Showing posts with label संगठन. Show all posts
Showing posts with label संगठन. Show all posts
Saturday, September 11, 2010
वे चुप क्यों हैं जिनको आती है भाषा ?
मृणाल वल्लरी का लेख लाल क्रांति के सपने की कालिमा मैंने दो बार पढ़ा-पहले मोहल्ला पर और पुनः इसे जनसत्ता में। कहना होगा कि इस लेख में मुझे ऐसा कुछ लगा जिससे कह सकता हूं कि दो बार पढ़ने में लगा मेरा श्रम बेकार नहीं गया। किन्हीं को अगर ‘नवोदित’ पत्रकार की ‘बाल-सुलभ’ टिप्पणी लगी हो, तो मात्र इस कारण से मैं इस लेख को ‘खारिज’ नहीं कर सकता। इस लेख में मुझे लगा कि पत्रकार (संयोग कहिए कि वह महिला पत्रकार हैं, यद्यपि मैं इस तरह के विभाजन में दिलचस्पी नहीं रखता।) की एक पीढ़ी तैयार हो रही है जो किसी भी मुद्दे को एक ‘संवेदनात्मक जुड़ाव’ के साथ, जिसे आप प्रतिबद्धता कह ले सकते हैं, उठाने के खतरे झेलने को तैयार है। कुछ लोग इसे ‘नाम कमाने की भूख’ और ‘नारीवादी उच्छ्वास’ से भी जोड़कर देख सकते हैं। जिनके अंदर प्रतिबद्धता और ईमानदारी की आग नहीं होती वे ऐसी बातें बड़ी ही सहजता से कह सकते हैं। बगैर किसी दुविधा और अपराध-बोध के। यहां तो लोग महात्मा गांधी तक की ईमानदारी और वचनबद्धता को ‘मजबूरी का नाम गांधी’ साबित कर डालते हैं। मृणाल तो फिर भी ‘नवोदित’ हैं।
इस लेख से अगर माओवाद विरोधी अथवा कुछ अवांछित कहे जा सकनेवाले संदेश गये हैं तो इसके कुछ कारण भी हैं। कुछ कारणों को लेख में अंतर्निहित माना जा सकता है तो कुछ को मोहल्ला लाइव के मॉडरेटर महोदय द्वारा सृजित साजिश के रूप में। साजिश का यह खेल खेला गया लेख की प्रस्तुति के स्तर पर। याद करें कि अखबार में इस लेख का शीर्षक ‘लाल क्रांति के सपने की कालिमा’ था। मॉडरेटर महोदय ने इसका शीर्षक लगाया ‘क्या माओवादी दरअसल बलात्कारी होते हैं ?’ एक नक्सल मिजाज का आदमी ऐसे शीर्षक से भरसक बचेगा। यह लेखिका का पहले से दिया हुआ शीर्षक नहीं था बल्कि मॉडरेटर के द्वारा गढ़ा सनसनी फैलाने के लिए गढ़ा गया। तिसपर मॉडरेटर की माओवाद की पक्षधरता! मुझे यह आसानी से हजम होनवाली बात नहीं लगती। अफसोस की बात तो यह है कि कुछ क्रांतिवीर ऐसी गलतियों की तरफ ध्यान न दिलाकर उल्टे लोगों को अविनाश जी का ‘पॉलिटिकल स्टैण्ड’ बताने लगते हैं। ‘स्त्री -अस्मिता’ की लड़ाई लड़नेवाले अरविन्द शेष को बताना चाहिए था कि खुद मॉडरेटर महोदय स्त्रियों के यौन-शोषण के आरोपी रहे हैं। ईमानदार पाठकों/पत्रकारों से हमारी अपेक्षा है कि ऐसे दोहरे चरित्रवाले टिप्पणीकारों की हरकत पर वे नजर रखेंगे।
मृणाल की इस बात से कि माओवादी शिविरों में महिलाओं का यौन शोषण होता है, मुझे इनकार नहीं है। शायद किसी को न होगा। अलबत्ता इसे ‘आम बात’ कहने पर असहमति बनती है। लेखिका को यह ‘आम बात’ बाहर की दुनिया में नजर आनी चाहिए थी। कहना चाहिए कि हमारे समाज में महिलाओं का यौन शोषण ‘आम बात’ है, ऐसी कुछ घटनाएं माओवादी शिविरों तक में देखी जा सकती हैं। वल्लरी का मानना सही है कि माओवादी शिविरों में भर्ती किये जानेवाले कामरेडों को मार्क्सवाद की कड़ी शिक्षा से गुजरना पड़ा होगा। यह भी कि उनके पास एक आदर्श समाज स्थापित करने का सपना है। और सारा त्याग, सारी कुर्बानी भी उसी के लिए है तो कम-से-कम वहां तो एक उच्च नैतिकता का मॉडल प्रस्तुत किया जाना था। बेशक ऐसी मांग की जानी चाहिए। लेकिन हमें मानना पड़ेगा कि इसमें सिर्फ माओवादी ही विफल नहीं रहे हैं। भारत की अन्य जो दूसरी मार्क्सवादी पार्टियां हैं उनकी पॉलित ब्यूरो में कम्युनिस्ट समाज की नैतिकता वाला मानदंड स्थापित हो सका है? शायद नहीं। आज भी इन मार्क्सवादी पार्टी कार्यालयों में चाय बनाने और झाड़ू लगानेवाले क्या उससे ऊपर उठ सके हैं? जाहिर है, उत्तर नकारात्मक होगा। हम-आप सब जानते हैं कि इन वामपंथी पार्टियों में भी खून देनेवालों की अलग श्रेणी है तो फोटो खिंचानेवालों की अलग ही प्रजाति है। हम यह भी जानते हैं कि महिलाओं का यौन शोषण करनेवाले मार्क्सवादी इन शिविरों के बाहर भी हैं। अफसोस की बात है कि यह शर्मनाक स्थिति दिल्ली के विश्वविद्यालयों के प्रतिष्ठित मार्क्सवादी शिक्षकों तक पसरी हुई है। इन ‘विभूतियों’ के खिलाफ वे चुप क्यों हैं जिनको आती है भाषा ?
वल्लरी पूछती हैं कि ‘क्या मुकम्मल राजनीतिक शिक्षण के बिना पार्टी में कॉमरेडों की भर्ती हो जाती है ?’ जिसके अंदर मार्क्सवाद के लिए थोड़ी भी सदास्था बची है, ऐसे सवाल उठेंगे। कुछ दिनों पहले केरल के पूर्व सीपीएम सांसद कुरिसिंकल एस मनोज को व्यक्तिगत जीवन में धार्मिक आस्था प्रकट/अभिव्यक्त करने के लिए पार्टी की सदस्यता से जब हाथ धोना पड़ा था तो मैंने भी अपने लेख( ) में यही सवाल उठाया था कि ऐसे लोगों को, जिनकी दृष्टि प्रगति-विरोधी एवं अवैज्ञानिक समझ पर आधारित हो, क्या कम्युनिस्ट पार्टी का सदस्य बनाया जाना चाहिए ? क्या कारण है कि लगभग पचास वर्षों तक सीपीएम (बिहार) के नेता रह चुके चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले जदयू का दामन थाम लेते हैं। हमें इन तमाम सवालों को (यौन शोषण समेत) सिर्फ माओवाद के संदर्भ में ही नहीं, बल्कि एक व्यापक संदर्भ में उठाना चाहिए।
Saturday, January 9, 2010
यह कौन-सी नई पॉलिटिकल इकोनॉमी है कॉमरेड...?
विश्वस्त कहे और समझे जा सकने वाले सूत्रों से पता चला कि कुमार मुकुल जसम यानी जन संस्कृति मंच ज्वायन कर चुके हैं। पुष्टि के लिए कुमार मुकुल को फोन लगाया। उन्होंने हामी भरी। इस पर मेरी अत्यंत सहज-स्वाभाविक (जिसे बिना सोचे बोलना कहा जा सकता है) प्रतिक्रिया थी कि ‘चलिए अच्छा है। आखिर में एक ‘अराजकतावादी’ को भी शामिल कर ही लिया।’ कुमार मुकुल ने प्रतिवाद किया, ‘लेकिन मैं सबसे कम अराजक हूं।’ मैं सोचने लगा कि आखिर वे किसकी अराजकता की बात कर रहे थे? कौन हैं वे लोग? थोड़ा आप भी सोचें।कुमार मुकुल का जसम ज्वायन करना क्या कोई नयी और अप्रत्याशित परिघटना है? कम-से-कम न मेरे लिए, न कुमार मुकुल के लिए। हम सब उससे वैचारिक रूप से एवं संवेदना के स्तर पर हमेशा ही जुड़े रहे हैं। लेकिन पार्टी/संगठन के लिए इस तरह का जुड़ाव अब शायद कोई मायने नहीं रखता। उसे कार्ड-होल्डर लोगों पर ज्यादा भरोसा है। आप कार्ड के बगैर पार्टी या संगठन के ‘पवित्र परिवार’ में शामिल नहीं हो सकते। कार्ड के बगैर कोई ‘रिकॉग्निशन’ नहीं। ‘पहचान’ के बगैर ‘पूछ’ की आशा करना या रखना व्यर्थ है, एक तरह की अज्ञात मूर्खता, जो आपकी ‘सदिच्छा’-जनित है।
जसम से या इसके लोगों से कुमार मुकुल का जुड़ाव कोई नया नहीं है। बल्कि आप कह ले सकते हैं कि इनके सद्प्रयास या कि प्रेरणा से कई नये कहे जा सकने वाले लड़कों ने माले के साथ अपने को जोड़ा और वे लगातार कुमार मुकुल से भी उसी पुराने स्तर पर जुड़े रहे। ट्रेजेडी कि कुमार मुकुल को तब भी ‘आउटसाइडर’ का दर्जा ही नसीब हुआ। ये और बात है कि नये लड़के उनके अब भी प्रभाव में थे। सारे लोगों का साथ-साथ उठना-बैठना और बातें करना। कविता से लेकर राजनीति और फिर निजी मसलों तक पर। ऐसी अंतरंगता जो पार्टी के ‘पवित्र परिवार’ के लिए भी एक आदर्श ही हो।
इतना सब कुछ होने के बावजूद कुमार मुकुल के लिए ‘हाईकमान’ की तरफ से हरी झंडी नहीं मिली थी। नतीजतन उनकी कविताएं देश-विदेश की पत्रिकाओं में भले ही छपती रही हों, पार्टी की तथाकथित पत्रिका ‘समकालीन जनमत’ में उनकी कविताओं के लिए कभी जगह न बन सकी। कई बार उनसे आग्रह कर कुछ लिखवाया भी गया, कविताएं भी ली गईं लेकिन अंततः प्रकाशित न हो सकीं। शायद ‘पार्टी-लाइन’ के लिहाज से हर बार कुछ कमी-बेशी रह जाती रही हो। वैसे यह पार्टी का अंदरूनी मामला है, इस पर किसी ऐरे-गैरे को बोलने का ‘अधिकार’ नहीं दिया जा सकता।
लेकिन संगठन में कुमार मुकुल का ‘दबाव’ रह-रह काम करते रहा। शायद इसी का नतीजा था कि जसम के लड़कों ने पटना में उनका ‘एकल काव्य-पाठ’ आयोजित कराया था। कई वर्ष पूर्व की घटना है यह। जसम के लगभग सारे लड़के तो उपस्थित थे ही। केवल एक आदमी अनुपस्थित था। उस आदमी की अनुपस्थिति कुमार मुकुल के काव्य-पाठ से ज्यादा ध्यान खींच ले रही थी। आयोजक उनके आने का भरम कार्यक्रम संपन्न होने तक बनाये रखना चाहते थे। अन्ततः वे नहीं आए। कहिए कि अन्ततः उनका नहीं आना तय था। ये जसम के सारे लड़के भी जानते थे। मैं तो इस ‘ऐतिहासिक नियति’ को मानकर ही चल रहा था। कहूं कि कुमार मुकुल को भी उस ‘अदृश्य शक्ति’ के आने को लेकर न कोई मुगालता था न दिलचस्पी। अलबत्ता कुमार मुकुल की कविता की तारीफ में आलोक धन्वा को काफी कुछ सार्वजनिक रूप से बोलते हुए सुना। मुझे भी जसम के मंच से अपनी बात रखने का पहला ही सही, मौका मिला। यह मुकुल के कवि-रूप की मेरे जानते पहली सार्वजनिक स्वीकृति थी, थोड़े-बहुत अगर-मगर के साथ।
मेरे लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि कुमार मुकुल ने जसम ज्वायन किया कि प्रलेस। मेरी नजरों में तो वे तब भी इन तमाम संगठनों के किसी भी पदाधिकारी से ज्यादा काम कर रहे थे। कई साल पहले जब समकालीन जनमत अपने नये रूप में छपने लगी तो उसकी बिक्री की चिंता कुमार मुकुल की निजी चिंता में शामिल हो गई। वे अपने पास सदस्यता रसीद रखते और घूम-घूमकर लोगों को वार्षिक सदस्य बनाते। मुझे भी प्रथम साल के लिए सदस्य उन्होंने ही बनाया था। अलबत्ता दूसरे साल का वार्षिक सदस्य होने से मैंने इनकार कर दिया था। इसकी दो वजहें थीं। एक तो प्रकाशक से लेकर स्वत्वाधिकारी तक में हर जगह रामजी राय का नाम था। मैंने कहा, ‘मुकुल जी, यह किसी संगठन की नहीं रामजी राय नामक एक व्यक्ति की पत्रिका लगती है। मैं इसका मेंबर होना स्वीकार नहीं कर सकता।’ दूसरी बात यह थी कि इस पत्रिका में प्रकाशित होनेवाले व्यक्ति के लिए यह जरूरी था कि वह कार्ड-होल्डर हो। अगर कार्ड-होल्डर की ही रचना छपनी थी तो मैं क्योंकर उसका ग्राहक बनता ?
जब तक कुमार मुकुल जसम के लिए ‘उत्पाद’ नहीं बन पाये, तब तक उनकी भी कोई रचना समकालीन जनमत का मुह नहीं देख सकी।
अब जाकर समझ में आया कि ‘मुह-देखाई’ की सामंती रस्म अदायगी हमारे एक्सट्रीम लेफ्टी कॉमरेडों को भी काफी पसंद है।
देखा तो नहीं, लेकिन पक्की खबर है कि दिल्ली में आयोजित जलसे के अवसर पर जसम ने जो स्मारिका प्रकाशित की है, उसमें पहली कविता कुमार मुकुल की है। अब मुकुल जसम के विधिवत् सदस्य हो चुके हैं। यह सवाल अब तक मेरे लिए अनुत्तरित है कि एक पार्टी या संगठन का सदस्य बनने न बनने से कोई तात्विक अंतर आता है क्या? क्या मुकुल कुछ-कुछ बदला हुआ महसूस करते होंगे ? उनकी कविता का ऐंगल बदल गया? क्या जसम के लोगों ने मुकुल में कोई वैचारिक कायांतरण देखा?
नहीं, तो आप ही समझाओ कि यह कौन-सी नई ‘पॉलिटिकल इकॉनॉमी’ है कॉमरेड...?
Subscribe to:
Posts (Atom)
