इसमें बहुत हद तक उनका दोष नहीं है, दोष उस विचार-धारा का है, जिसके अनुयायी परंपरा जैसी गंभीर चीजों पर इतने ‘एकांगी’ और ‘पारंपरिक’ ढंग से विचार करते हैं कि ‘परंपरावादी’ होने की बू आने लगती है।

मेरे लिए तो चित्रकला की ‘विराट परंपरा’ प्रागैतिहासिक काल से शुरू होती है। आदिमानव के अस्तित्त्व के साथ चित्रकला भी जुड़ी हुई है। बल्कि आदिमानव को ‘मानव’ बनाने में कहीं न कहीं इस कला की सार्थक भूमिका की मैं तलाश करता हूं। ये और बात है कि आदिमानव का जो ‘कला-विमर्श’ रहा होगा, उसके प्रतिमान, ‘सौंदर्यशास्त्रीय’ की अपेक्षा ‘उपयोगितावादी’ मूल्यों से अधिक प्रेरित/प्रभावित रहे होंगे।

जोशी जी परंपरा की धार में बहते अतिशयोक्तिपूर्ण वक्तव्य देते चलते हैं। उन्हें इस बात का इलहाम है कि ‘साहित्यकारों द्वारा कला-आलोचना के क्षेत्र में काम करने की परंपरा हिंदी ही नहीं, दुनिया की हर भाषा में मिलती है।’ लेकिन ‘महावीर प्रसाद द्विवेदी से लेकर अशोक वाजपेयी’ तक के ‘अनेक कलाविद’ के जो नाम गिनाए गए हैं, वे ‘किसी भी एक भाषा को आसानी से मयस्सर नहीं होते, जो हिंदी को हुए।’ कोई पाठक जोशी जी से पूछ ले सकता है कि ‘अभिव्यंजनावाद से लेकर प्रभाववाद’ तक जो कला-आंदोलन हुए हैं, वे भी आखिर किसी न किसी भाषा ही में हुए हैं, तो उनके अपने महावीर प्रसाद द्विवेदी या अशोक वाजपेयी नहीं रहे होंगे क्या? जोशी जी को यह स्पष्ट तरीके से मालूम है कि ‘ये आंदोलन वायवीय नहीं थे।’ वैसे, मेरे जानते कोई भी आंदोलन वायवीय नहीं होता।

जोशी जी अपने ही ‘यक्ष-प्रश्न’ से परेशान हैं कि ‘जब भाषा साहित्यकार को ही आती है (जोर हमारा) तो आलोचना लिखेगा कौन?’ इस कथन के पूर्वार्ध पर अगर विश्वास कर लिया जाए तो क्या चित्रकला या नाटक की भाषा के लिए कोई भी संभावना बची रहती है? शायद नहीं, क्योंकि श्रीमान जोशी शब्द-रूप के बगैर भाषा की कल्पना ही नहीं कर पाते। वे धन्य हैं जो प्रकृति की ‘मौन की भाषा’ भी समझ लेते हैं। बल्कि मैं तो बचपन से पढ़ता आ रहा हूं कि भाषा मनुष्य मात्र की पहचान या उपलब्धि है। जो सचमुच में साहित्यकार हैं, वे भाषा तांगे वाले या हल चलाने वाले से भी सीखते हैं। एक बच्चे से भी सीखनी होती है भाषा।

जाहिर है, जोशी जी अगर ‘साहित्यकार’ हैं तो भाषा पर उनका ‘एकाधिकार’ है। हालांकि उदारीकरण एवं वैश्वीकरण के दौर में ऐसी खुशफहमी कुछ ठीक नहीं है,जोशी जी!

Friday, January 8, 2010

कहां है चित्रकला आलोचना की भाषा...?



इन दिनों कला आलोचना की भाषा मेरी चिंता में शामिल रही है। कई बार तो ऐसा लगता है, और जो शायद बिल्कुल सही भी है कि इतने सारे कला आन्दोलनों के बाद भी भारत के चित्रकला समीक्षकों ने आलोचना का अपना कोई निश्चित प्रतिमान नहीं गढ़ा है। यह कला आंदोलनों के इकहरेपन का भी स्पष्ट संकेत है।

चित्रकला आलोचना की अपनी कोई भाषा विकसित न हो सकी इसके बहुत सारे संभव कारण हो सकते हैं, लेकिन जो एक-दो महत्वपूर्ण कारण रहे हैं, उन पर केंद्रित होकर अगर निश्चित और सही परिप्रेक्ष्य में बात शुरू की जाए तो उसकी वाजिब समस्याओं से हम परिचित हो सकते हैं और उसकी चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस भी दिखा सकते हैं।

कहना होगा कि हमारे यहां कला के क्षेत्र में सबसे विकसित विधा साहित्य है, इसलिए अन्य कला-माध्यमों विधाओं पर भी इसके अपने प्रभाव हैं। इस प्रभाव को चाहकर भी रोका नहीं जा सकता। भारत में अब तक के अधिकतर चित्रकला समीक्षक प्रथमतः या मूलतः साहित्यकार रहे हैं। साहित्य-साधना उनकी मुख्य चिंता रही है- चाहे वे प्रयाग शुक्ल हों या फिर विनोद भारद्वाज, लगभग सारे ही लोग अपना अधिकांश समय साहित्य ही को देते रहे हैं। निश्चित रूप से चित्रकला माध्यम को इन लोगों के देखने-परखने का ढंग साहित्यिक गतिविधियों, आचरणों और चिंतनधारा से अप्रभावित नहीं होगा।

अब तक चित्रकला आलोचना की मजबूरी रही है कि साहित्य के अंदर जो ‘वाद’, ‘धारा’ या ‘प्रतिमान’ प्रचलन में रहे हैं, यहां भी ठीक उन्हीं जुमलों को दुहरा दिया जाता रहा है। इससे ऐसा लगता है कि चित्रकला समीक्षा मूल रूप में भारतीय हिन्दी साहित्य की नकल या रूपांतरण है। दुर्भाग्य कहिए कि हिन्दी आलोचना जगत के प्रतिमानों के आधार पर ही भारतीय चित्रकला का भाग्य-निर्धारण वर्षों से होता चला आ रहा है।

प्रयाग शुक्ल जब ‘समकालीन कला’ पत्रिका के एक अंक में रामकुमार की चित्रकृतियों का विश्लेषण प्रस्तुत कर रहे थे तो लगा जैसे वे महज साहित्यिक लेखा-जोखा ही दे पा रहे हों। संयोग ही कहिए कि रामकुमार एक अच्छे कहानीकार भी हैं और चित्रकला की दुनिया में भी एक बेहतर पहचान है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं होता कि रामकुमार की कहानियों, उनके उपन्यासों को आधार बनाकर या ठीक उसी के सांचे में उनकी चित्रकला का भी मूल्यांकन किया जाये। हमारा यह मानना कभी नहीं हो सकता कि एक कलाकार के लेखन-कर्म से, उसके दस्तावेजों और संस्मरणों से हम उनकी कला को जानने-समझने में कोई मदद नहीं ले सकते। इससे बचने की कोशिश से उतना ही बड़ा अनर्थ होगा, जितना कि उसके साहित्य में व्याप्त निराशा, ठहराव और पस्तहिम्मती को हू-ब-हू उनकी पेंटिंग में इंगित कर देना। दोनांे ही प्रवृत्तियां घातक हैं। अतः इनसे भरसक बचने की कोशिश होनी चाहिए।

रामकुमार की चित्रकृति का विश्लेषण प्रस्तुत करते प्रयाग शुक्ल इसी प्रवृत्ति के शिकार हुए हैं। हम ऐसा भी नहीं कह सकते कि एक ही आदमी अगर साहित्य और चित्रकला पर साथ-साथ काम कर रहा हो तो दोनों कला-माध्यम एक दूसरे से अप्रभावित रह सकेंगे। और षायद यह भी कि वैसे में एक कला-माध्यम दूसरे कला-माध्यम का महज रूपांतरण अथवा अनुवाद होगा। प्रायः प्रत्येक कला की अपनी एक सीमा-रेखा होती है, जिसके परे सभी एक-दूसरे से संपर्क कायम रखते हुए भी अपना स्वतंत्र अस्तित्व बनाये रखते हैं।

चित्रकला और साहित्य की प्रकृति में भिन्नता है। साहित्य के साथ सबसे बड़ी सुविधा यह है कि उसके व्यापक प्रकाशन-प्रसार की वजह से प्रत्येक पाठक उसे खरीदकर अपने पास रख सकता है। अपनी इच्छा और सुविधा के मुताबिक उसे पलटकर देख-पढ़ भी सकता है। किसी भी टेक्स्ट के साथ मजेदार बात यह है कि जब भी हम उसे पढ़ते हैं, एक नये सिरे से हमारा उसके साथ संवाद शुरू होता है। प्रायः हर बार हमारे ज्ञान में कुछ न कुछ इजाफा होता ही है, नये-नये आयाम और अर्थ उद्भाषित होते हैं। चित्रकला के साथ यह सुविधा नहीं है। किसी चित्रकृति के बारे में जब भी हम बात को आगे बढ़ाना चाहते हैं, उसका अर्थ-भेद खोलना चाहते हैं, समस्या ज्यों की त्यों बनी की बनी ही रह जाती है। दर्शक जब कला-प्रदर्शनियों में एक बार आता है तो पहली ही नजर में किसी कलाकृति के बारे में सोच-जान लेता है-ऐसा नहीं है।

यहां एक अदना दर्शक ही की बात नहीं है बल्कि कभी-कभी बड़े कलाकार या कला-समीक्षक भी हतप्रभ रह जा सकते हैं। और ऐसा संभव है। आनन-फानन में कोई निर्णय देना या राय बनाना मुश्किल ही नहीं कई बार असंभव भी हो जाता है। कलाकृति के साथ बार-बार संवाद स्थापित करने की कोशिश ही इस तरह की संवादहीनता और चुप्पी को खत्म कर पाने में समर्थ हो सकती है। कलाकारों के पास इतनी सामथ्र्य नहीं है कि वे व्यक्तिगत खर्च के आधार पर वैसी चित्रकृतियों को व्यापक दर्शक के समक्ष प्रस्तुत कर सके। भारत जैसे मुल्क में तो ऐसी कृतियां हमारे एलीट बुद्धिजीवियों के बेडरूम ही की शोभा बढ़ाती रह जाती हैं-कला-दीर्घा पहुंचने का भला सौभाग्य कहां !

सच्चाई यह भी है कि अब तक हमारे बीच यह रिवाज ही नहीं कायम हो पाया है कि लोग कला-प्रदर्शनियों में ठीक उसी ढंग से आया-जाया करें जैसा वे सिनेमा हॉल और थियेटरों के साथ बरतते हैं। इसका बहुत कुछ संभव कारण यह भी रहा है कला को लोगों ने मुख्यधारा से बिल्कुल ही अलग काटकर रखा है। इसे विशुद्ध रूप से एलीट संस्कुति का सवाल माना जाता रहा है। इस तरह की अवधारणा के बाद आम जनता के पास वैसी कोई ‘सांस्कृतिक गरिमा’ नहीं होती जिससे वह इन विशुद्ध बौद्धिक और भद्रलोकीय कलाकारों की ‘श्रेष्ठ सांस्कृतिक विरासत’ के ढोंग को मात दे सके। आम लोगांे के बीच कला के बारे में यह धारणा कि ‘कला वही जो समझ से परे’ हो-कलाकारों की ‘अति बौद्धिक’ हो चुकी दुनिया से आम-जन के निष्कासन ही को अभिव्यक्त करती है।

जब भी चित्रकला से संबंधित कोई लेख पढ़ने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ तो पाया कि उसमें कलाकृतियों का साहित्यिक विश्लेषण ही प्रमुखता पा गया। कृति के शिल्प,उसकी तकनीक पर तो जैसे कोई बात ही नहीं करता। उसकी शैलीगत विशेषताओं पर तो कला-समीक्षकों की नजर तक नहीं जाती। उनका सारा जोर इस बात को साबित करने पर होता है कि वह किसी महत्वपूर्ण भाव अथवा थीम को अभिव्यक्त कर रहा है। क्या महज भावों की अभिव्यक्ति ही किसी चित्रकृति के लिए सब कुछ है?

लगभग सारे कला-समीक्षक अघोषित रूप से इस तथ्य को स्वीकार कर चुके हैं कि चित्रकला में चूंकि शब्द नहीं होते, इसलिए विचार का इसमें अन्य कला-माध्यमों की तुलना में कुछ ज्यादा ही अभाव पाया जाता है। फिर भी कला-आलोचक विचार और विचारधारा की ठूंस-ठांस ही से काम चलाते हैं। यहां भी हम साहित्यिक विधाओं की आलोचना के प्रतिमानों,औजारों ही से काम चलाते हैं। हमारे समक्ष यह एक महत्वपूर्ण चुनौती है,जिससे हमारी चित्रकला-आलोचना को टकराना ही होगा,उसकी चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस प्रदर्शित करना होगा। बगैर इसके,चित्रकला-आलोचना की एक स्वतंत्र भाषा गढ़ने, उसे विकसित करने में सदैव असमर्थ साबित होते रहेंगे।