Showing posts with label साक्षात्कार. Show all posts
Showing posts with label साक्षात्कार. Show all posts

Monday, May 21, 2012

कविता, संस्कृति का हिस्सा है

मनोविज्ञान  एवं मानसिक स्वास्थ्य  की पत्रिका 'मनोवेद' के लिए कुमार मुकुल ने मेरे सामने कुछ सवाल रखे थे. उन्हीं सवालों पर आधारित यह लिखित बातचीत है---
क्या आप ईश्वर को मानते हैं ? धर्म को लेकर आपका नजरिया क्या है?

जब से मैंने होश संभाला है, धर्म और ईश्वर के प्रति घृणा और हिकारत का ही भाव रहा है। अपने मामले में अनास्था शब्द को अनुपयुक्त मानता हूं मैं। हालांकि तब इसके लिए मेरे पास कोई तर्क नहीं था। इसकी कोई जरूरत भी नहीं थी शायद। मेरी पैदाइशी गड़बड़ी रही हो या फिर कुछ ऐसा जो मेरे लिए आजतक अज्ञात और अपरिभाषित है। सात-आठ साल का होऊंगा जब अपने गांव के मन्दिर के प्रांगण में स्थापित महादेव को बड़े भाई (अमरेन्द्र कुमार) व उनके एक ग्रामीण दोस्त (बिपिन कुमार) के साथ मिलकर पहले तो जमकर पिटाई की, फिर पानी से भरे आहर में फेंक दिया। उन्हीं दिनों की एक दूसरी घटना भी है जिसे मैं यहां याद करना चाहता हूं। विजय ठाकुर नामक विज्ञान के एक शिक्षक थे जिनके पास मैं अपने छोटे चचेरे भाई (कृष्णकांत) के साथ पढ़ने जाता। वहां से लौटते समय मेरे मित्र पूजा करने के ख्याल से कुछ फूल भी साथ ले लेते। फूल तो मैं भी लाता लेकिन घर पहुंचने से पहले एक खूंटे पर उसे रखता और पेशाब कर डालता। यह क्रम जारी रहा जबतक भाई की शिकायत पर मास्टर साहब ने मेरी खासी मरम्मत नहीं कर दी। आज धर्म और ईश्वर मेरे लिए जनता के शोषण का प्रभावी जरिया हैं। न कम न ज्यादा। इनका अस्तित्व हममें वैज्ञानिक चेतना का अभाव होना सिद्ध करता है।  विज्ञान की पढ़ाई करना और वैज्ञानिक चेतना से लैस होना-दो अलग-अलग चीज है।

किस व्यक्ति, घटना, पुस्तक, विचार, परिस्थिति आदि ने आपके युवा मानस को निर्मित करने में अपनी क्या भूमिका अदा की, इस बाबत बतलाएं। अपने मानस की निर्माण-प्रक्रिया के बारे में बतलाएं।
मनुष्यता मैंने मां से सीखी। मेरे घर कोई भी आता-साघु, भिखारी आदि तो मां कुछ-न-कुछ उन्हें अवश्य देती। साधुओं को देख कभी-कभार हम भाई लोग बिदक जाते तो मां समझाती कि भांट-फकीर के मुह लगना अच्छी बात नहीं है। धर्म और ईश्वर में मेरी मां की भरपूर आस्था थी लेकिन धार्मिक कट्टरता या मूर्खता तनिक नहीं थी। ऐसा प्रायः होता कि हमलोग घर में अंडा, मुर्गी आदि लाते तो चुपके से मां उसी चूल्हे पर बना लेने को कहती जिसपर बाकी लोगों का निरामिष खाना बन चुका होता। उनका सामान्य-सा तर्क होता कि आग तो खुद एक पवित्र चीज है। आग में तपकर अशुद्ध चीज भी शुद्ध हो जाती है। अलबत्ता मुर्गा-अंडा बन जाने के बाद चूल्हे को मिट्टी से अवश्य लीपती। सादगी, त्याग और ईमानदारी जैसे ‘दुर्लभ’ और ‘खतरनाक’ गुण मां और चाचा (दिवंगत शिवनारायण शर्मा) से संयुक्त रूप से सीखने को मिले। कभी-कभी मां की भूमिका अगर कमतर लगी तो इसके कारण हैं। यह भी हो सकता है कि मां की दुनिया सीमित थी इसलिए चचाजान थोड़े फायदे में जा रहे हैं। चाचा, जिन्होंने हम सब को पढ़ाया, मेरे आदर्श बने। सरकारी नौकरी में होने के बावजूद परिवार की वजह से वे हमेशा अभाव में रहे। खादी की एक धोती, एक कुरता और एक चप्पल (जाड़े में जूता)। इससे ज्यादा मैंने नहीं देखा। लेकिन बड़े-बड़ों के सामने सीधा तनकर खड़े होने का माद्दा था। यह दृढ़ता शायद उन्हीं से मैंने हासिल की है।

व्यक्तित्व-निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को भी निर्णयकारी मानता हूं। आरंभिक स्कूली जीवन के ग्रामीण शिक्षक जगदीश शर्मा मेरे लिए आदर्श रहे। उर्दू मिश्रित उनकी हिंदी मुझमें भाषा के प्रति झुकाव पैदा कर गई। हाईस्कूल के हिन्दी शिक्षक श्री रामविनय शर्मा, जो आज भी मेरे लिए आदर्श हैं, की भी बराबर की भूमिका रही। सन् 84 से बड़े भाई अखिलेश कुमार के साथ सैदपुर पी. जी. हॉस्टल (3, कमरा 11 एस) में रहने लगा। इतिहास की आलेचनात्मक दृष्टि उन्हीं से हासिल की। आज भी जब एकांत में होता हूं वे मुझे बड़े भाई से अधिक वैचारिक गुरु के रूप में ही याद आते हैं। और इन सबके साथ निराला मुझे बार-बार अपनी ओर आकर्षित करते रहे हैं। अंदर कहीं कुछ भरने में निराला के व्यक्तित्व का भी असर कबूल करता हूं।

बचपन के मेरे विद्रोही तेवर को हवा मिली पुस्तकों से। यों बचपन तो किताबों के बगैर ही गुजरा लेकिन आठवीं कक्षा तक आते-आते मैं मार्क्सवादी दर्शन से प्रभावित हो चुका था, परिचित कितना था नहीं जानता। उन दिनों कम्युनिस्ट घोषणा-पत्र, साम्राज्यवाद: पूंजीवाद की चरम अवस्था, कम्युनिस्ट समाज में नैतिकता आदि कुछ किताबें मैंने मनोयोग से पढ़ीं। इसने मेरे व्यक्तित्व को एक आकार प्रदान करना प्रारंभ किया। इनके अलावे जिन किताबों ने मेरी मदद कीं उनमें गोर्की की मां, मेरा बचपन और जीवन की राहों पर  उल्लेखनीय हैं। हावर्ड फास्ट का हिन्दी में अनूदित आदि विद्रोही, अज्ञेय की शेखर: एक जीवनी (प्रथम खण्ड)। रजनी पाम दत्त की किताब इंडिया टुडे (संक्षिप्त संस्करण जिसे पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस ने ‘भारत: वर्तमान और भावी’ शीर्षक से प्रकाशित किया है) मैंने कई दफा पढी। कहिए कि यह किताब इंटर के दिनों में मेरे लिए ‘मनोहर पोथी’ थी। इस किताब का मुझ पर काफी असर हुआ। आज भी अपने को कभी-कभी उसकी पकड़ के अंदर महसूस करता हूं। और इन सबसे आगे तक साथ गये डा. रामविलास शर्मा। शेखर: एक जीवनी  की बात कि ‘विद्रोही बनते नहीं, पैदा होते हैं’, पढ़ता तो लगता जैसे यह मेरे लिए ही लिखी गई हो। शेखर का स्कूल से भागना और घर आये पिता के कई दोस्तों को ‘नामहीन जंतु’ से संबोधित करना मुझे काफी आह्लादित करता। कहूं कि एकाधिक बार घर से भागने की कोशिश मैं भी कर चुका हूं लेकिन अपने इस निर्णय पर उस दिन की शाम तक ही टिका रह सका। कक्षा नौ में अपने एक ग्रामीण सहपाठी (सतीश कुमार) को किताबें दे दी कि मेरे घर पहुंचा देना और मां को कहना कि वह गरीबों की सेवा करने गया है।

प्रेम... यह शब्द किस तरह से आपके जीवन में आया या नहीं आया... इसे आपने किस तरह से लिया... इसने आपके मानस को कितना और कैसे प्रभावित किया... यह बदलाव सकारात्मक था या नकारात्मक ... प्रेम के वरक्स सेक्स ने आपके युवा मन को किस तरह प्रभावित किया... क्या दोनो पूरक रहे या और कुछ....
प्रेम शायद हर के जीवन में आता है। मेरे जीवन में भी आया। प्रेम में होना अलौकिक (इसके वजन का शब्द न होने की वजह से इसका इस्तेमाल किया है) सुख का साथ होना है। केवल तभी मनुष्य अपनी पूरी मानवीयता के साथ होता है। इस प्रेम ने मेरे जैसे नीरस गद्यकार को भी कवि बना दिया। जब मैंने प्रेम करना शुरू किया था, पहली कविता लिखी थी- सपने से जागकर। तब नींद कम आती थी और सपने अधिक। जब तक जागता होता, बेचैन होता। कविता आने के साथ ही मेरे अंदर एक विचार ने जन्म लिया, कि कविताएं गहन प्रेम और सपनों के बीच ही संभव हो सकती हैं।

मैं प्रेम और सेक्स को अलग-अलग नहीं देख पाता। मुझे तो हमेशा ही लगा कि सेक्स, प्रेम का मुखौटा लगाकर आता है। मुखौटा के हटते ही वह अश्लील लगने लगता है। सभ्य समाज या साहित्य को वह अश्लीलता पसंद नहीं। सबकी एक मर्यादा है। मर्यादा का यह आवरण इतना झीना और पारदर्शी है कि एक की ‘हद’ से दूसरे की ‘बेहद’ को जाना जा सकता है।

इसे संयोग कहें या परिस्थिति कि मेरे जीवन में सबसे पहले मार्क्स आये। स्वदेशी होने के बावजूद गांधी और नेहरु से परिचय बाद में हुआ। परिचय भी ऐसा कि कट्टर आलोचक रहा दोनों का। मेरा पूरा स्कूली जीवन गांधी और नेहरु को गालियां बकने में बीता। इसे मैं मार्क्सवादी होने का फर्ज समझता रहा। कोई अगर गांधी-नेहरु का प्रशंसक मिल जाता तो लानत भेजता उनपर। लेकिन जैसे-जैसे मेरा अध्ययन विस्तृत होता गया, आलोचना की उग्रता कमती रही। नेहरु को पढ़ने के बाद उनका प्रशंसक होने से मैं अपने को नहीं रोक पाया। नेहरु को पहली बार और सीधे तौर पर ‘पिता के पत्र पुत्री के नाम’ से जाना। फिर मैंने ‘हिंदुस्तान की कहानी’ पढ़ी। अपनी इतिहास-दृष्टि विकसित करने व नेहरु की इतिहास-दृष्टि को समझने के लिए यह पुस्तक अवश्य पढ़ी जानी चाहिए। इस किताब को मैंने कई दफा पढ़ा बल्कि कहिए कि बार-बार पढ़ा। मेरी कोशिश होती है कि चार-छह माह के भीतर एक बार अवश्य ही पढ़ लूं। मेरा मानना है कि इस छोटी काया वाली पुस्तक को बी.ए. स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य कर दिया जाये, अगर कुछ भी हम अनिवार्यतया पढ़ाते हों।

पता नहीं मैं इसे नेहरु-प्रेम कहूं या और कुछ कि कई दफा दूसरों के बारे में पढ़ते हुए नेहरु का कद बड़ा होने लगता है। मार्क्सवादी मोहित सेन की आत्मकथा पढ़ते हुए भी ऐसा ही महसूस किया अपने अंदर। ऐसा क्यों के जवाब में कोई उत्तर नहीं आता। गांधी मुझे एक लेखक के रूप में प्रभावित नहीं करते। कभी-कभी तो वे बेहद अतार्किक और बच्चों की-सी बातें करते लगते हैं। कुछ साल पहले जब मेरा बेटा दसवीं में था तो हिंद स्वराज  के बारे में पूछा था। मैंने यही कहा था कि उनकी बहुत सारी बातें बकवास हैं। विचारों की उनके यहां कोई सीधी लाइन नहीं है। वे एक अत्यंत ही व्यावहारिक राजनीतिज्ञ हैं, दार्शनिक अथवा विचारक नहीं। इसलिए उनकी बातों में मुझे कोई तार्किक संगति नहीं दिखती। अपनी पिछली कही बातों का खंडन वे जितनी आसानी से कर जाते हैं कि कभी-कभी कोफ्त होती है। अलबत्ता निजी जीवन में जो उनके आचरण के नियम हैं वे मुझे बेमिसाल लगे हैं। मैं अपने लिए दृष्टि मार्क्स से लेता हूं और जीने का तरीका गांधी से। इन दोनों के मिश्रण में ही शायद भारत का भविष्य बसता है।

पटेल और सुभाष से सीधे कोई प्रभाव मैं नहीं स्वीकारता। अवचेतन में किसी तरह का हो तो उसकी बात अलग है। यही बात भगत सिंह और विवेकानंद के लिए भी कह सकता हूं। हां, स्त्री जाति को समझना मैंने सीमोन द वोउआर से ही सीखा।

मनोविज्ञान का मतलब आपके लिये क्या  है... आप फ्रायड को जानते हैं ए उनके बाद के किसी मनोवैज्ञानिक को आप जानते हैं
मेरे लिए मनोविज्ञान का मतलब है मनुष्य को जानने-समझने का विज्ञान। यह मनुष्य के व्यवहार का विज्ञान है। और मनुष्य का व्यवहार उसके परिवेश पर निर्भर होता है। हमें बहुत सारी चीजें अदृश्य रूप में विरासत में प्राप्त होती हैं। बहुलांश हम अपने सामाजिक जीवन में सृजित करते हैं। इसलिए मेरे लिए एक सच्चा मनोवैज्ञानिक केवल और केवल वही हो सकता है जो समाजशास्त्री भी है। मनोवैज्ञानिकों में फ्रायड को ही थोड़ा-बहुत पढ़ा है।

आपकी प्रिय फिल्में  कौन सी हैं और क्यों
फिल्मों में मेरी कोई खास दिलचस्पी नहीं रही है। हॉल जाकर मैंने अबतक चार ही फिल्म देखी है-‘अर्धसत्य’ अपने बड़े भाई (अखिलेश कुमार) के साथ, ‘प्रतिघात’ साले (मृणाल केसरी) के साथ, ‘खलनायक’ मित्र अशोक कुमार के साथ। एक का अभी स्मरण नहीं। सबसे अच्छी फिल्म मैंने दूरदर्शन पर देखी-‘एक दिन अचानक’। इस फिल्म में संवाद कम ही हैं, परिस्थितियों के चित्रण मात्र से जान आ जाती है। कहिए कि संवाद के बीच कहने के बाद जो कुछ अनकहा रह जाता है और उस अनकहे को व्यक्त करने हेतु जो परिस्थिति निर्मित की जाती है-उसी का मैं कायल हूं। अद्भुत कलात्मक। मैं उस फिल्म को बार-बार देखना चाहता हूं।

आप राजनीति को लेकर किस तरह सोचते हैं
किसी (फिलहाल नाम भूल रहा हूं) ने कहा है कि आधुनिक काल के पहले धर्म राजनीति था जबकि आधुनिक काल का धर्म राजनीति है। मनुष्य न केवल एक सामाजिक प्राणी है बल्कि वह एक राजनीतिक प्राणी भी है। मेरी राजनीति मेरा लेखन है। 

Monday, September 20, 2010

समकालीनता एक छली शब्द है

चंद्रमोहन प्रधान से राजू रंजन प्रसाद की लिखित बातचीत की दूसरी और अंतिम किस्त

प्रश्न: नई कहानी से साठोत्तरी कहानी का मूल विचारधारात्मक विरोध क्या था ?

च. प्र.: यह विरोध वस्तुतः व्यक्ति और समष्टि के स्तर पर मूलतः आधारित रहा। नई कहानी की कथाधारा मूलतः व्यक्तिवादी रही, और यूरोप के उस निराशावादी दर्शन का भी उस पर प्रभाव पड़ा था जा कि द्वितीय महायुद्ध की त्रासदियों से उपजा। जैसे अकहानी को कामू-काफ्का के प्रभाव ने प्रेरित किया, वैसे ही अस्तित्त्ववादी दर्शन ने नई कहानी को। ईश्वरवादी अस्तित्त्ववादी दार्शनिक कीर्केगार्द का भारतीय लेखकों पर बहुत प्रभाव पड़ा था। भारतीय पाठकों के लिए नई कहानी के पात्र प्रायः दिग्भ्रमित, कुंठित, अपने मध्यवर्गीय शहरी परिवेश के त्रास में अधिक चित्रित था। किंतु नई कहानी के रचनाकारों में जो स्वस्थ दृष्टिवाले थे, उन की प्रवृत्ति व्यक्ति में समष्टि खोजने की भी थी। इस दौर में स्त्री-पुरुष के शाश्वत संबंधों का विभिन्न प्रकार से विश्लेषण अधिक हुआ, जिस की प्रतिक्रिया स्वरूप साठोत्तरी कहानी आगे आई। इसका मूल स्वर प्रयोगवादी यथार्थ है, मध्यवर्गीय रुमानी यथार्थवाद इसे नहीं सहता। साठोत्तरी यथार्थ अपने को भूमि से अधिक जुड़ा और शाश्वत चिंतक मानता है।

प्रश्न: आपकी कहानियों पर लोगों ने कुछ कम चर्चा की है। इसकी जड़ में साहित्यिक राजनीति के प्रति आप की उदासीनता तो नहीं है ?

च. प्र.: यह भी कारण है। अपनी अच्छी से अच्छी, समकालीन यथार्थ को चित्रित करने वाली कहानी की भी मैं ने प्रबुद्ध समीक्षकों को नोटिस लेते नहीं देखा। वहीं अपेक्षाकृत अधिक कमजोर, फारमूला कथाओं को चर्चा में आते देखा है।

तथापि, समीक्षकों का अधिक दोष मैं इसमें नहीं मान सकता, क्योंकि मेरी कहानियां किसी एक उद्येश्य अथवा आदर्श से अनुप्रेरित होकर नहीं लिखी गई हैं। उनके वैभिन्य को देख समीक्षक भ्रमित हो जाते हैं। मेरी रचनादृष्टि पर उन्हें संदेह भी होने लगता है। समीक्षा के प्रतिमानों पर वे मुझे आंक नहीं पाते। मेरे प्रति वे विभिन्न भ्रमों में हैं। अतः मुझ से बचना ही सहज लगता होगा, कारण कि समीक्षा आज तटस्थ, निर्गुट भी नहीं है। बंधी लीकों पर लिखने वाले लोगों का मूल्यांकन अधिक सहज लगता है।

मैं यह मान कर ही चलता हूं कि रचना अच्छी है तो समय उसका मूल्यांकन करेगा। जब ये गुटीय विवाद न होंगे, रचना रहेगी। पाठक याद रखेगा। आज भी मुझे अपने पाठकों से ही बल मिलता है, प्रेरणा मिलती है। सामयिक चर्चा का साहित्य में दूरगामी महत्व नहीं है। मेरे लिए यह बड़े संतोष की बात है कि पाठक मेरी रचनाओं को पढ़ना चाहते हैं। समीक्षकों का इधर ध्यान नहीं है तो इस में मेरा दोष तो नहीं। स्वभाव से ही रचनाधर्मी होने के नाते मुझे सृजन का अपना सुख है।

प्रश्न: समकालीन कहानी का सच क्या है ?

च. प्र.: समकालीन कहानी का सच अभी उद्घाटित होना बाकी है। इस समय तो इस की ऐसी स्थिति है मानों एक रथ पर सवार कई लोग घोड़ों को कई दिशाओं में हांक ले जाना चाहते हों। समकालीनता एक छली शब्द है। सापेक्षिक भी। वर्तमान सदैव मनुष्य के आगे उपस्थित रहा करता है। और मनुष्य जो भी कहता-करता है वह लगातार पीछे चलता जाता है। नई अवधारणाएं आती रहती हैं। इस सापेक्षिक दर्शन को यदि न भी मानें, तो कुछ विचारक समकालीनता को दस वर्ष की अवधि के अंतर्गत रखा करते हैं। पर यह निर्विवाद नहीं। अपने जीवनकाल में लेखक किसी रचना में आधुनिक रहा तो इसे समकालीन मान लेते हैं। बहरहाल, वर्तमान कथा का उत्स यदि समकालीनता है तो यहां प्रश्न उस के निर्वाह का है। यही पर लेखकीय प्रतिभा की अपेक्षा होती है। जैसे हम संजीव की कहानी ‘अपराध’, अखिलेश की ‘चिट्ठी’ रखें, तो विष्णु प्रभाकर की ‘धरती अब भी घूम रही है’ को भी उतना ही समकालीन मानना चाहिए। यह भी है कि ओढ़ी हुई छद्म आधुनिकता और क्रांतिकारिता अधिक दूर नहीं चल सकती। सृंजय, स्वयंप्रकाश, चन्द्रकिशोर जायसवाल, प्रेमकुमार मणि, नारायण सिंह, रतन वर्मा, राजेन्द्र सिन्हा, शैवाल आदि वर्तमान कथाकार समकालीनता का मेरे विचार से अच्छा निर्वाह कर रहे हैं।

प्रश्न: इधर हाल के कहानीकारों में आप को अच्छी संभावनाएं दिखती हैं ?

च. प्र.: इधर के सर्वथा नये लोगों की अधिक रचनाएं मैंने नहीं पढ़ीं। जो पढ़ी भी होंगी, याद नहीं आ रही हैं। अतः इस विषय पर कुछ कहना मैं उचित नहीं मानता। तथापि, एक सही किस्म का आभास मुझे है कि नये लोग उत्साही तथा बहुत ईमानदार भी हैं। कथालेखकों की कभी कमी तो नहीं पड़ेगी ऐसा मुझे विश्वास है।
प्रकाशन: लोक दायरा, अंक-3, मार्च 2002।

Wednesday, September 8, 2010

सबसे बड़ी तोप हैं नामवर सिंह


चन्द्रमोहन प्रधान से राजू रंजन प्रसाद की लगभग बीस साल पहले की  लिखित बातचीत की पहली किस्त

प्रश्न:  समकालीन कहानी के प्रति आलोचना का क्या रुख है ?

च. प्र.:  समकालीन कहानी के प्रति आलोचना का रुख आलोचकों की मर्जी पर निर्भर रहता है और वह मर्जी स्वयंस्फूरित न होकर दूसरों के कथन के अनुकरण पर अधिक आधारित है। इनमें सबसे बड़ी तोप हैं डा. नामवर सिंह खुद, अकादमिक आलोचना के दिग्गज। आपकी नजर में कहानी का महत्त्व तभी है जब वह सीधे कविता से निःसृत हो। इस कथन का गूढ़ार्थ जहां कथा-साहित्य को अपूर्व समृद्धि देने की प्रेरणा रखनेवाला सिद्ध हो सकता है, वहीं इसका चलताऊ अर्थ लगाकर यही साबित किया जा सकता है कि अमृता प्रीतम और कृष्णा सोबती को छोड़कर और कोई कथाकार है ही नहीं। हां, मैं भूला-एक निर्मल वर्मा भी हैं। बस। थोड़े-बहुत काशीनाथ सिंह भी माने जा सकते हैं।

जो भी आलोचक हैं, उन में दो-तीन में ही वस्तुगत तटस्थ मूल्यांकन की दृष्टि है। अधिकतर लोग किसी न किसी खेमे में फंसे हुए होकर उसके सिद्धांतों के व्याख्याकार भर हैं और अपने लोगों को फ्लैश करने के पावन कर्त्तव्य का लक्ष्य रखकर चलते हैं। विस्तार का अवकाश न होने से यहां इतना भर कहना पर्याप्त है कि हिन्दी कहानी की आलोचना वाम-दक्षिण पंथों में बंट गई है। आलोचक रचना पढ़ने का कष्ट शायद ही उठाते हों, पढ़ते हैं भी तो अपने मित्रों व ‘अपनों’ की। नाम देखकर लिख देना, उन्हीं दस-पांच कहानियों के घिसे-पिटे नामों का हर आलेख में, गोष्ठी में दुहराना-तिहराना बड़ा उबाऊ लगता है। लगता है, जैसे सभी आलोचकों को अपने पर, अपने मंतव्य पर विश्वास न हो, डर रहे हों। अतः महाजनो येन गतः स पंथाः को पकड़ना सहज नुस्खा रहता है। सुरक्षित, श्रमकारी, लाभदायक।

एक बार श्री चतुरसेन शास्त्री ने भी कटुता सहित कहा था, ‘मैंने बहुत कहानियां लिखी हैं, पर जब भी कोई संकलन में मेरी रचना लेता है, अथवा कोई समीक्षक कुछ लिखता है, यही एक कहानी ‘दुखवा मैं कासे कहूं मोर सजनी’ ही को कोट करता है। वही संग्रहीत होती है जैसे उस के बाद मैं ने कुछ लिखा ही नहीं! वही  भेड़ चाल आत्मविश्वासहीन आलोचकों में है। वही दूसरों की देखा-देखी नाम जपने की आदत! पता नहीं, सही आलोचना हिन्दी कहानी को कब मिलेगी! 

प्रश्न: क्या आप इस बात से सहमत हैं कि समकालीन कहानी की आलोचना पर कहीं न कहीं से कविता के प्रतिमानों का असर है ?

च.प्र.: है। इसका कारण बहुत कुछ उभर आया है। कविता का संसार मेरे विचार से कहानी के संसार से पर्याप्त भिन्नता रखता है। कथ्य भले ही एक हों पर दोनों भिन्न विधाएं हैं, भिन्न आलोचना-पद्धतियों की मांग करते हैं। किंतु आलोचक समुदाय में संभवतः यह कुंठा घर कर गई है कि कविता की आलोचना अधिक श्रेष्ठ कार्य है, और कहानी की आलोचना भी वे कविता की आलोचना के औजारों से करना चाहते हैं। कथा की ऐसी मरम्मत करना इसके साथ अन्याय है।

प्रश्नः समकालीन आलोचना में सृजनात्मकता के अभाव के क्या कारण हैं?

च.प्र.: मैं तो मूलतः कथाकार हूं, और आलोचना के विषय में कुछ अधिक कहना अनधिकार चेष्टा मानता हूं। खास कर उन मुद्दों के मामलों में, जिन का कथा से सीधा मतलब न हो। तथापि, आलोचना में सृजनात्मकता के अभाव का कारण एक आलोचक मित्र की बातों के आधार पर मैं ने यह लगाया कि आलोचक अपने पेशे को रचनाधर्मी अथवा सृजनधर्मी नहीं मानते। इस का कारण यही हो सकता है। तथापि, मेरे अपने विचारों से आलोचना भी रचनात्मक कार्य है, एक सीमा तक सही। 

प्रश्नः समाजवादी दुनिया में आए परिवर्तन एवं विचारधारा के संकट का हमारे साहित्य पर क्या असर हो सकता है?

च.प्र.: समाजवादी संसार के परिवर्तनों का प्रभाव सभी पर नहीं पड़ेगा। जो किसी वाद अथवा शुद्ध राजनीतिक दृष्टि वाला लेखन नहीं करते वे खुद को दिशाभ्रमित या आधारहीन महसूस नहीं करेंगे। लेखक में यदि प्रतिभा है तो वह खुद को दिशा दे लेगा। उस का उत्स कोई राजनीतिक विचारधारा न होकर समाज और मनुष्य होगा।

प्रश्न: कुछ लोगों का मानना है कि आपकी कहानियों  में ‘आवेग’ का अभाव है, इसे आप कैसे लेंगे?

च.प्र.: मेरी कहानियों में आवेग का अभाव की बात बहुत पुरानी हो चुकी है। अब भी ऐसा कहनेवालों ने मेरी इधर की रचनाएं नहीं देखी होंगी। मैं कहानी किसी एक ही मनःस्थिति में अथवा किसी एक ही विषयवस्तु या कथ्य और परिवेश से बंध कर लिखा नहीं करता। प्रयोग के रूप में विभिन्न समुदाय-वाद-धर्म-संस्कार-मनःस्थिति, विचारधारा आदि पर लिखा करता हूं। मूल कथावस्तु है मनुष्य, और मनुष्य कहीं भी एक-सा नहीं है।

तथापि, कहानी में सहजता और स्वाभाविकता का मेरा मूल आग्रह है जिसके कारण कहानी प्रायः सहज-मध्यम बनी रहती है। जीवन से हटकर कहानी नहीं हो सकती, ऐसा मैं मानता हूं। मैं खुद अतिवादी नहीं। मेरे पात्र भी आसपास से लिए सहज लोग अधिक हैं।

किंतु रचनाकार युग के साथ चलता है। युग की मांग के अनुरूप मेरी इधर की कहानियों में पूर्व से पर्याप्त भिन्नता है। निवेदन है कि मेरी इधर की कहानियां भी पढ़ी जाएं जैसे ‘आदिम राग’ (कतार), ‘रिश्ते’ (धर्मयुग), ‘प्यास’ (आवर्त), ‘भोंदू’ (धर्मयुग), ‘राष्ट्र का निर्माण चालू है’ (हंस), ‘मल्टीकलर’ (कहानियां), ‘तिलचट्टा’ (कहानियां), ‘दो कौड़ी का आदमी’ (कथाबिम्ब)  आदि। ‘आवेग’ के संदर्भ में इधर की ये कुछ कहानियां देखी जा सकती हैं।

बेजरूरत आवेग घुसाना कहानी की कला के साथ बलात्कार है। मैं कहानी को चित्रकला व कविता की भांति ही एक ललित कला मानता हूं। चित्रकार हर जगह शोख रंग ही नहीं पोत देता कि लोगों का ध्यान खिंचे। आधुनिक अति यथार्थवादी कला में भी शोख रंगों के साथ खिलवाड़ कर प्रभाव उत्पन्न करने की चेष्टा की जाती है। कहानी में कला और शिल्प का भी एक स्थान रहना चाहिए। ‘फारमूला’ कहानी में आवेग बहुत मिलेगा, पर अधिकतर नकली, ओढ़ा हुआ। सोड़ावाटरी जोश घातक हो सकता है।

प्रश्न: क्या आप इस बात से सहमत हैं कि कहानी आज लेखन के केन्द्र में नहीं है ?

च.प्र.: मेरे ख्याल से कहानी सदैव लेखन का केन्द्र रही है। पहले का साहित्य जो पद्य आधारित था उसमें भी कविता भिन्न चीज थी और वृत्तात्मक पद्य रचना भिन्न है। महाभारत, रामायण, मानस, मेघदूत में है क्या-मूलतः कथाएं। इनमें काव्य ने सौष्ठव, कला, शैली आदि दी जिनके कारण उन्हें श्रेष्ठ काव्य कहा गया। आज भी कहानी ही वह चीज है जो कई पृष्ठों की होती है पर पाठकों द्वारा वही अधिक पढ़ी जाती है। कहानी के कारण ही पत्रिकाएं बिकती हैं, सिर्फ कविता आधारित होकर नहीं। कवियों में यह स्नॉबरी घर कर गयी है कि वे कविता के रूप में कथा की अपेक्षा श्रेष्ठ साहित्य का सृजन कर रहे हैं। कविता की वापसी का नारा लगानेवाले कुछ लोग हैं जो इसके अलंबरदार हैं। उन्हीं का उछाला यह शिगूफा है कि कहानी लेखन के केन्द्र में नहीं है। प्रकाशन: लोक 

दायरा, अंक-3, मार्च 2002।