Showing posts with label इतिहास दृष्टि. Show all posts
Showing posts with label इतिहास दृष्टि. Show all posts

Tuesday, April 24, 2018

इतिहास के बारे में कुछ असहमत टिप्पणियां

1. अफवाह और इतिहास

हमारे महापुरुष जितना इतिहास की किताबों में हैं, अफवाहों में उससे तनिक कम नहीं हैं। सबसे ज्यादा अफवाह गांधी बाबा को लेकर है। मेरी मां बताया करती थीं कि गांधी को उनकी इच्छा के विरुद्ध अंग्रेजी सरकार भी जेल में बंद नहीं रख सकती थी। गांधी में 'चमत्कारी' शक्ति थी और वे इस शक्ति की बदौलत जब चाहते थे, जेल का फाटक खुल जाता था और वे बाहर निकल जाते थे। गांधी जब चंपारण आए तो चमत्कारी शक्तियां भी उनके साथ आयीं। बेतिया के आसपास के इलाकों में पेड़-पौधों से लेकर छप्पर के कद्दू तक पर गांधी की आकृति उभरने लगी। इस सब की जड़ में लोगों का यह विश्वास था कि गांधी कोई साधारण आदमी नहीं बल्कि 'अवतारी पुरुष' हैं। गांधी को आदमी से अवतारी पुरुष बनाने में इन अफवाहों की खासी भूमिका रही है।
नेहरु भी इन अफवाहों से अप्रभावित नहीं हैं। जब मैं छोटा था तो अक्सर लोगों के मुख से सुनता था कि नेहरु के कपड़े पेरिस से धुलकर आते थे। तब मेरा बालसुलभ ज्ञान इसका काट नहीं जानता था बल्कि एक स्थापित तथ्य की तरह इसे मानकर चलता था। नतीजतन मेरी किशोरावस्था नेहरु की आलोचना, बल्कि कहिए कि लानत-मलामत के साथ जवान हुई। कॉलेज में जब नेहरु के बारे में पढ़ा तो सही जानकारी मिली। नेहरु को स्वयं इस अफवाह की जड़ काटनी पड़ी। इस बात से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अफवाह की जड़ कितनी गहरी पैस चुकी थी। हालांकि आज भी इसकी हरियाली कुछ कम नहीं हुई है।

सन 2000 के आसपास की बात है जब मैं एकलव्य एड्यूकेशनल कॉम्प्लेक्स (पब्लिक स्कूल जो इसी माह बंद हुआ) में पढ़ाया करता था। पंकज कुमार वहां अंग्रेजी विषय के शिक्षक हुआ करते थे। उनसे हमारी कई चीजों पर बात होती। हम भारतीयों की एक विचित्र गड़बड़ी है कि बात चाहे किसी भी विषय पर शुरू हुई हो, समाप्ति गांधी-नेहरु से ही होगी। मैं अक्सर नेहरु के पक्ष में बोलता और वे विपक्ष में बल्कि कई बार तो स्थिति भयानक हो जाती जब वे नेहरु के कई स्त्रियों के साथ यौन संबंध स्थापित करते हुए चरित्रहनन तक शुरू कर देते। मेरी असहमति से वे गुस्से में आ जाते और कहते, 'मैं तो नेहरु की धज्जी उड़ा दूंगा।' वे इस पूरी बातचीत में क्लेमा कैथरीन का एडविना और नेहरु उपन्यास को प्रमाण के बतौर प्रस्तुत करते। तब तक वह किताब अपठित थी। डरते-डरते मैंने वह किताब उनसे पढ़ने को ली। पढ़ा तो पाया कि एडविना और नेहरु जैसा प्रेम तो उस किताब के लगभग सारे पात्र कर रहे हैं, चाहे वे गांधी, जिन्ना, सरोजिनी नायडू हों या और कोई।

नेहरु से जुड़ी एक और घटना है। इसे मैं अपने गांव में बचपन में सुना करता था। देश-विभाजन के दिनों की बात है। भड़क उठे दंगों को रोकने के लिए नेहरु दौरा कर रहे। उन्हें हमारे गांव के निकटतम रेलवे स्टेशन नादौल भी आना था। हमारे गांव से कई लोग नेहरु को देखने गये थे। कुछ लोग नेहरु की नीतियों से खिन्न भी थे। उन्हीं में से कमता सिंह नामक एक व्यक्ति, जो तनिक जादू-टोना भी किया करते थे, गांव से ही एक ढेला लेकर गये थे। ग्रामवासियों से उन्होंने कह रखा था कि इसी ढेले से वे दूर से ही नेहरु पर प्रहार करेंगे किंतु ऐन मौके पर उस जादूगर का ढेला हाथ से छूटकर नीचे गिर गया और नेहरु को मारने की मुराद पूरी न हो सकी। जैसा कि किस्सा है, 'नेहरु ने उन महाशय का हाथ बांध दिया था।'

2. इतिहास और तात्कालिकता

जवाहरलाल नेहरु ने पिता के पत्र पुत्री के नाम लिखे एक पत्र में अपनी दसवर्षीया पुत्री को जॉन ऑफ आर्क के हवाले से बताया है कि असामान्य परिस्थिति में अत्यंत सामान्य बात भी असाधारण महत्व की हो जाती है। इसे हम अपने गांवों में प्रचलित एक छोटी बात से समझ सकते हैं। बिहार के गांवों में कार्तिक मास में भूरा (उजला गोल कद्दू) दान करने तथा उसकी बलि देने की धार्मिक प्रथा रही है। 1910 के आसपास उत्तर प्रदेश में वार्षिक काली पूजा के अवसर पर सफेद कुम्हड़ा या पेठा की बलि दी जाती थी। यों तो इसका कोई खास अर्थ नहीं था, किंतु लोगों ने इसका अर्थ यह लगाया कि सफेद कुम्हड़ा माने सफेद चमड़ी वाला अंग्रेज।

कुछ दिनों पहले तक राजधानी की सड़कों के किनारे खुले में यत्र-तत्र मूत्रत्याग कर लेने को लोग महज अशिष्टता मान संतोष कर लेते थे। एस पी, डी एम की कोठी के सामने भी ऐसा करने में शायद ही कोई खतरा मानते थे। आज स्वच्छता अभियान के जमाने में ऐसा कहना-करना जोखिम भरा हो सकता है। किंतु आधुनिक भारत के हमारे किसी इतिहासकार मित्र को स्वतंत्रता संग्राम के जमाने की फाइल में कोई भारतीय एस पी, डी एम की कोठी के आगे मूत्रत्याग करता मिल जाए तो उसे स्वतंत्रता सेनानी से कम मानने के लिए शायद ही तैयार होंगे! दरभंगा में 1940 में एक तांगेवाला गिरफ्तार हो गया था। उसने घोड़े को चाबुक मारते हुए केवल इतना कहा था, 'चल रे बेटा हिटलर जैसा'। बस, वह इसी बात पर गिरफ्तार हो गया। (भोगेन्द्र झा, क्रांतियोग, मातृभाषा प्रकाशन, 2002, पृष्ठ 29) 1942 की क्रांति के समय आरा के पास जमीरा में पाखाना फिर रहे कुछ लोगों को गोली मार दी गई थी। (मन्मथनाथ गुप्त, भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन का इतिहास, आत्माराम एंड संस, 2009, पृष्ठ 374) कहने की जरूरत नहीं कि आधुनिक भारतीय स्वाधीनता के इतिहास में वे शहीद हैं।

इसी तरह, अंग्रेजी राज में हमें जो बहुत सारी राजनीतिक डकैतियों के उदाहरण प्राप्त होते हैं उनमें से अधिकतर तो डकैती थी ही नहीं। बंगाल के प्रसिद्ध शिवपुर डकैती के आरोपी अमर बाबू (अमरेंद्रनाथ चटर्जी) ने जैसाकि सीताराम सेक्सरिया को बताया था, 'क्रांतिकारी ने जमींदार से सहायता मांगी तो उस ने कहा, सहायता देना तो दिक्कत की बात है मैं तुम्हें अपना खजाना बता देता हूँ तुम लोग डाका डालकर उसे ले जाओ इस से अच्छी सहायता मिल जायेगी।' (सीताराम सेक्सरिया, एक कार्यकर्ता की डायरी, भाग 1, भारतीय ज्ञानपीठ, प्रथम संस्करण : 1972, पृष्ठ 83) इस प्रकार, राजभक्त दिखने वाले लोगों में से कई गुप्त रूप से क्रांतिकारियों की सहायता करते थे।

3. इतिहास में संयोग की भूमिका

ऐसा तो बिल्कुल ही नहीं है कि 'संयोग की दुहाई केवल कर्महीन नर देते हैं'। बचपन में पढ़ी 'झाँसी की रानी' कविता इस प्रसंग में याद आ रही है। कविता-पंक्ति थी, 'घोड़ा अड़ा नया घोड़ा था, इतने में आ गये सवार।' घोड़ा नया न होता तो शायद अड़ता नहीं। फिर सवार आने से पहले लक्ष्मीबाई वहां से कूच कर गई होती और इस तरह मारे जाने से बच सकती थी। इतिहास इस तरह के असंख्य उदाहरणों से भरा पड़ा है। इस तरह कोई व्यक्ति इतिहास में संयोग की भूमिका को नकार नहीं सकता। वे अवश्य नकारने की भूल करेंगे जो संयोग बोलने पर भाग्य सुन-समझ बैठते हैं।

4.अतीत का गौरव

सिर्फ इतना कहना कि 'अपने भूत के प्रति गौरव और अनुराग हमारे लिए बड़ी ख़तरनाक चीज़ है', काफी नहीं है। हमारा आरंभिक राष्ट्रवाद इसी 'गौरव' और 'अनुराग' पर खड़ा मिलता है। जब हमारा वर्तमान नैराश्यपूर्ण हो तो अतीत का अनुराग और गौरव हमें अवसादग्रस्त होने से बचा सकता है। हाँ, अतीत का गौरव और अनुराग अगर हमारे बेहतर वर्तमान और भविष्य के सपने से न जुड़ा हो तो खतरनाक है।

5. इतिहास में स्त्री

हम वर्षों से पढ़ते-सुनते आ रहे हैं कि अब तक का सारा इतिहास पुरुषों का पुरुषों द्वारा लिखा गया इतिहास है, अर्थात पुरुष अपराधी और जज दोनों की भूमिका निभाता रहा है और मनोनुकूल फैसले लेता रहा है। इतिहास के इन फैसलों को बदलने के लिए जरूरी है कि प्रतिपक्ष को भी सुना जाये। इतिहास की इस पहल से उन नये साक्ष्यों की खोज शुरू हुई है जिन्हें पुरुष प्रभावित कर पाने में लगभग असमर्थ रहे हैं। स्त्री-गीत इतिहास के ऐसे ही साक्ष्य हैं जिनके बारे में लगभग विश्वासपूर्वक कहा जा सकता है कि वे मूलतया स्त्रियों द्वारा रचित एवं संरक्षित हैं। इसलिए स्त्रियों का कोई भी वास्तविक और प्रामाणिक इतिहास स्त्री-गीतों से गुजरे बगैर नहीं लिखा जा सकता।

अभिलेख-बिहार (अंक 6) में शारदा शरण का एक लेख प्रकाशित है जिसका शीर्षक है, 'स्वतंत्रता संग्राम के दौरान की वीर गाथाएं : बक्सर जिला के सन्दर्भ में'। कहने की जरूरत नहीं कि इस लेख में आजादी के दौरान बिहार में प्रचलित गीतों का अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। इन गीतों में लगभग सभी स्थलों पर पुरुषों को संबोधित किया गया है। 'मर्द हो मर्दानगी के साथ, मरना सीख लो', 'चल भइया', 'शाहाबाद के वीर सपूतों' तथा 'अब चले झुण्ड मर्दानों का' आदि संबोधनों का प्रयोग करते हुए पुरुषों का आह्वान किया गया है। एक भी गीत में आश्चर्यजनक रूप से स्त्रियों का आह्वान नहीं है। एक गीत में चर्चा है भी तो आंदोलन के बाधा के रूप में। एक गीत में कहा गया है, 'हम मातृभूमि के सैनिक हैं/अब प्राणों का है मोह कहाँ/केसरिया बाना पहन लिया/नारी बच्चों का छोह कहाँ।' इन गीतों के आधार पर क्या यह कहा जा सकता है कि राष्ट्रीय आंदोलन में बिहार की स्त्रियों की अपेक्षित भागीदारी नहीं थी? अथवा यह कि स्त्रियों के अपने गीतकार नहीं थे? अगर नहीं थे तो क्यों?

6. इतिहास और रामकथा

रामकथा की एक समृद्ध परंपरा है भारतीय भाषा साहित्य में। फादर कामिल बुल्के ने रामकथा पर एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण और मूल्यवान शोधकार्य किया है। संस्कृत और प्राकृत दोनों ही में थोड़े बहुत परिवर्तन के साथ रामकथा मिलती है। तुलसीदास ने इस सम्पूर्ण रामकथा साहित्य का गहन अध्ययन किया था लेकिन उन्होंने  अपनी रामकथा का आधार वाल्मीकि की रामायण को बनाया। वाल्मीकि की रामायण के पहले भी रामकथा की एक सुदीर्घ मौखिक परंपरा थी। कुशीलव नामक जाति के लोग इस रामकथा का लोक में और राजा के दरबार में वाचन किया करते थे। इसी मौखिक परंपरा को आधार बनाकर वाल्मीकि ने रामायण की रचना की। राम कोई ऐतिहासिक पात्र न होकर काल्पनिक कथा के पात्र हैं। वाल्मीकि, बिमलसूरि, कबीर तथा तुलसीदास-सबके अपने अपने और बहुत कुछ मिलते जुलते राम हैं, लेकिन हैं सब के सब काल्पनिक ही । तुलसी के राम बहुत हद तक वाल्मीकि के राम हैं, तो दोनों एक ऐतिहासिक काल में कैसे संभव हैं? कवि से हम इतिहास की मांग ही क्यों करें? साहित्य को साहित्य की तरह पढ़ें। हाँ, हम इतिहास का विवेक जरूर इस्तेमाल करें। इतिहास के सन्दर्भ में मुझे लाला हरदयाल की कही बात हमेशा याद रहती है कि वह हजाम के उस्तरे की तरह है। अगर हजाम सही हुआ तो दाढ़ी बनने के बाद आप सुन्दर लगेंगे, अन्यथा उस्तरा आपको घायल कर सकता है। इतिहास एक सही हजाम की मांग करता है।

प्राचीन भारतीय इतिहास के स्रोत के रूप में साहित्यिक साक्ष्यों के अध्ययन की समीक्षा दिलचस्प हो सकती है. इतिहासकार अपने व्यक्तिगत आग्रहों/पूर्वाग्रहों के कारण साहित्यिक साक्ष्यों के साथ मनमानी करते रहे हैं. इस खेल में आर.एस.शर्मा जैसे प्रख्यात इतिहासकार तक शामिल हैं. एक उदारण देखें-'राम के वन चले जाने पर वाल्मीकि ने अयोध्या का जो वर्णन किया है उससे उजड़े नगर का स्पष्ट संकेत मिलता है. वहां व्यस्त जीवन का कोलाहल नहीं पाया जाता. इसके अलावा गालियों में गाडियां और रथ नहीं चलते, यज्ञ नहीं होते और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पण्य-वस्तुएं फूलों और मालाओं से नहीं सजाई जातीं. दुकानें सौदागरों से खाली हैं: सौदागर अपने व्यापार के अंत से चिंतित हैं.' (आर.एस. शर्मा, भारत के प्राचीन नगरों का पतन, राजकमल प्रकाशन, 1995, पृष्ठ 152) शर्मा जी इससे निष्कर्ष निकालते हैं कि देखिये शहरों का पतन हो रहा है. अब उनको कोई कैसे कहे कि यह वर्णन राम के वन-गमन के बाद हाट-समाज में पसरे दुःख का भी तो हो सकता है ! रामायण की कथा का ऐसे सीधे-सीधे इतिहास के तथ्य के रूप में स्वीकार कर लेना क्या उचित है ?

7. इतिहास के तथ्य और इतिहास बोध

कभी फेसबुक पर कृष्ण कुमार मण्डल जी से 'इतिहास के तथ्य' बनाम 'इतिहास बोध' विषय पर बातचीत हुई, जिसमें कुछ बिंदु पर वे सहमत और कुछ बिंदु पर अंत तक असहमत रहे। असहमति का कारण यह भी हो सकता है कि अपनी बातें मैंने सूत्र रूप में रखी थीं। मेरी टिप्पणी थी कि 'हम इतिहास को इतिहास के तथ्य से जोड़कर देखते हैं, इतिहास बोध से नहीं।' मित्र को लगा कि मैं इतिहास के तथ्य की उपेक्षा कर रहा हूँ और महज इतिहास बोध के आधार पर इतिहास लेखन की वकालत कर रहा हूँ । मण्डल जी ने यह कहते हुए कि 'मैं तथ्य से बाहर जाने का साहस नहीं कर सकता हूँ', इतिहास बोध की उपेक्षा करते रहे क्योंकि वे मानते हैं कि 'इतिहास बोध मिथकों का भी हो सकता है'।

मण्डल जी जाने अनजाने तथ्य को पवित्र और अंतिम मान लेने की भूल करते हैं। इतिहास हमें बताता है कि तथ्य न तो पवित्र होते हैं और न अंतिम। ई. एच. कार ने इस संदर्भ में एक बड़ी रोचक बात कही थी जिसकी तरफ हमारे इतिहासकार बहुत कम ध्यान देते आये हैं। कार ने तथ्य निर्माण की प्रक्रिया की बात कही थी। हिंदी कविता के क्षेत्र में मुक्तिबोध ने कविता की रचना प्रक्रिया का सवाल उठाया था । जिस तरह कविता की रचना प्रक्रिया को समझे बगैर कविता का मर्म नहीं समझा जा सकता है उसी तरह इतिहास में तथ्य निर्माण की प्रक्रिया को समझे बगैर इतिहास के तथ्य की प्रामाणिकता सिद्ध नहीं हो सकती। कविता को समझने में कवि को भी समझना होता है । उसका परिवेश, उसकी शब्दावली एवं अन्य कवियों का प्रभाव तक देखना होता है। अब तो लिंग, जाति, धर्म आदि तमाम बातें देखी जाती हैं। इसी के आधार पर हम तय कर पाते हैं कि सहानुभूति का साहित्य है अथवा स्वानुभूति का। ये ऐसी चीजें हैं जिनके बगैर हम अर्थ का अनर्थ कर सकते हैं। ठीक इसी तरह एक विवेकवान इतिहासकार के लिये तथ्य संदेह से परे न हो सकते हैं न होने चाहिए। एक इतिहासकार का दायित्व न केवल तथ्य के आलोक में वैज्ञानिक और प्रामाणिक इतिहास लिखना है बल्कि स्वयं तथ्य की वैज्ञानिकता एवं प्रामाणिकता की जाँच करना भी है।

इतिहास के तथ्य महज तथ्य नहीं होते, कई दफा वे अपने आप में मुकम्मल इतिहास होते हैं। इंदिरा जब 9-10 साल की बच्ची थी तभी जवाहर लाल नेहरु ने पत्रों के माध्यम से उसे समझाया था, बताया था कि कैसे नदी किनारे बिखरे गोल लाल-काले पत्थर पहाड़ का अभिन्न हिस्सा हैं अथवा स्वयं पहाड़ हैं। पहाड़ के टूटने, नदी के जलप्रवाह तथा अपरदन के अन्य अनेक कारणों को जाने समझे बगैर नदी किनारे मिले गोल पत्थर को पूरी तरह से समझने का दावा नहीं किया जा सकता। वैसे ये पत्थर अपनी विकासयात्रा की पूरी कहानी अपने साथ लिए चलते हैं, लेकिन जिसे इस कहानी में रुचि नहीं है या जिसमें अव्यक्त को पकड़ने की क्षमता नहीं है, नदी किनारे पड़े उस निठल्ले और बेजान पत्थर को उसके समूचे इतिहास से काटकर देखेगा। ठीक उसी तरह इतिहास दृष्टि से हीन व्यक्ति इतिहास के तथ्य को समग्रता में समझने का दावा नहीं कर सकता। ये तथ्य कई बार सूत्र रूप में होते हैं। उसकी व्याख्या उसके अतीत में होती है। उस व्याख्या को समझना ही दरअसल तथ्य को सही सन्दर्भ में समझने की शर्त है। साल दो साल से अधिक समय नहीं गुजरा है जब एक अखबार में चौंकानेवाला तथ्य देखने को मिला था। खबर थी कि अधिकतर भारतीय पत्नियां पति द्वारा की गई पिटाई को बुरा नहीं मानतीं। यह एक तथ्य है, ग्रामीण भारतीय समाज का सच है। भारतीय पत्नियों की कंडीशनिंग और पितृसत्ता के मकड़जाल को समझे बगैर इस तथ्य की शल्य चिकित्सा नहीं हो सकती । एक दृष्टि सम्पन्न इतिहासकार ऐसे तथ्यों का न सिर्फ वैज्ञानिक विश्लेषण करेगा बल्कि तथ्य के इर्द-गिर्द फैली व्याख्या को भी ध्यान में रखेगा।

इतिहास बोध और इतिहास के तथ्य के संदर्भ में मदन कश्यप की कविता की याद आ रही है जिसमें वे कहते हैं कि स्त्रियों ने चूल्हे की आग को राख की परतों में जिन्दा रखा है। चूल्हे में आग अथवा राख का होना अगर इतिहास का तथ्य है तो आग को बचाए रखने की जद्दोजहद सम्पूर्ण स्त्री जाति का इतिहास है, साथ ही आग और राख का इतिहास भी। इसलिए एक जेनुइन इतिहासकार निश्चय ही इतिहास के तथ्य को महज एक तथ्य मानने की भूल कदापि न करेगा ।

जो इतिहासकार ज्ञात तथ्यों को एकत्र कर अंतिम विश्लेषण में जुट जाते हैं वे दरअसल एक ऐतिहासिक भूल करते हैं। कई दफा हम जिसे तथ्य समझ रहे होते हैं दरअसल वह तथ्य होता ही नहीं है, तथ्य उससे परे होता है. जिसे हम वास्तविक तथ्य समझते हैं वह तो तथ्य का आभास भर होता है। वैज्ञानिक तथ्य है कि सूर्य की किरणों को पृथ्वी तक आने में आठ मिनट का समय लगता है, अर्थात सूर्य को हम आठ मिनट विलम्ब से देखते हैं। सूर्यास्त के साथ भी यही सच्चाई है। सूर्य से चली अंतिम किरणों को हम आठ मिनट बाद ही देख पाते हैं जबकि हम पृथ्वीवासियों के लिए आठ मिनट पहले ही सूर्य 'विदा' बोल चुका होता है। ठीक उसी तरह काल गणना में या तो भूत हो सकता है अथवा भविष्य, वर्तमान महज एक विभाजक रेखा है। या तो आप भूतकाल में होते हैं या तो भविष्य में। वर्तमान में होना दरअसल नहीं होना है लेकिन हम हैं कि वर्तमान को मुट्ठी में कस लेना चाहते हैं।

इतिहासकारों द्वारा हमें बार-बार लगभग चेतावनी की भाषा में बताया जाता रहा है कि इतिहास में अगर-मगर अथवा संयोग की कोई भूमिका नहीं होती है। मसलन, इतिहास में ऐसे प्रश्नों के लिए कि 'अमुक घटना नहीं होती तो इतिहास का स्वरूप क्या होता' अथवा 'गाँधी नहीं होते तो देश आजाद होता अथवा देश विभाजन होता या नहीं', जैसे प्रश्न इतिहास के विद्यार्थी के लिये बेमानी हैं। आप कह ले सकते हैं कि इस तरह इतिहास खुद 'ऐतिहासिक नियतिवाद' का शिकार है। किंतु तथ्य निर्माण की प्रक्रिया के अनुभव इतिहास में संयोग की भूमिका से इनकार नहीं करते। तथ्य का बनना न बनना महज संयोग भी हो सकता है। इस संदर्भ में बचपन में पढ़ी कविता, जिसका संबंध रानी लक्ष्मीबाई की जीवन घटनाओं से है, अत्यंत मूल्यवान अर्थ दे सकती है। कविता की पंक्ति है, 'घोड़ा अड़ा नया घोड़ा था, इतने में आ गए सवार'। इसके बाद जो हुआ वह हमारे आपके लिए इतिहास का तथ्य है। इस प्रसंग में आलोकधन्वा की कविता 'भागी हुई लड़कियां' भी कुछ बात जोड़ती है। कवि हमें सावधान करता है कि सिर्फ एक लड़की के भागने की बात स्वीकार मत कर लेना क्योंकि और भी लड़कियां हैं जो अपनी डायरी, अपने रतजगे और अपने सपने में भागी हैं। उनकी आबादी कई गुना ज्यादा है लेकिन जो अख़बार के किसी कोने में दर्ज नहीं है। ये लड़कियां भी इतिहास के समय को उतना ही ज्यादा प्रभावित करती हैं जितना एक 'सचमुच की भागी हुई लड़की', लेकिन एक इतिहासकार तो वही पढ़ेगा जो दीमक लगे दस्तावेज में दर्ज है ।

तथ्य निर्माण की प्रक्रिया सरल, सहज व एकरेखीय नहीं होती। परंपरा, लोक रीति, आचार- विचार व नैतिक मूल्य- ये सभी तथ्य निर्माण की प्रक्रिया को गहरे प्रभावित करते हैं। अक्सर अख़बारों में खबर छपा करती है कि आज दो सौ यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। निस्संदेह इसमें कुछ वैसे यात्री भी होते हैं जो टिकट जाँचकर्ता को पैसे दे दिलाकर 'खबर का हिस्सा' बनने से बच जाते हैं। क्या कभी अख़बार में यह खबर छपी कि कुछ बिना टिकट यात्रा करते यात्री महज इसलिए बच गये कि जांचकर्ता ने उससे घूस की रकम खायी थी। ऐसी घटनाएं रोज ही घटती हैं पर दर्ज होने से हमेशा रह जाती हैं। कुछ साल हुए जब मुझे एक अप्रिय खबर हाथ लगी थी। घटना थी कि मेरा कभी का छात्र रह चुका बच्चा किसी की बाइक लेकर गायब हो गया। यह खबर पहले पुलिस तक गई और फिर इंजीनियर दादाजी के पास। दादाजी अपने इलाके के एक प्रतिष्ठित नागरिक थे। अपनी 'प्रतिष्ठा की रक्षा' में वे थाने पहुंचे और थानेदार देवता की पूजा कर मामले को रफा दफा किया- कराया। लोगबाग चर्चा कर रहे थे कि 'देखिए एक प्रतिष्ठित दादा का पोता कैसा भारी चोर निकल गया!' दूसरी ओर, वे इस बात पर राहत व्यक्त कर रहे थे कि ये तो थानेदार 'बेचारा भला आदमी' निकला जिसने ले-लिवाकर दादा के चेहरे पर 'कालिख पुतने' से बचाया। यह कैसा सामाजिक मूल्य है कि लड़कपन में जिसने गाड़ी उठा ली वह भारी चोर हो गया और जिसने घूसखोरी जैसा घोषित अपराध किया वह 'बेचारा भला आदमी' बना। क्या आप अब भी इस बात से सहमत नहीं होंगे कि इतिहास के तथ्य न तो 'पवित्र' होते हैं और न तो हो सकते हैं। कभी कभी तो दूरदर्शन के चैनलों पर घटना की लाइव प्रस्तुति दिखाई जाती है। कई बार प्रस्तुति के क्रम में दुर्घटना तक घट जाती है। दूसरे दिन अख़बार में निकलता है कि गहरे तालाब में डूबकर बच्चे की मौत हो गयी। सवाल है कि बच्चा डूबा या कि डूबने दिया गया या कहें कि डूबा दिया गया। खबर तो यह होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसी खबर आपने देखी-पढ़ी है क्या?

8. संदेह से परे नहीं हैं तथ्य

राम बख्श जी, आपकी टिप्पणी पहली नजर में किसी को निर्दोष लग सकती है, लेकिन ऐसी है नहीं। आपकी कुछ बातों को मैं यहाँ फिर से रखने की अनुमति चाहूँगा। आप ऊपर की पंक्ति में लिखते हैं कि 'तथ्य को झुठलाया नहीं जा सकता। वे वस्तुगत होते हैं।' किन्तु नीचे की पंक्ति में आपकी धारणा बदल जाती है और आप यह कहे बिना नहीं रह पाते कि 'आज प्रत्येक तथ्य संदिग्ध है'। कहने की जरूरत नहीं कि आप संदेह का कारण भी जानते हैं। आप इस बात से अवगत हैं कि समय में परिवर्तन के साथ सिर्फ इतिहास ही नहीं बदल रहा बल्कि इतिहास के तथ्य भी बदल रहे हैं। हाँ, इस तथ्य में परिवर्तन के कारणों को आप नहीं समझ पा रहे क्योंकि आप मानकर चल रहे हैं कि तथ्य तो यथार्थ और वस्तुगत हैं जबकि इतिहास कहानी। नहीं, इतिहास के तथ्य भी उतने पवित्र और निर्दोष नहीं होते जितना आप मानते हैं। दूसरी बात यह कि जिस 'गुण' के कारण इतिहास आपके लिए कहानी है वही उसकी ताकत है। अगर ऐसा नहीं होता तो बहुत पहले 'अंतिम इतिहास' लिख दिया गया होता और हम 'इतिहास के अंत' या 'अंतिम इतिहास' की घोषणा पर छाती नहीं कूट रहे होते!

9. इतिहास और परंपरा

एक इतिहासकार के लिए स्थानीय संस्कृति और परिवेश का ज्ञान आवश्यक है। कई साल पहले एक इतिहासकार वीर कुंवर सिंह पर शोध के सिलसिले में भारत आये थे। उन्होंने एक फाइल में burhi शब्द देखा जिस पर कुंवर साहब ने कभी एक लाख रुपये खर्च किये थे। उक्त इतिहासकार ने लिखा क़ि वीर कुंवर सिंह की एक बूढी हो चली रखैल थी जिस पर उन्होंने रुपये खर्च किये थे। एक जमींदार के बारे में ऐसा निष्कर्ष निकालना तनिक सुविधाजनक भी था। कुछ दिनों बाद उसी फाइल को एक बिहारी इतिहासकार ने देखा और burhi को बरही पढ़ा। लिखा क़ि कुंवर सिंह ने पोते की बरही पर लाख रुपये खर्च किये थे। यद्यपि यह किस्सा है, लेकिन है सारगर्भित।

Wednesday, October 27, 2010

अम्बेदकर की इतिहास दृष्टि


जो पीढ़ी इतिहास में हस्तक्षेप नहीं करती, इतिहास निश्चय ही उसका अनादर कर बैठता है। इसलिए इतिहास को प्रभावित करनेवाले गांधी, नेहरु और अम्बेदकर -सभी इतिहास की नवीन व्याख्या प्रस्तुत करते हुए इसकी धारा को मोड़ने की कोशिश करते हैं। वे इतिहास की उन धारणाओं, स्थापनाओं से भी टकराते हैं जो समाज को गति प्रदान करती हैं। ‘इतिहास में व्यक्ति की भूमिका’ सदैव विवाद के केन्द्र में रही है। खासकर मार्क्स द्वारा इतिहास की भौतिकवादी व्याख्या पेश किये जाने के बाद यह विवाद और भी गहराता नजर आया है। इस सवाल ने अम्बेदकर को भी खासा परेशान किया था। वे लिखते हैं, ‘क्या इतिहास महापुरुषों का जीवन-चरित्र होता है ? यह प्रश्न प्रासंगिक भी है और महत्त्वपूर्ण भी। क्योंकि यदि महापुरुष इतिहास के निर्माता नहीं तो कोई कारण नहीं कि हम सिनेमा के सितारों से अधिक ध्यान उनकी ओर दें।’ (अम्बेदकर वांग्मय , खंड,1, पृष्ठ 225)। आगे अम्बेदकर इस संबंध में अब तक दिए गए विचारों का एक वर्गीकरण तैयार करते हैं-‘कुछ लोग ऐसे हैं जो इस बात पर जोर देते हैं कि एक व्यक्ति कितना भी महान हो, समय ही उसका सृजनहार है, समय ही उसको बनाता है समय ही सब कुछ करता है। वह कुछ नहीं करता है।’ (वही, पृष्ठ 255)। अम्बेदकर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहते हैं, जिन लोगों का यह विचार व मत है, मेरे विचार से वे इतिहास की गलत व्याख्या करते हैं।’

अम्बेदकर ने इतिहास के सिद्धांतकारों का जो वर्गीकरण किया है उसके अनुसार अगर मानें तो ‘ऐतिहासिक परिवर्तनों के संबंध में तीन अलग-अलग मत रहे हैं। हमारे पास इतिहास के ऑगेस्टेनियन सिद्धांत हैं जिसके अनुसार इतिहास केवल एक दैवी योजना की अभिव्यंजना है। इसके अंतर्गत मानव जाति को युद्ध तथा पीड़ा झेलते हुए उस समय तक निरंतर बने रहना है जब तक वह दैवी योजना कयामत के दिन पूरी न हो सके। बर्कले का मत है कि इतिहास की रचना भूगोल तथा भौतिकी ने की है। कार्ल मार्क्स ने तीसरा मत प्रतिपादित किया है। उसके अनुसार इतिहास आर्थिक शक्तियों का प्रतिफल है। इन तीनों में से कोई भी यह स्वीकार नहीं करता कि इतिहास महापुरुषों की जीवनी होता है।’ (वही, पृष्ठ 255)। आगे वे और स्पष्ट करते हैं ‘जहां तक बर्कले और मार्क्स का संबंध है, यद्यपि उनके कथन में सत्यता है, परंतु उनके मत पूर्ण सत्य को निरूपित नहीं करते। उनका यह मत बिल्कुल गलत है कि इतिहास के निर्माण में व्यक्ति से इतर शक्तियां ही सब कुछ होती हैं और व्यक्ति का उसे बनाने में कोई हाथ नहीं होता है।’ (वही)। अम्बेदकर अपना फैसला सुनाते कहते हैं, ‘व्यक्ति से इतर शक्तियां एक निर्धारी कारक होती हैं इससे इनकार नहीं किया जा सकता। परंतु यह बात भी स्वीकारी जानी चाहिए कि व्यक्ति से इतर शक्तियों का प्रभाव व्यक्ति पर निर्भर करता है।’ (वही)।

इतिहास के निर्माण में व्यक्ति की भूमिका को रेखांकित करने के क्रम में अम्बेदकर, कार्लाइल की पंक्ति उद्धृत करना नहीं भूलते। ‘जरूरी नहीं कि कोई युग नष्ट-भ्रष्ट हो ही, यदि वह पर्याप्त महान एवं विद्धान व्यक्ति को प्राप्त कर ले। यदि समय की सही मांग को पहचानने वाले ज्ञान चक्षु हों, उसे सही मार्ग दिखाने का साहस एवं शौर्य हो तो किसी भी युग का उद्धार हो सकता है।’ (वही, पृष्ठ 255) अम्बेदकर के अनुसार, यह उनलोगों के लिए एक बिल्कुल निर्णायक उत्तर प्रतीत होता है, जो इतिहास को बनाने में मनुष्य को कोई स्थान देने से इनकार करते हैं। मनुष्य इतिहास के निर्माण का एक साधन है और पर्यावरण संबंधी शक्तियों के, चाहे दैवी हों या सामाजिक, भले ही सर्वप्रथम हों, पर वे अंतिम चीज नहीं हैं। (वही, पृष्ठ 256)। कोई अल्पज्ञात ही कहेगा कि मार्क्स परिवर्तनकारी शक्तियों में व्यक्ति की भूमिका स्वीकार नहीं करते। अलबत्ता ‘दैवी शक्तियों’ पर तो स्वयं इतिहास का भी कोई वश नहीं होता!

इतिहास की अपनी अवधारणा में नेहरु, अम्बेदकर के उलट मार्क्स के ज्यादा करीब हैं और कार्लाइल व हीगेल से कोसों दूर। सन् 1928 में नेहरु ने इतिहास को परिभाषित करते हुए लिखा, ‘इतिहास युद्धों एवं योद्धाओं की कहानी नहीं है। यह हमें कुछ चुनिंदा लोगों के ही बारे में नहीं बताता बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि किसी भी देश में आमजन की स्थिति क्या है। सच्चा इतिहास आमजन का इतिहास होता है जिनके श्रम से किसी देश की महान सभ्यता की नींव पड़ती है। (वी.सी.पी.चौधरी, सेक्यूलरिज्म वर्सस कम्युनलिज्म , पृष्ठ 112)। नेहरु के लिए महापुरुषों के जन्म की घटना भी कोई चमत्कार नहीं है। वे बहुत साफ समझते हैं कि असाधारण समय में अत्यंत साधारण मनुष्य भी कैसे असाधारण हो जाते हैं। नेहरु ने इंदिरा को पत्रों के माध्यम से यह बात तब समझाई थी जब वह महज दस साल की बच्ची थी।

अम्बेदकर ने जिस चीज को समझने के लिए अधिक श्रम और समय दिया है, वह है भारत की जाति व्यवस्था। जाति व्यवस्था को समझने के लिए उन्हें वर्ण व्यवस्था से भी टकराना पड़ा। फलतः कुछ अत्यंत ‘मौलिक’ बातें ढूंढ़ निकाली। उनका मानना है कि ‘जाति का आधारभूत सिद्धांत वर्ण के आधारभूत सिद्धांत से मूल रूप में भिन्न है, बल्कि मूल रूप से परस्पर विरोधी है। पहला सिद्धांत गुण पर आधारित है। यह सारी गड़बड़ी जाति व्यवस्था की है वर्ण व्यवस्था की नहीं।’ शायद इसीलिए अम्बेदकर ‘आदर्श वर्ण व्यवस्था’ को स्थापित करने की बात करते हैं। ‘उसके उद्येश्य से वर्ण व्यवस्था की स्थापना के लिए पहले जाति व्यवस्था को समाप्त करना होगा।’( अम्बेदकर वांग्मय , खंड,1, पृष्ठ 81)। अम्बेदकर के इस पेंच को थोड़ा ढीला करने के लिए हम यहां महज इतना भर जोड़ देना आवश्यक समझते हैं कि ‘चूंकि वर्ण व्यवस्था में, कल्पित श्रम विभाजन में आरंभ से ही उसके वंशानुगत रूप पर जोर दिया गया, इसलिए वर्ण से जाति का भी बोध हो सकता था और इन दोनों शब्दों का प्रयोग एक दूसरे के स्थान पर भी हो सकता था। बंगाल से प्राप्त दसवीं सदी के एक ताम्रपत्र लेख में उल्लिखित बृहच्छत्रिवण्ण (एक ऐसा गांव जिसमें छत्तीस वर्ण के लोग रहते हैं) नामक गांव से पता चलता है कि आम व्यवहार में इन दोनों शब्दों का प्रयोग बिना किसी भेदभाव के किया जाता था।’ (पुष्पा नियोगी, ब्राह्मणिक सेट्लमेंट्स इन डिफरेंट सब डिवीजन्स ऑफ बंगाल , पृष्ठ 55)। वर्ण और जाति व्यवस्था में सम्मिलित लोगों की दृष्टि में इन दोनों शब्दों के समानार्थी होने से संकेत मिलता है कि वर्ण और जाति दो भिन्न प्रणालियां नहीं बल्कि एक ही प्रणाली थे। और यह तो सर्वविदित ही है कि स्वयं हिन्दू आज भी, जाति प्रथा के वर्ण से लेकर, समाजशास्त्रियों की भाषा में बात करें तो ‘उपजाति’ तक के सभी स्तरों के लिए जाति शब्द का ही प्रयोग करते हैं। इस प्रकार स्पष्ट है कि वेदोत्तर काल के बौद्ध तथा ब्राह्मण साहित्य में बार-बार उल्लिखित जाति शब्द का मतलब आवश्यक रूप से यह नहीं निकालना चाहिए कि वर्ण व्यवस्था में समाये मूल्यों और व्यवहारों से भिन्न प्रकार के मूल्यों और व्यवहारों पर आधारित कोई जाति व्यवस्था ई. सन् के आरंभ से कुछ सदी पूर्व काम कर रही थी।

अम्बेदकर यह भी कहते हैं कि ‘गुण के आधार पर चातुर्वर्ण्य को ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र के अनर्थकारी नामों से रखना -जिनसे जन्म के आधार पर सामाजिक विभाजन का संकेत मिलता है, समाज के लिए फंदे की तरह है।’ ( अम्बेदकर वांग्मय , खंड,1, पृष्ठ 81)। लेकिन दुर्भाग्य है कि इसी फंदे को अपनाकर बौद्ध धर्म क्रांतिकारी हो जाता है, अथवा यों कहें कि वर्ण व्यवस्था में विश्वास रखते हुए भी बौद्ध धर्म की क्रांतिकारी भूमिका कायम रहती है। यह एक ऐतिहासिक तथ्य है और अब किसी से छिपा भी नहीं है कि एक गंभीर बहस (आत्मचिन्तन) के बाद गौतम बुद्ध ने क्षत्रिय वर्ण में जन्म लिया। यह और बात है कि यह बहस कहीं बाहर समाज में नहीं बल्कि बुद्ध के अंतर्मन में चली। जातक कथाओं के अध्ययन से साफ पता चलता है कि बुद्ध ब्राह्मण एवं क्षत्रिय कुल में ही जन्म लेना श्रेयस्कर मानते थे। ब्राह्मण-क्षत्रिय कुल के अनुसार क्षत्रिय कुल लोकमान्य है, इसलिए श्रेष्ठ है। क्षत्रियत्त्व की श्रेष्ठता से अम्बेदकर भी खासे प्रभावित लगते हैं। कहना न होगा कि अपनी पुस्तक में अम्बेदकर शूद्र को क्षत्रिय साबित करने में काफी श्रम और समय लगाते हैं। इस तथ्य से कि बुद्ध ने वर्णक्रम को स्वीकार किया है, अम्बेदकर इस बात से अनजान नहीं हो सकते।

लेकिन कहना पड़ेगा कि अम्बेदकर को इतिहास का अज्ञान (अ-ज्ञान) है। वे कहते हैं, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि चातुर्वर्ण्य के समर्थकों ने यह नहीं सोचा कि उनकी इस वर्ण व्यवस्था में स्त्रियों का क्या होगा ? क्या उन्हें ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र-चार वर्णों में विभाजित किया जाएगा या उन्हें अपने पतियों का दर्जा प्राप्त कर लेने दिया जाएगा ? यदि स्त्री का दर्जा शादी के बाद बदल जाएगा तो चातुर्वर्ण्य का क्या होगा अर्थात क्या किसी व्यक्ति का दर्जा उसके गुण पर आधारित होना चाहिए। इस स्थिति में चातुर्वर्ण्य के समर्थकों को स्वीकार करना होगा कि उनकी वर्ण व्यवस्था स्त्रियों पर लागू नहीं होती।’ (वही, पृष्ठ 83)। अम्बेदकर को यह कैसे मालूम नहीं हो सकता कि संपूर्ण हिन्दू शास्त्र (मनुस्मृति विशेष रूप से) में स्त्रियों की गिनती शूद्रों के साथ होती रही है। क्या यह भी किसी को बताने की जरूरत है कि शूद्र की अयोग्ताएं एक स्त्री की भी अयोग्यताएं हैं। शूद्र और स्त्री भारतीय संस्कृति में वेदपाठ एवं अन्य धार्मिक अधिकारों के मामले में समान रूप से उपेक्षित और वंचित रहे हैं। क्या कोई बता सकता है कि जनेऊ पहनने का अधिकार शूद्र एवं स्त्री में किसे प्राप्त है। संस्कृत नाटकों में स्त्री और शूद्र क्या समान रूप से ‘हीन’ (अपभ्रंश) भाषा का प्रयोग करते नहीं पाये जाते ? इतिहास के ये तथ्य अम्बेदकर के लिए किसी ‘काम’ के साबित नहीं होते। उन्हें तो कबीर की फटकार भी सुनाई नहीं देती-‘‘मोटी जनेऊ ब्राह्मण पेठो, ब्राह्मणी को नहीं पहनाई। जनम जनम को भई वो सूदा, उने परस्यो तने खाई।।’’ कारण शायद यह रहा हो कि स्वयं बुद्ध ने ही स्त्रियों का घोर विरोध कर डाला था। अम्बेदकर में बुद्ध के खिलाफ जाने की हिम्मत न थी। विरासत का तिरस्कार! बौद्ध धर्म-दर्शन शायद अम्बेदकर के लिए ‘डूबते को तिनके का सहारा’ जैसा था।

अम्बेदकर का मानस पूर्वग्रह से ग्रस्त है, इसलिए कई चीजों से जान-बूझकर बचने की कोशिश करता है, पीछा छुड़ाने की शैली में। इसलिए अवैज्ञानिक नतीजे निकाल लेता है। वे कहते हैं, ‘भारतीय इतिहास में केवल एक ऐसा काल है, जिसे स्वतंत्रता, महानता और गौरवपूर्ण युग कहा जाता है। वह युग है मौर्य साम्राज्य। सभी युगों में देश में पराभव और अन्धकार छाया रहा है। लेकिन मौर्य काल में चातुर्वर्ण्य को जड़ मूल से समाप्त कर दिया गया था। मौर्य युग के शूद्र जिनकी संख्या काफी थी, अपने असली रूप में सामने आए और देश के शासक बन गए। इतिहास में पराभव और अंधकार का युग वह था जब चातुर्वर्ण्य देश के अधिकांश भाग में अभिशाप बनकर फैल गया।’ (वही, पृष्ठ 86)। कहना होगा कि मौर्य काल से संबंधित जितने भी देशी-विदेशी विद्वान हैं, चाणक्य से लेकर मेगास्थनीज तक-किसी ने भी चातुर्वर्ण्य व्यवस्था के लोप की बात न कही है। मौर्य काल का वैभव और उसकी महानता, देशी शूद्रों और कलिंग-युद्ध में लाखों की संख्या में बंदी बनाये गये दासों से पैदा हुई, जिन्हें कृषि-दासों में परिणत कर बड़े-बड़े राजकीय फार्मों में लगाया गया। अलग से कहने की जरूरत नहीं है कि मौर्यों के पास सबसे बड़ी सेना, सबसे बड़ी नौकरशाही और साथ ही सबसे बड़ी गुप्तचर व्यवस्था थी। शायद यही कारण है कि प्राचीन भारत के इस ‘महान’ युग में किसानों से टैक्स की अधिकतम दर वसूल की जाती थी। किसान शोषण से तंग आकर गांव तक छोड़ देने को मजबूर थे। तक्षशिला के किसानों ने बिंदुसार एवं अशोक- दोनों ही महान मौर्य शासकों के काल में विद्रोह किया था। चाणक्य राजकोष भरने के लिए सही-गलत कई आश्चर्यजनक तरीके बताता है। वह अर्थशास्त्र में लिखता है कि जरूरत पड़ने पर राजा देवताओं की मूर्त्तियां बनवाकर बाजार में बेचे, जनता की धार्मिक भावना का दोहन करे, अंधविश्वास पैदा करे। फिर भी अम्बेदकर के लिए मौर्य काल महान काल है क्योंकि उनकी दृष्टि व्यक्ति से बनती है, समय और समाज की भौतिक सामाजिक परिस्थितियों से नहीं। और फिर शायद इसलिए भी कि इस युग में चातुर्वर्ण्य समाप्त हो गया था, कि शूद्र अपने ‘असली’ (बतौर शासक) रूप में सामने आए थे।