Wednesday, September 9, 2026

बाबा नागार्जुन : कुछ टिप्पणियां

मैं निराला के गोत्र का नहीं हूं

नागार्जुन कहते थे कि 'मैं निराला के गोत्र का आदमी नहीं हूँ। निराला में बहुत कुछ ऐसा है जो अभिजातों के ड्राइंग रूम में सजाने लायक हैं, मुझमें नहीं। मेरा गोत्र औघड़ों का है। मुझे करीब बिठाने में बहुत हिम्मत की जरूरत पड़ेगी। निराला भी साहसिक हैं पर उनके साहस में सांस्कृतिक परिष्कार भी है। मुझमें इस तुलना में थोड़ा फूहड़पन और भदेसपन है। ...मैं सीधे-सीधे गाली बक सकता हूँ नाम लेकर। निराला यही सब प्रतीकों के जरिए करेंगे। मैं इस सीमा के बाहर भी चला जाता हूँ।' (विजय बहादुर सिंह, 'बातचीत आसान नहीं थी नागार्जुन से', परिषद-पत्रिका, वर्ष 38, अंक 1-4, दिसंबर 1999)

नागार्जुन जनकवि थे और जनकवि हकलाते नहीं-'जन-कवि हूँ मैं, साफ कहूँगा/क्यों हकलाऊँ।' जनकवि जन से जुड़ने के उत्साह में कविता के नाम पर कभी-कभी 'सीमा के बाहर जाकर' अण्डबण्ड (ट्रैश) भी लिख दिया करते थे। (डॉक्टर कुमार विमल, परिषद-पत्रिका, वर्ष : 38, अंक 1-4) नागार्जुन अश्लील या भदेस शब्दों के प्रयोग में संकोच नहीं करते-एक-दूसरे के गुह्य अंगों को सूंघने का निर्लज्ज चित्रण भी कर देते और ऐसी भद्दी भाषा लिखने में भी उन्हें कोई हिचक नहीं होती-'कोई ससुर आपकी झांट नहीं उखाड़ सकता'। (भूल जाओ पुराने सपने, वाणी प्रकाशन, दिल्ली, 1994, पृष्ठ 11; डॉक्टर विमल कुमार, पूर्वोद्धृत, पादटिप्पणी संख्या 26, 27)

दिनकर अपने समय के सूर्य रहे होंगे इस बात में संदेह का कोई कारण नहीं दिखता बल्कि 'जनकवि' की ईर्ष्या उसके प्रखर ताप का सबूत देती है। नागार्जुन के मन में दिनकर के प्रति एक खुन्नस रहती थी। 'तिकड़म के ताऊ' शीर्षक कविता में नागार्जुन ने लिखा है--

'नये पुराने लेखों के संकलन छपाना।

आप लगाना फेरी खा खा उन्हें छपाना।

पास मिलेगा अब पहले दर्जे का तुमको

पार्ल में रहो सूंघते नील कुसुम को

नेहरू छींके, मौलाना को हो खुजलाहट

मिल जायेगी तुमको घर बैठे ही आहट।' 

(डॉक्टर कुमार विमल, नागार्जुन : 'एक-एक दाने की खातिर सौ-सौ पापड़ बेले', परिषद पत्रिका, वर्ष 38, अंक 1-4, पृष्ठ 46, पादटिप्पणी संख्या 23 में उद्धृत) राममनोहर लोहिया पटना आते ही कवि नागार्जुन की खोज करते थे क्योंकि उन्होंने नेहरू की आलोचना करते हुए कविता लिखी थी। (परिषद पत्रिका, वर्ष 38, अंक 1-4, दिसम्बर 1999, पृष्ठ 198)

'नागार्जुन जीवन के व्यावहारिक धरातल पर बहुत ही चतुर-चालाक थे और लाभकारी प्रसंगों में बेदारमग्जी से काम लेते थे। यह कहना, शायद, अनुचित नहीं होगा कि नागार्जुन 'निरे साहित्यकार' नहीं थे-लक्ष्मी को अपमानित करनेवाले कवि नहीं थे।' (डॉक्टर कुमार विमल, परिषद पत्रिका, वर्ष : 38, अंक : 4, पृष्ठ 35)

आपातकाल और सम्पूर्ण क्रांति के दिनों में नागार्जुन, लोकनायक के साथ थे। कविता से लेकर जेल तक। फिर साथ छोड़ दिया। जेल से छूटने के बाद बाबा नागार्जुन लोगों को एक कविता सुनाते थे-'कदमकुआं, हुआँ, हुआँ, हुआँ', यानी सियार लोग जहाँ जमा थे, वही कदमकुआं था। कहने की जरूरत नहीं कि पटना के कदमकुआं मुहल्ले में जयप्रकाश बाबू रहते थे!

जब नागार्जुन पर चली थी अपूर्वानंद की तलवार

कभी पटना प्रगतिशील लेखक संघ की ओर से 'धारा' नाम से एक बुलेटिन जारी हुई थी जिसमें अपूर्वानंद जी का चर्चित और विवादास्पद लेख 'नागार्जुन की राजनीति' छापा गया था। कहने की जरुरत नहीं कि इस लेख में नागार्जुन को सोवियत-विरोधी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का विरोधी साबित किया गया था। बौद्धिक जगत में इस लेख को लेकर काफी प्रतिक्रिया हुई थी। 

यह लेख 1985 में आया था। खगेन्द्र ठाकुर ने उसके लेखक और भूमिका लेखक (बाद में ससुर-दामाद) दोनों को निजी तौर पर बता दिया था कि यह लेख उचित नहीं है। बिहार प्रगतिशील लेखक संघ ने भी अपने को उससे अलग बताया। इस विवाद में भीष्म साहनी जी ने एक पत्र लिखा और स्पष्ट कहा कि लेखक को लिखने की आजादी है, लेकिन उसे प्रगतिशील लेखक संघ से नहीं छापना चाहिए था। (देखें, खगेन्द्र ठाकुर, प्रगतिशील आंदोलन के इतिहास-पुरुष, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ 92)

उसके कुछ दिनों के बाद जमशेदपुर में प्रगतिशील लेखक संघ का राज्य सम्मेलन हुआ। नामवर जी उद्घाटन करने पहुंचे थे। जब नामवर जी जमशेदपुर पहुँच गये, तो उनसे मिलने खगेन्द्र ठाकुर होटल में गये। मिलते ही उन्होंने पूछा, 'खगेन जी यह सब क्या हो रहा है?' खगेन्द्र जी ने पहले समझा नहीं, इसलिए पूछा, क्या हो रहा है? अरे यह 'नागार्जुन की राजनीति' का मामला! "ओह, वह, मैंने भी छपने पर उसे देखा और पढ़ा।" "ऐसा है?" खगेन्द्र जी ने कहा, "जी हां"। वे बोले, "समझ गया"। नामवर जी को अध्यक्षीय भाषण करना था। उन्होंने समकालीन कविता और उसके मूल्यांकन की समस्या पर बोलते हुए उग्र स्वर में कहा, "आज नागार्जुन की राजनीति पर संदेह किया जा रहा है, उन पर प्रश्न उठाया जा रहा है। मुझे भी कुछ लोगों ने पिछले बीस-पच्चीस वर्षों से संशोधनवादी घोषित कर रखा है। लेकिन मैं जो काम तब कर रहा था, वही आज भी कर रहा हूँ। कुछ लोग लगे हैं प्रगतिशील लेखक संघ को झाड़ू से बुहारकर साफ कर देने को, गोया यह लेखक संघ न हुआ मेहतरों का संघ हो गया। ...हमारे बीच कुछ लोग हैं जिनके हाथ में खून की प्यासी तलवार है, उन्हें जब दुश्मन नहीं मिलता तो अपने घर में ही तलवार भांजने लगते हैं।" (देखें, खगेन्द्र ठाकुर, प्रगतिशील आंदोलन के इतिहास-पुरुष, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ 116-17)

गद्य लिखो बेटा गद्य

नागार्जुन पत्र खूब लिखा करते थे। कहा जाता है कि उनका झोला पोस्टकार्ड और अंतर्देशीय से भरा होता था। कुछ पत्र उन्होंने नंदकिशोर नवल को भी लिखे थे। नवल जी तब युवा थे और गीत-नवगीत लिखा करते थे। नागार्जुन को मालूम था कि गीत-गवनई में लड़के का भविष्य उज्ज्वल नहीं है। इसलिए एक डांटभरी चिट्ठी नवल जी को पकड़ा दी। लिखा-गद्य लिखो बेटा गद्य नहीं तो साहित्य की दुनिया से बाहर कर दिये जाओगे!

साहित्य, संस्कृति और राजनीति

बाइबिल में प्रार्थना है कि 'हे प्रभु! मुझे आज की रोटी दो' किन्तु 'मनुष्य सिर्फ रोटी के सहारे जीवित नहीं रह सकता'। इस कथन का सरलार्थ है कि मनुष्य अन्य पशुओं की तरह सिर्फ शारीरिक क्षुधा को तृप्त करने का प्रयास नहीं करता बल्कि वह अपनी मानसिक क्षुधा को भी तृप्त करता है। मनुष्य अन्य पशुओं से अलग इसलिए भी पहचाना गया कि इसके पास एक सोचनेवाला दिमाग था। सोचने के लिए अवकाश चाहिए। यह अवकाश उसने जानवरों को पालतू/गुलाम बनाकर अर्जित किया। अवकाश के बगैर संस्कृति की रचना नहीं हो सकती, साहित्य का सृजन नहीं हो सकता। सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की एक छोटी-सी कविता है। संस्कृति निर्माण को समझने के लिहाज से बड़ी ही अर्थवान कविता है। कविता की पंक्ति है : 'गोली खाकर/पहले के मुंह से निकला राम/दूसरे के मुंह से निकला माओ/लेकिन तीसरे के मुंह से निकला आलू/पोस्टमार्टम की रिपोर्ट है/कि पहले दो के पेट भरे हुए थे।' आप कह ले सकते हैं कि इतिहास, दर्शन, धर्म और समग्रतः संस्कृति बैठे-ठाले अर्थात अवकाशभोगी वर्ग की सृष्टि है। मनुष्य जबतक 'पशु' रहा, संस्कृति से लगभग अपरिचित रहा। 'पशु' से यहां मतलब उसके खाद्य संग्राहक होने से है। जब तक वह अपनी आजीविका के लिए शिकार और खाद्य संग्रह पर आश्रित रहा, तब तक वह लगभग 'असभ्य' रहा। तब सभी लोग शिकार करने में समान रूप से शामिल होते थे। बंटवारा भी सबके बीच समान रूप से होता था। फिर धीरे-धीरे समूह का एक नायक/सरदार उभरा जो अन्य से 'श्रेष्ठ' माना-समझा जाने लगा। कहने को तो 'आदिम साम्यवाद' का युग था लेकिन गैर-बराबरी की भावना का बीजारोपण हो चुका था। अब सरदार या कबीले के नायक का विशेष महत्त्व स्थापित हो चुका था। युद्ध के दौरान जो कुछ भी हाथ लगता, उसमें उसका विशेष हिस्सा होता। युद्ध में हासिल औरतों पर पहला 'अधिकार' उनका ही घोषित होता। तब लेखन-कला का आविष्कार नहीं हो सका था कि उनके 'श्रेष्ठता बोध' को स्थापित और चुनौती देनेवाला साहित्य हमें उपलब्ध हो सके। हाँ, तब वे पहाड़ की गुफाओं में कुछ आड़ी-तिरछी रेखाएं खींचना जान चुके थे। कभी-कभी ऐसी ही रेखाएं और जानवरों, पौधों के चित्र वे अपने शरीर पर भी खींचते। यह गोदना कला का आदिम रूप है। इस कला में यह ध्यान रखा जाता कि सरदार के लिए खास रंग और डिजाइन विशेष रूप से सुरक्षित होंगे जिनका प्रयोग कबीले के दूसरे लोग नहीं करेंगे। इस तरह आप कह सकते हैं कला, साहित्य और संस्कृति के मूल में 'श्रेष्ठता बोध' और 'गैर-बराबरी' की भावना है। समाज में जो 'श्रेष्ठ' हुए 'सभ्य' और 'संस्कृत' कहलाए जो निम्न हैसियत वाले लोग थे वे 'असभ्य', 'असंस्कृत' और 'प्राकृत' कहे गए। भाषा में भी जो श्रेष्ठ थी संस्कृत हुई और जो हीनतर रही प्राकृत कहलाई। हाल तक दार्शनिकों का एक समूह मानता रहा था कि संस्कृति सिर्फ कुलीनों की होती है। कहने की जरूरत नहीं कि आरंभ काल से ही यह सब कुछ एक खास राजनीति के तहत हुआ जिसे आप 'संस्कृति की राजनीति' कह सकते हैं। संस्कृति के साथ राजनीति का संबंध पहले से है। साहित्य का जुड़ाव थोड़ा बाद का है।

एक विद्वान ने कहा है कि आधुनिक काल का धर्म राजनीति है जबकि इसके पहले के समाजों में धर्म राजनीति का रोल अदा करता है। साहित्य इस खेल के औजार/उपकरण रहे हैं। समाज में प्रभुत्व/वर्चस्व की स्थापना और स्थापित सत्ता को चुनौती देने का संघर्ष ही सांस्कृतिक विकास का उत्स है। भारतीय संस्कृति के संदर्भ में बात करें तो वेद हमारे सबसे आरंभिक साहित्यिक दस्तावेज हैं। ऋग्वेद के दशम मंडल में पुरुष सूक्त की रचना है, जिसमें समाज को चार वर्णों में बंटा बताया गया है। सबसे पहले तो वेद को 'अपौरुषेय' अर्थात ईश्वरीय बताया गया। इसी अपौरुषेय वेद ने चार वर्णों को शरीर के चार भिन्न अंगों से उत्पन्न बताया। जो अंग जितना महत्त्वपूर्ण था उससे जन्म लेनेवाला वर्ण भी उसी अनुपात में महत्त्वपूर्ण हुआ। मुख से जन्म लेनेवाला वर्ण ब्राह्मण हुआ। मुख शरीर के सभी अंगों में प्रधान है। 'मुख' से ही मुखिया शब्द बना है जिसका अर्थ सरदार है। इसलिए अकारण नहीं है कि मुख से जन्म लेनेवाला ब्राह्मण समाज का सरदार/माथा बना। भुजा से जन्म लेनेवाला क्षत्रिय, जांघ से जन्म लेनेवाला वैश्य और पैर जैसे उपेक्षित अंग से जन्म लेनेवाले शूद्र हुए। ऐसा नहीं है कि ऋग्वेद का यह पुरुषसूक्त बिना किसी राजनीति के यूं ही तुलसीदास की तरह 'स्वान्तः सुखाय' लिख दिया गया। आप सम्पूर्ण संस्कृत साहित्य को उलटने-पलटने की कोशिश करें तो यही वर्णक्रम देखने को मिलेगा। ब्राह्मण पहले नंबर का 'नागरिक' है, क्षत्रिय दूसरे नंबर का, वैश्य तीसरे नंबर का और शूद्र चौथे नंबर का। थोड़ा सरल करते हुए आप ब्राह्मण-क्षत्रिय को एक ओर तो वैश्य-शूद्र को दूसरी ओर रख सकते हैं। और बात है कि ब्राह्मण और क्षत्रिय के बीच एक नम्बर के स्थान को लेकर संघर्ष होते रहे हैं। बौद्ध साहित्य जिसे आमतौर पर क्षत्रिय वर्ण का प्रतिनिधि साहित्य माना जाता रहा है, क्षत्रिय को आद्योपांत वर्णक्रम में पहला स्थान प्रदान करता रहा है। किन्तु कई स्थानों पर यह 'आम सहमति' व्यक्त हुई है कि ब्राह्मण-क्षत्रिय का मसला इनका 'आपसी मसला' है। ये दोनों मिलकर वैश्यों और शूद्रों का शोषण करते हैं। निचले दोनों वर्ण ऊपर के दोनों वर्णों की सामूहिक संपत्ति हैं। संस्कृत भाषा में वैश्य और वेश्या एक ही मूल शब्द 'विश्' से बने हैं और दोनों ही सामूहिक संपत्ति माने जाते हैं।

ब्राह्मणों ने पहले वे वेद को 'अपौरुषेय' कहा फिर क्षत्रिय अर्थात राजा को दैवी शक्ति से मंडित किया। राजा पृथ्वी पर ईश्वर का भेजा हुआ दूत हुआ और फिर ब्राह्मण साक्षात ईश्वर अर्थात 'भूसुर' कहलाया। यह ब्राह्मण-क्षत्रिय गंठजोड़ की राजनीति थी। यह सारा का सारा आयोजन साहित्य के खोल में हुआ। इस साहित्य से वैश्यों, शूद्रों और स्त्रियों को दूर रखा गया। स्त्रियों और शूद्रों को वेदपाठ से दूर रखा गया। वेदपाठ से मतलब यहाँ महज धर्म और उसके कर्मकांड से नहीं है। वेद से वंचित करने का मतलब ज्ञान के स्रोत से वंचित करना था। वेद 'विद' धातु से निष्पन्न है जिसका अर्थ ज्ञान और जानना है। वेद अपने समय का संचित ज्ञान हैं। ज्ञान के स्रोत से वंचित करने के लिए धर्म की राजनीति की गई। स्त्रियों और शूद्रों को समान रूप से 'अमंत्रक' कहा गया जिसका तात्पर्य था कि ये मंत्र-पाठ के योग्य नहीं हैं। इनमें शब्दों को बिगाड़कर बोलने की सहज प्रवृत्ति है। इसी 'भय' से संस्कृत वैयाकरण पाणिनी ने संस्कृत भाषा का मानकीकरण किया। विद्वानों के बीच इस पाणिनी का इतना दबदबा था कि कोई पाणिनी के व्याकरण से जौ भर भी इधर-उधर होने का माद्दा नहीं रखता था। बड़े से बड़े विद्वान और धुरंधर सिर्फ पाणिनी के दिये सूत्रों का औचित्य साबित करते रह गये। कहने को तो 'महाभाष्य' तक लिखे गए लेकिन वे सब टीका ही रहे। सब पाणिनी के आगे नतशिर थे। अपाणिनीय होने का मतलब गलत होना हो गया।

चूँकि स्त्री और शूद्र शब्दों को 'बिगाड़कर' बोलते थे इसलिए संस्कृत नाटकों में उनके लिए प्राकृत भाषा का विधान कर दिया गया। शूद्रों और स्त्रियों को छोड़कर सभी संस्कृत बोलते-समझते हैं। आज इक्कीसवीं शताब्दी में भी हाथी संस्कृत भाषा का 'गच्छ', 'तिष्ठ' और 'उतिष्ठ' ही समझता है। कुत्ता आज भी 'अत्तु' कहने के बाद पूंछ डुलाता आता है और खाने लगता है। संस्कृत का सामान्य ज्ञान रखनेवाला विद्यार्थी भी जानता हैं कि अत्तु का मतलब है 'आइए, खाइए' और यह आदरार्थ प्रयुक्त है। बाघ वाली कहानी बचपन में हम सब ने पढ़ी होगी जिसमें बूढ़ा बाघ राह जाते ब्राह्मण से संस्कृत में संवाद करता है-'भो, भो पान्थः'। इस बूढ़े बाघ को भी मालूम है कि ब्राह्मण 'भोवादी' है! 'भो' शब्द का प्रयोग राजन्य या वैश्य के संबोधन के लिए होता था, शूद्र के संबोधन के लिए नहीं-'भो राजन्य विशां वा'। तो क्या हम मान लें कि यह साहित्य जो कुत्तों, सियारों तक को संस्कृत बोलने की छूट देता है और स्त्री, शूद्रों पर बंदिशें लगता है, राजनीति से प्रेरित नहीं होगा?

आधुनिक भारत में शिक्षा, विदेश-यात्रा एवं जाति-बिरादरी

18वीं-19वीं शताब्दी का भारत कथित नवजागरण का है। इस नवजागरण में विदेशी शिक्षा का प्रमुख हाथ था। इसलिए उन दिनों विलायत जाने वालों को लेकर एक प्रबल आंदोलन उठ खड़ा हुआ था। समाज के कट्टर और रूढ़िवादी लोग विदेश-यात्रा के विरोधी थे। भारतेन्दु हिन्दी के और नवजागरण के प्रतिनिधि लेखक थे इसलिए वे विदेश यात्रा के पक्षधर थे। उनकी रचनाओं में भी यह पक्षधरता दिखती है। (रामविलास शर्मा, भारतेन्दु युग और हिन्दी भाषा की विकास-परम्परा, राजकमल प्रकाशन, 1975, पृष्ठ 40) भारतेन्दु ने 'विदेश-यात्रा-विचार' लिखकर विदेश-यात्रा को अपना समर्थन दिया था। (बनारसीदास चतुर्वेदी, संस्मरण, भारतीय ज्ञानपीठ, काशी, 1952, पृष्ठ 34) विलायत-यात्रा पर आपकी सम्मति थी कि-

'रोकि विलायत-गमन कूपमंडूक बनायो।

औरन को संसर्ग छोड़ाइ प्रचार घटायो।।' (ब्रजरत्नदास, भारतेन्दु, पृष्ठ 92)

मोहनदास करमचंद गांधी की लालसा डॉक्टरी पढ़ने की थी किन्तु उनकी यह मुराद पूरी न हो सकी क्योंकि यह उनके पिता को पसंद नहीं थी। उनकी राय थी कि 'वैष्णवों को हाड़-मांस नोचने का काम नहीं करना चाहिए'। (गाँधीजी, आत्मकथा, सस्ता साहित्य मंडल, 1984, पृष्ठ 46)

पुनः 1887 में जब मोहनदास मैट्रिकुलेशन की परीक्षा पास कर आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड रवाना होने लगे तो बिरादरी के लोगों में 'खलबली' मच गई। मोहनदास को बिरादरी-पंचायत में हाजिर होने का हुक्म हुआ। बिरादरी के सरपंच (जिनसे दूर की कोई रिश्तेदारी भी थी) ने उनसे कहा, 'बिरादरी समझती है कि तुम्हारा विलायत जाने का विचार ठीक नहीं है। हमारे धर्म में समुद्र-यात्रा की मनाही है। फिर, हम यह भी सुनते हैं कि विलायत में धर्म की रक्षा नहीं हो सकती। वहां साहबों के साथ खाना-पीना पड़ता है।' (आत्मकथा, पृष्ठ 49) बिरादरी की बात अनसुनी करने पर मुखिया ने अपना फैसला सुनाया-'यह लड़का आज से बिरादरी से बाहर माना जायगा। जो कोई इसे मदद देगा या बिदा करने जायगा, बिरादरी उससे जवाब तलब करेगी और उसपर सवा रुपया जुर्माना होगा।' (वही, पृष्ठ 50)

मोहनदास के विलायत से लौट आने तक बिरादरी में जाति-बहिष्कार का मसला जीवित था। बिरादरी दो दल में बंट चुकी थी। एक पक्ष के लोगों ने मोहनदास की बिरादरी-वापसी का स्वागत किया। 'बिरादरी में मिलनेवाले पक्ष के संतोष के लिए राजकोट ले जाने के पहले भाई मुझे नासिक ले गये। वहां गंगास्नान कराया और राजकोट पहुँचकर बिरादरी-भोज किया।' (वही, पृष्ठ 95)

उन्नीसवीं शताब्दी के अंतिम दशक में विलायत से पढ़कर लौटनेवाले प्रथम बिहारी कायस्थ (दूसरे पढ़ते ही कहाँ थे!) सच्चिदानंद सिन्हा थे। उन्होंने तत्कालीन प्रचलित लोकरीति 'प्रायश्चित्त-भोज' करके फिर पुराने तरीके से जाति के बंधन को मानना स्वीकार नहीं किया था जिससे वह जाति में नहीं लिये गये थे। (डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद, आत्मकथा, सस्ता साहित्य मंडल, 2002, पृष्ठ 81) कहने की आवश्यकता नहीं कि मि. सिन्हा के लौटने के दस वर्षों बाद तक किसी की हिम्मत उस बंधन को तोड़कर विदेश जाने की नहीं हुई थी। (वही, पृष्ठ 81) 

मि. सिन्हा के बाद सन 1904 में डॉक्टर गणेशप्रसाद विलायत से पढ़कर लौट रहे थे। उनके लौटने की खबर ही से आंदोलन का माहौल बन गया। डॉक्टर गणेशप्रसाद के पहुंचने से पहले ही लिखा-पढ़ी करके तय हो चुका था कि वह जाति-बंधन को मानेंगे। (वही, पृष्ठ 81) सुधारक दल के नेता बाबू ब्रजकिशोर प्रसाद ने कुछ लोगों को तैयार किया था कि डॉक्टर गणेश के घर चलकर भोज में शरीक होना चाहिए। बलिया में भोज का दिन मुकर्रर हुआ। भोज में शामिल होनेवाले छपरा के बीस-इक्कीस लोगों में राजेन्द्र प्रसाद भी दोनों भाई थे। जिन लोगों ने भोज में शिरकत की थी, उनके नाम अखबारों में छपे और छपरे में यह मांग जोर पकड़ने लगी कि वैसे लोग जाति-बहिष्कृत कर दिये जायँ। (वही, पृष्ठ 83) समुद्र-यात्रा के विरुद्ध काशी से महामहोपाध्याय शिवकुमार शास्त्री की व्यवस्था मंगाई गई। जिले के कायस्थों का सम्मेलन हुआ कि और प्रस्ताव पास किया गया कि 'जितने लोगों ने भोज खाया था, वे जाति-च्युत किये गये'। (वही, पृष्ठ 85) उनके साथ खान-पान, शादी-विवाह सब बन्द कर दिया गया। राजेन्द्र प्रसाद के पिताजी ने तो गाँव-बिरादरी के लोगों को भोज खिला प्रायश्चित्त कर लिया उन्हीं के ग्रामीण जमुनाप्रसाद और गंगाप्रसाद, जो बलिया भोज में शरीक हुए थे, काफी कष्ट उठाना पड़ा। छपरे में "उनके 'मेस' के लड़के उनका छुआ हुआ नहीं लेते थे-उनके साथ खान-पान भी नहीं करते थे। ब्राह्मण रसोई बनाकर उनके बर्तन में अलग से भोजन दे देता। उन्होंने इस अपमान को 'खुशी-खुशी' बर्दाश्त किया।" (वही, पृष्ठ 87)

1907 ईस्वी में गया के बाबू परमेश्वरलाल कायस्थ अम्बष्ट विलायत जाकर तीन साल बाद घर लौटे। "उनके शुभागमन से कायस्थ समाज में शंका उठने लगी कि उनके साथ समाज को कैसा व्यवहार करना चाहिये।" (रामविलास शर्मा, पूर्वोद्धृत, पृष्ठ 268) इसका फैसला करने के लिए काशी और मिथिला के पंडितों की एक सभा हुई। उस सभा ने जो व्यवस्था दी, उसे कुछ अन्य सामग्री के साथ 1908 ईस्वी में राय हरप्रसाद लाल ने प्रकाशित किया। व्यवस्था का सारांश है : "ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, सच्छूद्र इनमें कोई विलायत जाय व वहाँ रह कर फिर अपने देश में प्रायश्चित करे तो भी वह अपने जाति के व्यवहार में ग्रहण करने योग्य नहीं हो सकता।" (रामविलास शर्मा, पूर्वोद्धृत, पृष्ठ 269 में उद्धृत)

30 अगस्त, 1910 ईस्वी को बनारस के टाउन-हॉल में विलायत से लौटे लोगों को जाति में लेने के लिए एक सभा आयोजित हुई थी जिसके सभापति पंडित सुधाकर द्विवेदी थे। उन्होंने धर्मशास्त्र को छोड़कर परम्परा का उदाहरण देते हुए कहा : "प्राचीन समय से विदेश-यात्रा की प्रथा आती है। जब राजा लोग राजसूय यज्ञ करते थे तब दिग्विजय के हेतु सभी देशों में जाना पड़ता था, क्या वे अयोध्या का जल साथ ले जाया करते थे।" (रामविलास शर्मा, पूर्वोद्धृत, पृष्ठ 40 में उद्धृत)

राजेंद्र प्रसाद जब अपनी पढ़ाई के सिलसिले में कलकत्ता पहुंचे-"जाति-पांति का झगड़ा इतना साथ लेते गये थे कि हिन्दू होस्टल में हमने अपने लिए अलग चौका रखा था, जिसमें बिहारी ब्राह्मण रसोई बनाता था। यद्यपि मैं डाक्टर गणेश प्रसाद के साथ भोज में शरीक हुआ था, तथापि जाति का बंधन बहुत मानता था। वह तो मेरी अपनी जाति के आदमी (कायस्थ) थे; किसी भी दूसरी जाति के आदमी का छुआ हुआ कोई अन्न, जो अपने देश (बिहार) में नहीं खाया जाता है, वहां नहीं खाया। इतने दिनों तक वहां रहा, मगर बंगाली 'मेस' में कच्ची रसोई एक दिन भी नहीं खाई।" (आत्मकथा, पृष्ठ 100)

काशी प्रसाद जायसवाल अपनी पढ़ाई के लिए इंग्लैंड जाते समय ब्राह्मण रसोइया भी साथ लेते गये थे। जब तक वहां रहे, खाने-पीने का सामान भारत ही से जाता रहा। इसमें ईंधन के लिए कोयला भी शामिल समझिए! ('हिन्दू पॉलिटी' में गदाधर प्रसाद अम्बष्ठ की भूमिका देखें)

समुद्री यात्रा के बारे में पंडित तोताराम सनाढ्य का यह दिलचस्प संस्मरण पढ़िए : 'मेरे घर के पास फिजी टापू में एक गुलजारी नाम का कान्यकुब्ज ब्राह्मण रहता था । उसने बड़े परिश्रम से आठ वर्ष में लगभग तीन सौ रुपए इकट्ठे किए। इसको ब्राह्मण जानकर सब लोग प्रायः महीने की पूर्णमासी को सीधा दे दिया करते थे। भारतवर्ष में कन्नौज के रहनेवाले थे। इनके घर से इनके भाई ने पत्र भेजा, उसमें लिखा था कि तुम चले आओ। इस साल में तुम देश को नहीं आओगे तो तुमको एक सौ एक गौ मारने का पाप लगेगा। गुलजारी लाल ने भाई की लिखी जब ऐसी शपथ देखी तब ब्राह्मण धर्म सोचकर वे देश को चले आए। चलते समय इनको लोगों ने कुछ और दक्षिणा दी। जब ये अपने घर आए तो दूसरे घर में ठहराए गए। रुपया-पैसा सब भाई को सौंप दिया। तीन-चार दिन बाद पुरोहितजी बुलाए गए। ये महाशय कानून की पुस्तक साथ लेकर आए। गाँव के बड़े-बूढ़े सब मिलकर बैठे। समुद्र यात्रा पर विचार हुआ। गुलजारी ने घर से निकलने से लेकर फिजी में पहुँचने तक जहाज का खाना-पीना बयान किया। फैसले में सब तीर्थ बताए गए। भागवत सुनने को बताया गया। लगभग पाँच या छः गाँव का भोज बताया, कोई सात सौ या आठ सौ रुपया खर्च करने का फैसला दिया गया। गुलजारी ने खर्च करने के लिए भाई से अपने दिए हुए रुपए माँगे, भाई ने कोरा जवाब दिया, जातिवालों ने अलग कर दिया। गुलजारी के साथ गाँववाले बड़ी घृणा करने लगे, भाई लोग कट्टर शत्रु हो गए। बोले कि तुमने हम लोगों से कुछ रुपया छिपा लिया है, वही खर्च करो। यह रुपया हम न देंगे। लाचार गुलजारी ने फिजी में अपने इष्ट मित्रों को कष्ट- कहानी की चिट्ठी भेजी और लिखा कि कसाई के हाथ से गाय छुड़ाने के समान मुझे बचाकर पुण्य के भागी हो। वहाँ से चन्दा करके छः सौ रुपया लोगों ने भेजा, तब गुलजारी 1914 ई. में फिजी पहुँचे।' (तोताराम सनाढ्य, फिजी द्वीप में मेरे 21 वर्ष, पृष्ठ 33-34; श्रीकांत, बिहार में सामाजिक परिवर्तन, वाणी प्रकाशन, 2001, पृ. 43-44 में उद्धृत) इसी तरह कितने ही लोग लौटकर फिजी गए हैं, और जाकर ईसाई और मुसलमान भी हो गए हैं। समुद्र-यात्रा की दफा में मुजरिम होकर हमारे बहुतेरे भाई मातृभूमि को अंतिम नमस्कार करके चले गए हैं और वहाँ पहुँचकर सनातन धर्म की जय बोलकर मसीह के रूल को पकड़ लिया है।' (वही)

जाति और छुआछूत का बंधन इतना कठोर था कि गैर हिंदुओं (म्लेच्छों) के लिए कथित देवभाषा संस्कृत का अध्ययन कर पाना भारत-भूमि पर भी आसान नहीं था। कहना होगा कि सर विलियम जोन्स, सुप्रीम कोर्ट के जज मुक़र्रर होकर 1783 ईस्वी में कलकत्ते आये तो उन्हें अदालती कामों के लिए संस्कृत सीखने की आवश्यकता महसूस हुई। इस काम में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 1907 के 'हिन्दुस्तान रिव्यू' में एस सी सान्याल के छपे एक लेख को आधार बनाकर महावीर प्रसाद द्विवेदी ने उन मुश्किलों का हाल कुछ विस्तार के साथ लिखा है। वर्णन है कि विलियम जोन्स संस्कृत-अध्ययन हेतु एक पंडित की तलाश में लगे पर एक भी ब्राह्मण वेद और शास्त्र की पवित्र संस्कृत भाषा एक यवन को सिखाने पर राजी न हुआ। सर विलियम के मित्र कृष्णनगर के महाराज शिवचंद्र ने भी बहुत कोशिश की, पर सब व्यर्थ साबित हुआ। जब विलियम ने बहुत बड़ी तनख्वाह का लालच दिया तो एक-दो पंडित तनख्वाह तय करने के निमित्त सर विलियम के यहाँ पधारे भी पर पड़ोसियों की जाति-निष्कासन की धमकी से उनका सारा साहस काफूर हो गया। फिर तो उन्होने सर विलियम के बंगले के अहाते में कदम भी नहीं रखा। कलकत्ते के पण्डितों से हारकर सर विलियम संस्कृत के प्रधान पीठ नवद्वीप गये। वहां भी उन्होंने बहुत कोशिश की परन्तु किसी ने भी उन्हें संस्कृत शिक्षा देना अंगीकार न किया। अन्त मे ब्राह्मण तो नही, वैद्य जाति के रामलोचन कवि-भूषण नामक एक संस्कृतज्ञ ने 100 रुपये महीने (पालकी की सवारी के लिए 30 रुपये अलग से) पर आपको पढ़ाना मंजूर किया। ये पण्डित अपने परिवार में निपट अकेले थे। हावड़ा के पास मलकिया में रहते थे। किसी से कुछ सरोकार न रखते थे। इसी से आपको जाति या समाज के बहिष्कार का डर न था। पण्डित महाशय वैद्यविद्या भी जानते थे। पास-पड़ोस के लोग चिकित्सा कराने आपको अक्सर बुलाते थे। कभी-कभी इनके रोगी अच्छे भी हो जाते थे। इससे इन्होंने अपने मन को समझाया कि यदि हम इस यवन को संस्कृत पढ़ायेगे तो भी हमारे टोले-महल्ले के लोग हमें न छोड़ सकेंगे। जब कोई बीमार होगा, लाचार होकर उन्हें हमीं को बुलाना पड़ेगा। इसी से इन्हें सर विलियम जोन्स को पढ़ाने का साहस हुआ।

फिर भी, कवि भूषण ने सर विलियम जोन्स के साथ बड़ी-बड़ी शर्तें की। उनके बंगले के नीचे के खण्ड का एक कमरा पढ़ाने के लिए पसन्द किया गया। उसके फ़र्श में संगमरमर बिछवाया गया। एक हिन्दू नौकर तैनात किया गया। उसका काम रोज हुगली से जल लाकर कमरे के फर्श को, और थोड़ी दूर तक दीवारों को भी, धोना मुकर्रर हुआ। दो-चार लकड़ी की कुरसियों और एक लकड़ी के मेज़ के सिवा और सब चीजें उम कमरे से हटा दी गई। ये चीजें भी रोज धोई जाने लगी। शिक्षा-दान के लिए सवेरे की बेला नियत हुई। पढ़ने के कमरे में कदम रखने के पहले सर विलियम को हुक्म हुआ कि एक प्याला चाय के सिवा न कुछ खायें, न पिये। कवि भूषणजी की यह भी आज्ञा हुई कि गो-मांस, वृष-मांस, शूकर-मांस का मकान में प्रवेश निषिद्ध हो। साथ ही, एक कमरा पण्डितजी को कपड़े पहनने के लिए दिया गया। उसे भी रोज धोये जाने की व्यवस्था हुई। पण्डित जी ने दो जोड़े कपड़े रखे। एक जोड़ा इस कमरे में रखा गया। रोज प्रातःकाल जिस कपड़े को पहनकर आप साहब के यहाँ आते थे उसे इस कमरे में रख देते थे और कमरे में रखा हुआ जोड़ा पहनकर आप पढ़ाते थे। पुनः चलते समय उसे बदलकर घर वाला जोड़ा पहन लेते थे। (भारत यायावर, महावीरप्रसाद द्विवेदी रचनावली, भाग 4, पृष्ठ 47-50)

आजादी के बाद भी स्थिति कुछ खास नहीं बदली। 12 अप्रैल, 1952 की दोपहर को बम्बई से रवाना होकर हरिवंशराय बच्चन काहिरा और पेरिस होते हुए 13 की सुबह लंदन पहुंचे। बच्चन के इस यात्रा-प्रस्ताव को सुनकर उनकी चाची ने कहा था : 'तुमने तो कुल में युग-युग से चले आए सारे नियम-धर्मों को तोड़ा, अब क्या समुन्दर की यात्रा भी करोगे, इसकी तो मनाही है और हमारे परिवार के किसी ने ऐसा नहीं किया!' बच्चन ने कहा-'चाची, मैं तो हवाई जहाज से जा रहा हूँ और समुद्र की एक बूँद से भी भेंट न होगी।' इस उत्तर से चाची को कुछ 'संतोष' हुआ। (हरिवंशराय बच्चन, नये पुराने झरोखे, राजपाल एण्ड संज, पृष्ठ 166)

Tuesday, September 8, 2026

स्त्री, मायका और कउआ

मोबाइल और नेट क्रांति ने औरतों की दुनिया को असीम विस्तार दिया है। घर की चहारदीवारी में कैद स्त्री अब अपनी सुबह की शुरुआत नेट की खिड़की से झांकती हुई करती है। एक समय था जब घर की खिड़की से औरतों का झांकना और आँगन में औरतों का हंसना भी गुनाह माना जाता था। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने अपने घर की औरतों की दारुण दशा का बयान किया है कि उनकी भौजाई जीरादेई में एक कमरे में रहती थीं। कभी ओसारे में भी निकलने की इजाजत नहीं थी। (आत्मकथा, सस्ता साहित्य मण्डल, नई दिल्ली, 2002, पृष्ठ 46) जब तक राजेंद्र प्रसाद की माँ जीवित रहीं तब तक न तो उनकी भौजाई और न उनकी स्त्री ही कभी अपने कमरे से निकलकर आजादी के साथ आंगन में घूम-फिर सकीं या बैठ सकीं। (पृष्ठ 47)

घोर एकांत के इन क्षणों में स्त्री अगर कउआ और मैना से अपने संबंध जोड़ती है तो क्या आश्चर्य! तब स्त्रियों के हिस्से में चिट्ठियां भी बहुत कम ही पड़ती थीं। भरे-पूरे गांव में कोई-कोई स्त्री ही चिट्ठियां पढ़ना-लिखना जानतीं। इन चिट्ठियों को पढ़ना स्त्रियों का दुःख बांचना था। जिनके घर ये चिट्ठियां तक नदारद होतीं उनके हिस्से का दुःख खपड़ैल छत की मुंडेर पर बैठ कौवे बांच जाते। एक हारी हुई स्त्री को कौवे ही तब ढाढ़स बंधाते। स्त्री को कौवे की पहचान होती कि कौन उसके मायके से है और कौन उसकी ससुराल से। मायके का कउआ देखते ही स्त्री रोटी या किसी पकवान (पक्वान्न) का टुकड़ा हवा में उछाल देती और 'एक स्त्री का दुःख' समझ कउआ उसे निगल जाता, ठीक जैसे शंकर ने हलाहल गटक लिया था। ये कौवे स्त्री जाति के लिए किसी शंकर से कम नहीं थे।

मिथिला वाले इतना मीठा बोलते हैं कि कर्कश काग, कउआ का क्या काम! वहाँ के लोग उन्हें क्रूर मान उनसे नफरत करते हैं। उनकी इस क्रूरता से चाणक्य को भी खासी परेशानी थी इसलिए उन्होंने इसे पक्षियों में चांडाल कहा है। (रामइकबाल सिंह 'राकेश', मैथिली लोकगीत) इस क्रूरता के बावजूद उत्तरी बिहार के एक लोकगीत में एक विरहिणी के अंतस्तल से करुण आवाज आती है-'कागा सब तन खाइयो, चुन चुन खइयो मास,/दो नैना मत खाइयो, पिया मिलन की आस।/कागा नैन निकास दूँ, पिया पास ले जाय,/पहिले दरस दिखाइ कै, पीछे लीजौ खाय।' (रामइकबाल सिंह राकेश, वही) एक मैथिल लोकगीत में विरहिणी ने गाया है, 'रे काग, तू नित्य यही बोल कि मेरे प्रियतम आयेंगे। यदि आज मेरे प्राणनाथ मेरे उर-आँगन में आये तो कनक-कटोरे में खीर और पकवान भरकर मैं तुझे खाने को दूँगी। सोने में तेरी चोंच संवारूंगी, और तेरे चरण मढ़ाऊंगी। आगे कहती है कि मेरी बाईं आँख फड़क रही है और दाईं आँख रोती है। उन्हीं आंखों से तुझे नित्य निहारूँगी, और पहले से भी दूने प्रेम से तेरा प्रतिपाल करूँगी। फिर कहती है, रे काग, तू भगवान श्रीकृष्ण की तरह मन को हरनेवाला है। तेरी बोली अत्यंत मीठी है। आज मेरी सारी अभिलाषाएं पूरी हो गईं।' (रामइकबाल सिह राकेश, वही)

अपभ्रंश साहित्य में एक प्रसंग है कि विरहिणी ग्राम-वधू काक के शकुन पर अब विश्वास नहीं करती। सुनते-सुनते कान पक गए, पर प्रिय का आना नहीं हुआ और यह काग है कि बोलता ही जा रहा है। उसने इस मिथ्याभाषी काग को हाथ उठाकर उड़ाना चाहा। विरह के मारे दुबली हुई कलाइयों से चूड़ी निकलकर पृथ्वी पर गिरी लेकिन कागा की बात ठीक ही थी। अचानक प्रिय दिख गया। आधी चूड़ियां धरती पर गिर गई थीं। पर सहसा प्रियदर्शन से खुशी की लहर दौड़ी, दुबली कलाई फूलकर मोटी हुई, आधी चूड़ियां तड़ाक से टूट बिखरीं-'वायस उडावंतिए पिअ दिट्ठइ सहसत्ति।। अद्धा वलअ महिहिंगअ अद्धा फुट्ट तड़त्ति।।' (हजारी प्रसाद द्विवेदी, मध्यकालीन बोध का स्वरूप, पृष्ठ 117-18 में उद्धृत)

काग और कउआ जीवन के आगामी वृत्तांत बतलाने में भी निपुण माने गये हैं। बाबा तुलसीदास तक ने इस विद्या को पढ़ने की कोशिश की है। 'रामचरितमानस' में वर्णन है कि ननिहाल से अयोध्या लौटने के क्रम में भरत जी जब नगर में प्रवेश करते हैं तो गलत जगह बैठे कौओं का बोलना अपशकुन हो गया-'असगुन होहिं नगर पैठारा।/रटहिं कुभाँति कुखेत करारा।।' (रामचरितमानस, अयोध्याकाण्ड, गीता प्रेस, पृष्ठ 431) कागा अगर दाहिनी ओर खेत में शोभायमान हो तो समझिए कि सब मंगल है-'दाहिन काग सुखेत सुहावा'। (वही) ऐसा प्रतीत होता है कि भविष्यवाणी कहने के वांछनीय गुण से प्रेरित होकर ही कुल-ललनाओं ने अपने कोमल हृदय में इन्हें स्थान दिया है। जायसी ने भी अपने प्रसिद्ध ग्रंथ 'पद्मावत' में नागमती के विलाप में काग को स्मरण किया है-'होइ खर बान विरह तनु लागा,/जो पिऊ आवै उड़ै तो कागा।' (रामइकबाल सिंह 'राकेश', मैथिली लोकगीत)

पुरुष के जीवन में न कउआ का मान रहा न स्त्री का। बचपन से सुनता आ रहा हूँ कि 'एक स्त्री के लिए मायके का कउआ तक प्यारा होता है'। एक पत्नी ने अपने मायके के शहर से आनेवाले कवि की तारीफ क्या कर दी कि पति ने उक्त कवि को कउआ ही घोषित कर दिया। कहा, औरत को मायके का कउआ भी अच्छा लगता है। स्त्री से संबंधित हर चीज पुरुष की नजर में ओछी है चाहे वह कउआ हो या मायका। 

किसी औरत को बहुत दिनों पर कहीं कोई नैहर की स्त्री, कोई सखी या कोई रिश्ते की औरत मिल जाय, तो वह जार-बेजार रोने लगेगी। यह उनके आदर-सत्कार का ढंग है। न रोए तो शिकायत हो। अगर कोई लड़की नैहर के किसी व्यक्ति को देखकर न रोए, तो मतलब यह हुआ कि ससुराल में वह खूब सुखी है-औरत के लिए यह एक बड़ी शर्मनाक बात है। (विभूतिभूषण वंद्योपाध्याय, आरण्यक (हिंदी अनुवाद : हंसकुमार तिवारी), साहित्य अकादमी, दिल्ली, 1957, पृष्ठ 66) स्त्री के लिए सुखी दिखना भी गुनाह है। दुख ही जीवन की कथा रही...।

परभुजी के मैया हे बेदरदी......

बचपन से पढ़ता-सुनता आ रहा हूँ कि गौतम बुद्ध का जन्म कपिलवस्तु के लुम्बिनी वन में हुआ था, किन्तु कभी ठहरकर विचार नहीं कर सका कि बुद्ध का जन्म आखिर वन में क्यों हुआ? आज सासुमाता से बात करते अचानक ध्यान आया कि गर्भावस्था में स्त्रियों का मायके जाना हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। गौतम की माता की मायके जानेवाली बात मैंने पढ़ रखी थी। बौद्ध ग्रंथों में जिक्र है कि गर्भ धारण किए जब दस मास होने को आए तो रानी महामाया ने अपने मायके जाने की इच्छा प्रकट की। राजा की अनुमति मिलने पर देवी महामाया मायके जाने की सुखद कल्पना से अत्यंत प्रसन्न हो गईं। देवी ने मंगल वेला/शुभ मुहूर्त में राज कुलोत्पन्न मनोज्ञ सुंदरियों, कुलांगनाओं और देवस्वरूप राजपुरुषों के साथ राजकीय शोभा के बीच देवदह के लिए प्रस्थान किया। देवदह और कपिलवस्तु के बीच लुम्बिनी की भूमि थी। इस भूमि पर देवदह और कपिलवस्तु दोनों ओर के लोगों की समान ममता थी। यहां पहुंचते ही देवी को अकस्मात प्रसव वेदना हुई। देवी का संकेत पाकर लोगों ने वहां की भूमि को वस्त्र वितान से घेर दिया। तभी बच्चे ने माता के गर्भ का त्याग किया।

स्त्रियों की आदिम इच्छा है कि प्रसव के दौरान वह और कहीं नहीं, बस अपने मायके में हो। उस्की यह चाह उनके द्वारा रचित गीतों में भी अभिव्यक्त हुई है। एक गर्भवती स्त्री पतिगृह आने से दुखी है। सोचती है कि शादी के बाद भी अगर अपनी माँ के घर रहती, तो मेरे दुख को मेरी मां अपने अथक परिश्रम और सेवा-शुश्रूषा से कम कर देती, जबकि उसे अपनी सास के व्यवहार से दुःख है : "अपन मैया रहतिऐ, दरदियो हरी लेतिऐ हो लाल। परभुजी के मैया हे बेदरदी, दरदो नहीं हरी लिय हो लाल।।"

ससुराल गेंदाफूल

स्त्रियों का इतिहास केवल कविता, कहानी और गीत को आधार बनाकर लिखा जाना असंभव है। पहले, महिलाएं अपने मायके से रोजमर्रा की चीजें यथा शीतलपाटी, रुमाल, तकिया का खोल आदि बना-बनवाकर लाती रही हैं। उन पर कभी चित्र बने होते थे तो कभी शब्द। इनमें सिर्फ कला नहीं थी, मन का दर्द भी था। एक-एक शब्द अपने में इतिहास लपेटे होता। तब लड़कियां तकिए के खोल पर मायके के लिए 'आजादघर' लिखतीं और ससुराल के लिए 'जेलघर'। पांडेय बेचन शर्मा 'उग्र' ने अपनी कहानी 'आँखों में आँसू' में जैसाकि लिखा है, "पिता के घर 'सोलह वर्षों' तक लड़की की तरह रहने के अभ्यास के आगे ससुर के घर 'पतोहू' की तरह रहने का अभ्यास कारावास मालूम पड़ने लगा। जेल तो, सुना है, इतना बुरा नहीं होता। फिर, वहाँ के जीवन की अवधि होती है-साल, दो साल, दस साल। पतोहू का जेल-उफ़! उसकी कड़ी सजा की कोई अवधि नहीं।" (पांडेय बेचन शर्मा 'उग्र', आँखों में आँसू', श्रेष्ठ रचनाएँ-1, पृष्ठ 75)

हिन्दी लेखकों-संपादकों से क्षमा-याचना

एक सुबह फेसबुक पर प्रियदर्शन जी की टिप्पणी थी। विषय हिन्दी लेखकों-संपादकों का ‘भाषा-ज्ञान’ था। पढ़कर कुछ पुरानी बातें याद आईं। कुछ अपनी कुछ औरों की।

20 जून, 2021 को ‘फादर्स डे’ था। ह्वाट्सऐप के अपने ‘फैमिली ग्रुप’ में लिखा, ‘‘हमारी पीढ़ी को ‘पिताजी’ अलग-अलग (पिता जी) लिखने के लिए बहुत मार लगी है। जिनको नहीं लगी, ‘पिता जी’ लिख रहे हैं!’’ साली ने मजाक किया-‘‘पुरानी पीढ़ी हो गई आपकी। वर्तनी अब सिर्फ पढ़ने की सहूलियत के लिए है। सही-गलत देखना कम कर दिया है। फेसबुक और ह्वाट्सऐप पर मानकीकरण नहीं चलता।’’ मैंने मजाक को तनिक आगे बढ़ाया। लिखा-‘‘कई साल पहले ‘युवा पीढ़ी’ के एक इतिहासकार ने किसी अभिलेखागार में बाबू वीर कुंवर सिंह से संबंधित एक फाइल में रोमन अक्षर में लिखा burhi शब्द देखा जिस पर बाबू साहब ने कभी एक लाख रुपये खर्च किए थे। ‘नयी पीढ़ी’ के इतिहासकार ने लिखा कि वीर कुंवर सिंह की बूढ़ी हो चली एक रखैल थी जिस पर उन्होंने रुपये खर्च किए। एक जमींदार के बारे में ऐसे निष्कर्ष निकालने की ‘सहूलियत’ भी थी। कुछ दिनों बाद उसी फाइल को ‘पुरानी पीढ़ी’ के एक बिहारी इतिहासकार ने देखा तो burhi को ‘बूढ़ी’ की बजाय ‘बरही’ पढ़ा। लिखा कि कुंवर सिंह ने पोते की ‘बरही’ पर लाख रुपये खर्च किए थे। यद्यपि यह किस्सा है, लेकिन ‘नयी पीढ़ी’ के लिए प्रासंगिक है!’’ एक दूसरा किस्सा भी है, लेकिन दुखद है कि यह यथार्थ है। एक बार कलकत्ते के किसी अंग्रेजी अखबार में एक खबर छपी थी कि पास के किसी जिले के अंग्रेज मजिस्ट्रेट अपने इजलास में बैठे हुए एक मुकद्दमा सुन रहे थे। उस समय मुकद्दमे वालों में से किसी ने कहा कि "इस जमीन पर चिर दिन (बहुत रोज़) से कब्जा है"। साहब ने समझा 'चिर दिन' किसी आदमी का नाम है और आपने 'चिर दिन' के हाजिर किये जाने का हुक्म दे दिया। (महावीर प्रसाद द्विवेदी, साहित्यालाप, खड्गविलास प्रेस, पटना, 1929, पृष्ठ 166)

हम भारतीय विदेशी भाषा के शब्दों का शुद्ध उच्चारण करने की कोशिश करते हैं। ‘हवेनत्सांग’ और ‘माओत्सेतुंग’ को ‘वांगच्वांग’ तथा ‘माओजेडोंग’ होते देर नहीं लगती लेकिन अंग्रेजी काल में ‘मिश्र’, ‘गुप्त’ और ‘मौर्य’ जो ‘मिश्रा’, ‘गुप्ता’, ‘मौर्या’ बना वह आज भी निर्लज्ज रूप से जारी है। गुलेरी जी ने तनिक चुटकी लेते हुए लिखा है, “गीता के दर्शनशास्त्र को निचोड डालनेवाले लेखक भी पारसीधर्म का हाल लिखते समय जरथुश्त को ’जरथुश्ता’ और अहूर-मज्द को ’अहुरामज्दा’ लिख देते हैं।“ (विश्वनाथ त्रिपाठी (सं.), हिंदी नवजागरण के अग्रदूत : चंद्रधर शर्मा ’गुलेरी’, नेशनल बुक ट्रस्ट, 1995, पृष्ठ 19)  आज ’योग’ सर्वत्र ’योगा’ बना घूम रहा है। मुझे बी एन कॉलेज के मेरे अंग्रेजी शिक्षक रमेश प्रसाद सिन्हा (अब दिवंगत) की बात याद आ रही है। उनके बच्चे किसी अंग्रेजी स्कूल में पढ़ते थे। एक दिन पूछा उनसे ’पापा, आप भरता जानते हैं?’ पिता ने विश्वासपूर्वक कहा, ’अरे, भरता तो हमलोग प्रायः ही खाते हैं। इसे भुरता या चोखा भी कहा जाता है और यह आलू, बैगन या करैला किसी भी चीज का बनाया जा सकता है।’ बेटे ने पिता के ‘अज्ञान’ का मजाक उड़ाते हुए कहा, ’नहीं, नहीं पापा, भरता तो रामा का यंगर ब्रदर था।’ बेटे का ’ज्ञान’ पिता के सिर के ऊपर से निकल गया। नतीजा हुआ कि मेरे अंग्रेजी शिक्षक ने बेटे का नाम अंग्रेजी स्कूल से कटवा दिया। हिन्दी अनुवादकों में भी निज भाषा को लेकर एक हीनता, उपेक्षा और अगंभीरता का भाव है। हिन्दी अनुवाद की शायद ही कोई गंभीर-से-गंभीर किताब हो (एन सी ई आर टी अपवाद है) जिसमें ‘बिपन चंद्र’ का नाम बिपिन चंद्र न लिखा हो। उच्चारणजनित कुछ भारी भूलें अंग्रेजों ने भी की हैं। ‘ठाकुर’ को ‘टैगोर’ बनाया उन्हीं का है जो आज भी बदस्तूर जारी है।

सुमित्रानन्दन पंत ने ‘सत्य’ शब्द का हमेशा स्त्रीलिंग में प्रयोग किया क्योंकि उन्हें अच्छा लगता था। निराला हमेशा ‘फूलना-फलना’ लिखते रहे। उनका तर्क था कि फलने से पहले फूलने की क्रिया होती है इसलिए फलना-फूलना लिखना अवैज्ञानिक है। लेकिन लोग उनकी सलाह की चिंता किए बगैर आज भी ‘फल-फूल’ रहे हैं। पहले ‘काठ’ से बना ‘कठघरा’ चलता था, अब ‘कटघरा’ लिख रहे हैं। ‘महारथी’ तक ‘महारती’ हो गया-किस विवेक से कहना मुश्किल है। तब बच्चों को समझाना आसान था कि ‘काठ’ से बना है इसलिए ‘कठघरा’ और ‘कई रथों’ का मालिक ‘महारथी’। अब तो राम-रावण दोनों ‘विरथी’ हैं!

निराला जी ने जानकीवल्लभ शास्त्री को लिखा कि आपने “कवितात्व“ लिखा है-कैसे सिद्ध होता है शब्द, लिखियेगा। मैं जानता हूँ, strict grammar के अनुसार व्यक्तिवाचक शब्द (को ?) भाववाचक करने के लिये “ता“, “त्व“ लगते हैं। शब्द “कवि“ व्यक्तिवाचक है, “कवित्व, कविता“ भाववाचक। कवियों ने कविता-कुमारी को personify किया हैः यह वे हर जड़ के लिए कर सकते हैं; पर आलोचक “कविता“ में भाव कैसे पैदा करता है? आप इसे असहृदय न समझियेगा। लोग सत्यता लिखते हैं; रवीन्द्रनाथ को भी लिखते मैंने पढ़ा है, पर “सत्य“ स्वयं विशेष्य है। (-विशेषण तो है ही जिसके कारण लोग “ता“ जोड़ने के आदी हैं। (निराला का पत्र (31/3/36) जानकीवल्लभ शास्त्री को; नंदकिशोर नवल, निराला रचनावली, 8) जानकीवल्लभ शास्त्री को निराला जी की सख्त हिदायत थी कि ‘आप जब तक उर्दू न पढ़ें, उर्दू के किसी शब्द के नीचे बिंदी न लगायें। न वैसा उच्चारण करें।’ इस हिदायत को आज के लेखक कहाँ माननेवाले!

लेखक पैदा करनेवाले पहले संपादक महावीर प्रसाद द्विवेदी थे। कैसे-कैसे लोगों को और किस विधि से उन्होंने  ’सरस्वती’ के लिए एक लेखक-समूह पैदा किया, जगजाहिर है। बाबू श्यामसुंदर दास के नाम पत्र (19/10/1923) में आचार्य द्विवेदी ने लिखा, ’मेरे समय की सरस्वती की 17 वर्ष की हस्तलिखित कापियाँ मेरे पास हैं। …उनको देखने से पता लगेगा कि आज कल के हिन्दी के अनेक धुरंधर लेखक किस तरह राह पर लाये गये थे। (बैजनाथ सिंह विनोद, द्विवेदी युग के साहित्यकारों के कुछ पत्र, हिंदुस्तानी एकेडमी, इलाहाबाद, 1958, पृष्ठ 48) साहित्यिक दुनिया में इन बातों को लेकर खूब हंसी-मजाक चलता था। प्रचलित है कि एक शाम के. पी. जायसवाल और दिनकर ’गप्प-शप्प’ के मूड में बैठे थे। जायसवाल जी ने शुरुआत की, ’हिंदी में केवल दोय कवि भये।’ दिनकर ने पूछा, ’वे कौन हैं भला?’ उन्होंने कहा, ’एक तो वही चंद, और दूसरा यही हरिचंद।’ दिनकर ने अकचकाकर पूछा, ’और तुलसीदास?’ वे बोले, ’अरे, तुलसिया भी कौनो कवि रहा? उसकी तो बंदरवा न सुधार देता रहा जैसे गुप्तवा की महविरवा।’ लोकश्रुति है कि तुलसीदास की अधूरी कविताओं को हनुमान जी पूर्ण कर देते थे। और इधर तो सर्वविदित ही है कि मैथिलीशरण जी की कविताओं का संशोधन पंडित महावीर प्रसाद द्विवेदी किया करते थे। (रामधारी सिंह दिनकर, संस्मरण और श्रद्धांजलियां, नेशनल पब्लिशिंग हाउस, पृष्ठ 8; मैथिलीशरण गुप्त, श्रद्धांजलि संस्मरण, साकेत प्रकाशन, चिरगांव, 1979)

द्विवेदी जी रचनाओं के ऊपर काफी श्रम करते, आमूल परिवर्तन करते और कभी-कभी शीर्षक भी बदल देते। मैथिलीशरण गुप्त की पहली कविता ’शरद’ अस्वीकृत हुई, परंतु दूसरी कविता ’हेमन्त’ को उचित संशोधन और परिवर्द्धन के साथ ’सरस्वती’ में जगह मिली। दिसंबर 1913 ईस्वी में केशवप्रसाद मिश्र की ‘सुदामा’ शीर्षक लंबी तुकबंदी में उसके दोषों का निर्देश और उन्हें दूर कर कहीं अन्यत्र छपा लेने का आदेश दिया। लक्ष्मीधर वाजपेयी के ’नाना फड़नवीस’ नामक विस्तृत लेख को अत्यंत परिश्रमपूर्वक काट-छाँट के बाद सिर्फ आठ पृष्ठों में छापा। (डॉ. उदयभानु सिंह, महावीर प्रसाद द्विवेदी और उनका युग, लखनऊ विश्वविद्यालय, पृष्ठ 170)

एक बार ’सरस्वती’ में कवि विशाखदत्त-प्रणीत ’मुद्राराक्षस’ नाटक पर एक लेख छपने को आया था। उसे देखकर द्विवेदी जी ने छापना स्वीकार कर लिया था। उसमें जहाँ-तहाँ पेंसिल से उन्होंने संशोधन भी किया था। लेख के अंत में पेंसिल से एक नया वाक्य लिखा हुआ था। कंपोज होने से पहले उसे देखने का अवसर उक्त लेख के लेखक को मिल गया। उन्होंने द्विवेदी जी की संपादन-पटुता की प्रशंसा कर कहा कि इस अंतिम वाक्य से लेख में सजीवता आ गई है, संशोधन से लेख की श्रीवृद्धि हुई है। (द्विवेदी अभिनंदन ग्रंथ, पृष्ठ 547) इसी प्रकार एक बार ’सरस्वती’ की एक कविता में, कंपोज होने से पूर्व, एक प्रसिद्ध कवि की रचना में से साढ़े तीन पद्य साफ निकाल दिए हैं और अपनी ओर से आधा पद्य जोड़कर रचना के प्रवाह को यथापूर्व कर दिया है। (वही) किन्तु जिस रचना को वे खारिज कर देते उसके ‘उद्धार’ के सारे रास्ते बंद हो जाते। मैथिलीशरण गुप्त को एक पत्र में महावीर प्रसाद द्विवेदी स्पष्ट करते हैं-“आगे से आप सरस्वती में लिखना चाहें तो इधर-उधर अपनी कविताएं छपाने का विचार छोड़ दीजिए। जिस कविता को हम चाहें, उसे छापेंगे। जिसे न चाहें उसे न कहीं दूसरी जगह छपाइए, न किसी को दिखाइए, ताले में बंद करके रखिए।“

’सरस्वती’ के संपादक होने के नाते और लेखकों की पांडुलिपियों को दुरुस्त महावीर प्रसाद द्विवेदी ने सामूहिक लाभ की दृष्टि से व्याकरण विषयक अशुध्दियों के निवारण हेतु एक योजना बनाई। इस योजना को कार्यान्वित करने के लिए आचार्य द्विवेदी ने नवंबर, 1905 की सरस्वती में ’भाषा और व्याकरण’ शीर्षक एक लेख लिखा था। इस लेख में द्विवेदी जी ने भारतेन्दु हरिश्चंद्र के एक नोटिस से, राजा शिवप्रसाद सितारेहिंद के विद्यांकुर 23वीं आवृत्ति से, गदाधर सिंह की एक विज्ञप्ति से, राधाचरण गोस्वामी के ’भारतेंदु’ पत्र से, तथा काशीनाथ खत्री की एक सूचना से कुछ व्याकरण विषयक अशुध्दियों का उल्लेख करते हुये एक सर्वमान्य व्याकरण बनने की अनिवार्यता घोषित की थी। (डॉ. नत्थन सिंह, बाबू बालमुकुन्द गुप्त : जीवन और साहित्य, विनोद पुस्तक मंदिर, आगरा, पृष्ठ 170) इस लेख में द्विवेदी जी ने ’अनस्थिरता’ शब्द का प्रयोग किया था। बालमुकुन्द गुप्त जी ने द्विवेदी जी के ’अनस्थिरता’ शब्द के अशुद्ध प्रयोग पर आपत्ति प्रकट करते हुए उनके भाषा और व्याकरण नामक लेख की प्रत्यलोचना की थी। (डॉ. नत्थन सिंह, गद्यकार बाबू बालमुकुन्द गुप्त, पृष्ठ 168) गुप्त जी ने कहा कि ‘अनस्थिरता’ अशुद्ध है इसलिए  ‘अस्थिरता’ लिखिए!

सरदार पूर्ण सिंह के निबंधों में कहीं-कहीं व्याकरण की अशुद्धियां मिलती हैं। उदाहरण के लिए 'नमस्कार किया' के स्थान पर 'नमस्कार की' (पवित्रता), 'युवती कन्या' के स्थान पर 'युवाकन्या' (कन्यादान), 'विद्या उसने नहीं पढ़ी' के स्थान पर 'विद्या वह नहीं पढ़ा' (आचरण की सभ्यता) जैसे प्रयोग चिन्त्य हैं। इसी प्रकार इनका एक वाक्य है-'ईसा को ऐसा ही उपदेश करते हार हुई'। (पवित्रता) यहाँ 'ईसा को' के स्थान पर 'ईसा की' होना चाहिये। यथा-उच्चारण शब्द प्रयोग करने की धुन में सकता के स्थान पर 'सकता' (आधा क) का प्रयोग करते हैं। उदाहरण के लिए-'ब्रह्मचर्य अब इस अपवित्र देश में बिना माता-भक्ति के, कन्या-पूजा के, कभी भी स्थापित नहीं हो सकता (आधा क)। इस देश में क्या कहीं भी ऐसा नहीं हो सकता (आधा क)।' (पवित्रता) उच्चारण संबंधी कुछ त्रुटियां तो फ़ारसी लिपि में लिखने की वजह से भी हुई होंगी। सरदार पूर्ण सिंह प्रायः अपने निबंध फ़ारसी लिपि (उर्दू लिपि) में लिखते थे। पत्रिकाओं के संपादक उनका नागरी में लिप्यंतरण कराते थे। (रामचन्द्र तिवारी, भारतीय साहित्य के निर्माता : अध्यापक सरदार पूर्ण सिंह, साहित्य अकादमी, 1998, पृष्ठ 59)

पद्मसिंह शर्मा ने महावीर प्रसाद द्विवेदी के नाम पत्र में लिखा था, ’आजकल के संपादकों के संपादन से जब आपके संपादन की तुलना करता हूँ तो अंतरम् महदन्तरम् प्रतीत होता है। एक बार आपने स्वामी सत्यदेव के प्रसंग में कहा था कि कच्चा माल मांगकर उसे व्यवहारोपयुक्त बनाना पड़ता है। बात बिल्कुल ठीक थी। आजकल तो हिन्दी के अनेक संपादक कच्चे माल में भी कूड़ा-करकट मिलाकर उसे भद्दा बना देते हैं। शब्द-शुद्धि की ओर तो ध्यान नहीं देते, या ज्ञान ही नहीं रखते। (पद्मसिंह शर्मा के पत्र, आत्माराम एन्ड संस, 1956, पृष्ठ 221)


नई पीढ़ी के लेखकों-संपादकों से केवल क्षमा-याचना!

वाचिक परंपरा के निहितार्थ

बीसवीं-इक्कीसवीं शताब्दी में, जहां लिखित शब्दों की दुनिया का अपना एक अलग ही सम्मोहन है, वहां भाषा और साहित्य का एक बड़ा आलोचक/समीक्षक वाचिक परंपरा का चुनाव क्यों करता है? क्या यह ज्ञान की सामूहिकता के विरुद्ध व्यक्तिकेन्द्रित कोई राजनीति अथवा रणनीति है? आइए, जरा हम पीछे इतिहास में चलें और वहां ज्ञान के वर्चस्व की राजनीति को समझने की कोशिश करें।

अगर प्राचीन भारत का इतिहास देखें तो आधी से अधिक आबादी, अर्थात स्त्री और शूद्र को शिक्षा से दूर रखा गया। कहा गया कि इन्हें वेदपाठ आदि करने का कोई अधिकार नहीं है, ये शब्दों को बिगाड़कर कहते हैं। कहने की जरूरत नहीं कि तब हम लेखनकला से परिचित नहीं थे, साहित्य/ज्ञान और ज्ञान का वर्चस्व केवल मौखिक परंपरा में जीवित और अक्षुण्ण रह सकता था। एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक साहित्य/ज्ञान अपने 'अपरिवर्तित' और 'सीमित' रूप में जाय, इसके लिए अगर एक ओर भाषा में 'शुद्धता', 'उच्चारण' आदि पर एक हद तक 'अनावश्यक जोर' की आवश्यकता थी तो दूसरी ओर वाचिक/मौखिक परंपरा की अनिवार्यता और महत्ता सिद्ध करनी थी। अकारण नहीं है कि 'पुस्तक से पढ़नेवाले को निकृष्ट पाठक कहा गया है।' (पाणिनीय शिक्षा, 32) यह वह दौर था जब गुरु ही शास्त्र/टेक्स्ट हुआ करता था। प्राचीन काल में एक ही ग्रंथ के कई टेक्स्ट्स मिलने और गुरु के गोविंद होने के इस सम्भव कारण से इनकार नहीं किया जा सकता।

ज्ञान की 'मौलिकता' और 'वर्चस्व' की रक्षा का दायित्व ब्राह्मणों के पास था। उसने लोगों में डर पैदा किया कि मंत्रों के गलत उच्चारण के कुप्रभाव से यजमान को अनिष्ट भोगना पड़ सकता है। तैत्तिरीय संहिता (2/4/12/1) एवं शतपथ ब्राह्मण (1/6/3/8) त्वष्टा की एक गाथा का वर्णन है जो इस विषय में हमारी मदद कर सकता है। गाथा है कि त्वष्टा 'इंद्रशत्रु' (जिसका अर्थ है इंद्र का नाशक) शब्द का उच्चारण तत्पुरुष समास में करना चाहता था (जिसमें समास के अंतिम अंश में उदात्त स्वर लगाना चाहिए), किन्तु उसने बहुव्रीहि समास के रूप में ही (इंद्र होगा शत्रु जिसका) उच्चारण कर दिया (यहां समास के प्रथम शब्द में उदात्त स्वर आ गया) और फल उलटा हो गया अर्थात 'इंद्र के शत्रु' के स्थान पर इंद्र ही को प्रधानता मिल गई और त्वष्टा की कामना पूर्ण नहीं हो सकी। (पाणिनि 6/1/223, 6/2/1; धर्मशास्त्र का इतिहास, प्रथम भाग, पृष्ठ 241)

हालांकि इस डर का भी एक सीमा तक ही प्रभाव रहा होगा क्योंकि पाणिनि कई तरह के उच्चारण की बात करता है। उच्चारण की इतनी गड़बड़ी थी कि कई शब्दों के स्रोत, अर्थ और निर्माण/विकास प्रक्रिया उन्हें भी अज्ञात थे। इस समस्या को दूर करने के उद्देश्य से उन्होंने एक 'व्याकरण' तैयार किया। उनके चेलों ने कुछ इतनी सख्ती से सूत्रों को लागू किया कि इस व्याकरण से इधर-उधर होने का मतलब 'अपाणिनीय' अर्थात अशुद्ध/गलत होना था, ये और बात है कि भाषा की नदी में आई बाढ़ को व्याकरण का बांध कब रोक पाया है!

Monday, September 7, 2026

जनपद-संस्कृति-कोश है देहाती दुनिया

शिवपूजन सहाय लिखित ‘देहाती दुनिया’ नामक उपन्यास सन् 1926 ई. में हिन्दी पुस्तक भंडार, लहेरियासराय से प्रकाशित एवं ज्ञानमंडल यंत्रालय (कबीर-चौरा, काशी) के माधव विष्णु पराड़कर द्वारा मुद्रित हुआ था। पुस्तक के विवरण में लिखा है-‘पृष्ठ लगभग 200, सुनहले अक्षर से युक्त नये फैशन की रेशमी जिल्द, चमकीला रेशमी बुकमार्क, ऑयल पेपर का चिकना आवरण’ आदि। ठीक यही वर्ष है जब बच्चों की रंगीन और सचित्र मासिक पत्रिका ‘बालक’ का प्रवेशांक रामवृक्ष बेनीपुरी के संपादन व शिवपूजन सहाय की देखरेख में निकला था। ‘देहाती दुनिया’ के चार संस्करण पुस्तक भंडार से निकले। पांचवां तथा छठा संस्करण ग्रन्थमाला कार्यालय, पटना से क्रमशः 1950 एवं 1951 में निकला। इन संस्करणों का मुद्रण हिन्दुस्तानी प्रेस, पटना के देवकुमार मिश्र ने किया। छठे संस्करण के अपने ‘वक्तव्य’ में लेखक ने स्वीकार किया है कि ‘कुछ कठिन परिस्थितियों और अनिवार्य कारणों से विवश होकर ग्रन्थमाला-कार्यालय से प्रस्तुत नवीन संस्करण निकालना पड़ा।’ इस नवीन संस्करण में कोई ‘नया हेर-फेर’ नहीं किया गया है, सिवा इसके कि ‘पिछले संस्करणों की लंबी भूमिका निकाल दी गई है’। इस लंबी भूमिका को 'हमारा गांव' शीर्षक से एक अन्य किताब के रूप में तब्दील होना था।

'देहाती दुनिया' पुस्तक के विज्ञापन में लिखा गया था कि ‘‘इस उपन्यास में देहाती दृश्यों का ऐसा स्वाभाविक वर्णन है कि आप पढ़कर केवल चकित और पुलकित ही नहीं होंगे, बल्कि हँसते-हँसते लोटपोट भी हो जाएंगे। सच पूछिए तो इसमें केवल मधुर और शुद्ध विनोद ही नहीं, अनेक उपदेश भी भरे पड़े हैं। भाषा ऐसी सरल, रसीली, रंगीली, लोचदार, फड़कती हुई, सजीव और सुबोध है कि हलवाहे और मजदूर भी खूब धड़ल्ले से पढ़कर बड़ी आसानी से समझ सकते हैं, और खूब मजा भी लूट सकते हैं। वर्णनशैली तो बहुत ही हृदयग्राहिणी है और सजीव रचनाशैली भी एकदम निराले ढंग की है। बिल्कुल मुहावरेदार भाषा है। रोजमर्रे की बोलचाल की ऐसी सीधी सादी भाषा में ऐसा मनोरंजक और शिक्षाप्रद उपन्यास आजतक हिन्दी में नहीं निकला। मजाल क्या कि एक बार पढ़कर आप अपने दस मित्रों से इसे पढ़ने के लिए साग्रह अनुरोध न करें। हम शर्तिया गारण्टी करते हैं कि यह मौलिक उपन्यास पढ़कर आप अवश्य ही मुग्ध हुए बिना न रहेंगे। विश्वास कीजिए, ‘देहाती दुनिया’ की सैर करके आप निस्संदेह अपने को कृतार्थ मानेंगे।’’ 

पुस्तक के मुखपृष्ठ पर ‘देहाती दुनिया’ को ‘ठेठ देहात का औपन्यासिक चित्र’ बताया गया है। जाहिर है, इसके लेखक ने इसे ‘उपन्यास’ की संज्ञा दी थी। हालांकि उस समय उपन्यास के विषय में जो आम धारणा थी, उसे देखते हुए आलोचक गोपाल राय इसे ‘बेतुकी बात’ कहते हैं। यद्यपि वे मानते हैं कि ‘इधर आकर हिन्दी के अनेक आलोचकों ने इसे हिन्दी का ‘‘पहला आंचलिक उपन्यास’’ घोषित किया है।' ‘देहाती दुनिया’ पुस्तक से यह भी भलीभाँति सिद्ध होता है कि हिंदी साहित्य में ‘उपन्यास’ कितनी लचीली विधा है। अपने उपन्यास की रचना के बारे में बाबू शिवपूजन सहाय लिखते हैं, ‘मैं ऐसी ठेठ देहात का रहने वाला हूं जहां इस युग की नयी सभ्यता का बहुत ही धुंधला प्रकाश पहुंचा है। यहां केवल दो ही चीजें प्रत्यक्ष देखने में आती हैं-अज्ञानता का घोर अन्धकार और दरिद्रता का ताण्डव नृत्य! वहीं पर मैंने जो कुछ देखा सुना है, उसे यथाशक्ति ज्यों का त्यों चित्रित कर दिया है। इसका एक शब्द भी मेरे दिमाग की खास उपज या मौलिक कल्पना नहीं है।’

‘देहाती दुनिया’ ग्रामीण जीवन के अनेक प्रसंगों का संकलन है। इसमें समाज की अनेक झाँकियाँ, जो बिलकुल वास्तविक हैं, प्रस्तुत की गयी हैं। एक तरह से यह जनपद के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन का प्रामाणिक किंतु जीवंत दस्तावेज है। जाति व्यवस्था की अमानवीयता, जमींदारी शोषण के दंश से लेकर मध्यवर्ग के जीवन में शिक्षा से जुड़ी उम्मीद तक का चित्रण है। 'भोलानाथ' को पिता समझाते हैं: ‘सुबह मकतब में पढ़ना, खा-पीकर स्कूल में। जब उर्दू और हिन्दी पढ़ जाओगे तब तुम्हें गाजीपुर ले चलूंगा। वहां तुम्हें अंगरेजी स्कूल में भर्ती करा दूंगा। अंगरेजी पढ़कर तुम मुख्तार होगे, वकील होगे, मुन्सिफ होगे, खूब रुपये कमाओगे।’ ‘उपन्यास’ एक छोटे बालक के अवलोकन-बिन्दु से प्रस्तुत किया गया है, यद्यपि बीच-बीच में लेखक इस बात को भूल जाता है, और स्वयं भी कहानी कहने लगता है। 

'देहाती दुनिया’ अपने ढंग की एक विशिष्ट पुस्तक है। इसकी विशिष्टता भाषा एवं शैली को लेकर खास तौर से है। अकारण नहीं है कि उपन्यास ‘हिन्दी के गद्यकवि’ ‘श्रीसूर्यपुराधीश राजा राधिकारमणप्रसाद सिंह, एम. ए.’ को समर्पित है। शिवपूजन सहाय ने हिंदी लेखकों को कभी ‘कहानी का प्लॉट’ दिया था, ‘देहाती दुनिया’ के माध्यम से उन्होंने 'उपन्यास का प्लॉट' मुहैया कराया। भाषा के स्तर पर अधिकतर हिंदी लेखकों का आम जन से जुड़ाव नहीं हो सका, क्योंकि उनके साहित्य की भाषा वह नहीं रही जिसमें आम जन बात करता हो। सहाय जी ने ‘देहाती दुनिया’ में उसी भाषा का प्रयोग किया जो जनपद के लोगों की भाषा थी। इसी जनपदीय भाषा को कुछ आधुनिक लोगों ने 'मातृभाषा' का 'छद्मनाम' प्रदान किया। आज 2026 में, जब ‘देहाती दुनिया’ उपन्यास के सौ साल पूरे हो चुके हैं, पढ़ते हुए पता चलता है कि हम अपनी मातृभाषा के कितने ही शब्दों, मुहावरों, कहावतों आदि से वंचित हो गये हैं। इन अर्थों में, ‘देहाती दुनिया’ उपन्यास जनपद-संस्कृति का एक समग्र कोश है।