Monday, August 9, 2010

स्मृतियों के बगैर

मेरे एक स्वनामधन्य मित्र की टिप्पणी है कि मैं अब बूढ़ा हो चला हूं कि मेरी लगभग सभी रचनाओं में कोई न कोई स्मृति अवश्य रहती है। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि मित्र ने मेरी निंदा की है या तारीफ। वैसे वृद्ध कहे जाने पर मुझे अतिरिक्त खुशी का अहसास होता है, क्योंकि भारतीय संस्कृति में उनकी एक गरिमापूर्ण स्थिति है। हमारे यहां वृद्ध का मतलब अनुभवी और ज्ञानी व्यक्ति से है। जब कोई बच्चा अनुभव की बात करता है तो हम सहज ही असहज बात कह उठते है, ‘देखो, वह तो वृद्धों की तरह बातें करने लगा है।’ ज्ञान की बात कह दें कि भारत में जब कोई अंग्रेज नया-नया आता था तो अपनी उम्र वास्तविक से ज्यादा बताता था क्योंकि उन लोगों ने जान-सुन रखा था कि भारत के लोग बुजुर्गों को ही महत्व देते हैं। नौकरी में भी पहले उन्हीं को तरक्की दी जाती है, या महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया जाता है जिनकी उम्र बाकियों से ज्यादा होती है। इसलिए मेरे मित्र, कि बुढ़ापे को ज्ञान और अनुभव से जोड़कर देखा जाता रहा है। जो ज्ञानी न हो वह मर भी जाये तो हमारी संस्कृति उसे बूढ़ा मानने के लिए तैयार नहीं है। मरनासन्न बूढ़ों को भी हमने ‘एडल्ट एड्यूकेशन’ की कक्षा में स्लेट और नाक साथ-साथ पोंछते देखा है। महिलाओं को ‘मूर्खता’ का पर्याय इसलिए भी माना-समझा जाता है कि वे अपनी उम्र वास्तविक से अक्सर कम बताती हैं। कुछ दिनों पहले पहले प्रभात खबर, पटना में एक समाचार छपा था, जिसमें लालू यादव ने अपनी पत्नी की उम्र अपनी उम्र से ज्यादा बतायी थी (हालांकि इसका संदर्भ दूसरा था)। इस समाचार को पढ़कर एक बुजुर्ग (जीवक्ष बाबू) ने टिप्पणी की-‘आज लालू की खैर नहीं है।’ इसलिए मित्र, आप अपनी बात और अपने इरादे पर गौर करें। दोनों में तालमेल तो है न ?

अगर यह अपने को जवान साबित करने की ‘चिरयौवनी शगल’ नहीं है, और उसके निहितार्थ निम्नलिखित है तो बोले बगैर नहीं रहा जा सकता। संभव है कि स्मृतियों के बहाने आप मुझे सिर्फ बूढ़ा ही नहीं कह रहे हों बल्कि एक ही झपट्टे में मेरी जवानी, मेरा बचपन-सब कुछ मेट देना चाहते हों। बहरहाल, मैंने तो यही जाना है कि जब बचपन आपकी स्मृतियों में आ जाये तो समझें कि आप युवा हो चले हैं, और बुढ़ापे में जवानी भी स्मृति का हिस्सा हो जाती है। मुझे अपने दादाजी का बुढ़ापा याद आता है। वे किसी को विश्वास दिलाने के लिए मां या बाप की कसम नहीं, बल्कि अपनी ‘जवानी’ (जो अब नहीं थी) की कसम खाते थे-यानी बात-बात में ‘जवानी कसम’। हालांकि इन स्मृतियों का उनके लिए क्या महत्व जिन्होंने सिर्फ बुढ़ापा ही झेला हो, बचपन और जवानी के किस्से सिर्फ किताबों में पढ़े हों। वैसे भी जीवन को समझने में शास्त्रोपार्जित ज्ञान हमारी बहुत मदद नहीं करते।

मित्र, जब कोई स्मृतियों को छोड़ने की सलाह देता है तो मेरे कान खड़े हो जाते हैं। साजिश की बू आने लगती है। हमारी और हमारे पूर्वजों की स्मृतियों को, जिनमें हममें से अनेक की कहीं न कहीं पहचान छिपी होती है, कुलीन और अभिजात वर्ग कुटिलतापूर्वक नष्ट कर डालने की कोशिश करता है। कुछ वर्ष पहले भारत की भगवाधारी सरकार ने इतिहास के पुनर्लेखन की बात की थी और एन. सी. ई. आर. टी. की पुस्तकों से कुछ चुनिंदा अंशों को निकालना शुरू किया था। इन अंशों को निकालते हुए यह तर्क गढ़ा गया कि इन पुस्तकों में कुछ ऐसी स्मृतियां हैं जिनसे विद्यार्थियों में असहिष्णुता की भावना का संचार होता है। देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए इतिहास का पुनर्लेखन कर सहिष्णुता से लैस करने की कोशिश की की गई थी। ‘कुलीनता की हिंसा’ हमेशा ही सहिष्णुता के बाने में होती है। लेकिन स्मृतियों को नष्ट करना आसान नहीं होता। स्मृतियां हमारे पैरों की विवाइयों में होती हैं, मां के सपनों में होती हैं। यह विधवाओं की सूनी मांग में और अनाथ बच्चों की बूझी आंखों में होती हैं। इतिहासकार और सरकार तो क्या बड़ा से बड़ा कवि और नाटककार भी इन स्मृतियों के खास-खास कोने ही झांक पाते हैं। इतिहास, या कहिए कि लोक स्मृति के सामने विवश हो प्रेमचंद ने कहा था, ‘इतिहास की अदावतें मिटती हैं, लेकिन मुश्किल से।’

Monday, August 2, 2010

नमक का दारोगा और अलोपीदीन की संतानें

प्रेम कुमार मणि

नमक का दारोगा सुप्रसिद्ध कथाकार प्रेमचंद की एक कहानी है, जिससे हिंदी समाज का मामूली पढ़ा-लिखा व्यक्ति भी परिचित है। जब मैंने साहित्य की दुनिया में आंखें खोलीं,तो यही सुना कि यह एक आदर्शवादी कहानी है, लेकिन अपने पुनर्पाठ में यह कहानी एक भीषण त्रासदी प्रतीत हुई। संक्षेप में, यह कहानी एक ऐसे नौजवान की है जिसकी नियुक्ति आबकारी विभाग में दारोगा के पद पर हुई है। उसका बाप उसे रिश्वतखोर कमाऊ के रूप में देखना चाहता है, लेकिन अपने आदर्शों पर अडिग नौजवान ईमानदारी की मिसाल खड़ा करता है। कालेबाजार की गाड़ियों के मुआयने के क्रम में उसके सरगना अलोपीदीन को वह पकड़ता है और रिश्वत की ऊंची बोली को भी ठुकराकर उसे जेल भिजवा देता है। सरगना अलोपीदीन अपनी पहुंच और ताकत के बल पर दारोगा को बरखास्त करवा देता है और इस तरह नौजवान दारोगा घर बैठ जाता है। यहीं कहानी एक नया मोड़ लेती है। दारोगा एक रोज देखता है कि माफिया सरगना अलोपीदीन उसके घर आया है। वह और उसके बाप डर जाते हैं। दोनों सरगना से उस रोज की बदसलूकी के लिए माफी मांगने लगते हैं। तभी माफिया सरगना दारोगा की प्रशंसा करता है और उसे ऊंचे वेतन पर अपना मैनेजर बनाने का प्रस्ताव करता है। बरखास्त दारोगा, माफिया की मैनेजरी स्वीकार कर लेता है। एक ईमानदार दारोगा बेईमान कालाबाजारी का मैनेजर हो जाता है। अब वह पूरी ईमानदारी से बेईमानी के साम्राज्य की रक्षा करेगा और श्रीवृद्धि भी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए मुझे नमक का दारोगा का पात्र बहुत उचित जान पड़ता है। मैं उन लोगों में हूं, जिन्हें नीतीश कुमार को नजदीक से देखने का अवसर मिला है। हम मित्र और सहकर्मी रहे हैं।वे उन चंद लोगों में हैं, जिनकी तहे-दिल से मैं इज्जत करता हूं। नीतीश अपनी ही तबीयत के आदमी हैं और यदि वह राजनीति में न होते तो कहीं बड़े इनसान होते। मेरे कहने का तात्पर्य यह नहीं है कि वह विफल राजनेता हैं। लेकिन राजनीति के अपने पेचो-खम होते हैं और उन्हीं सब ने मिल-मिलाकर उन्हें नमक का दारोगा बनाकर रख दिया है। बेईमान व्यवस्था का ईमानदार मैनेजर! अपनी पूरी ईमानदारी से वह बेईमान व्यवस्था के साम्राज्य को पाल-पोस रहे हैं और यह व्यवस्था इतना ईमानदार मैनेजर पाकर गदगद है।

2005 में जब वह मुख्यमंत्री हुए, तब मैंने उनसे कहा था कि बिहार को एक सबाल्टर्न नेहरु की जरूरत है। नीतीश लोहियावादी घराने के समाजवादी हैं और वे नेहरु से नफरत करने वाले लोग हैं। लेकिन उन्होंने मेरी बातों को ध्यान से सुना और गंभीर मुद्रा बनायी। उन्होंने साल भर बहुत अच्छा काम किया। बिहार को विकास की पटरी पर लाने की संभव और ईमानदार कोशिश की।

लेकिन, इसी बीच मैंने देखा कि अलोपीदीन की संतानें इनके इर्द-गिर्द घुमड़ने लगीं और उनकी मायाबी दुनिया में वे खोने लगे। इनमें सबसे ज्यादा वे थे, जिन्होंने पिछले पंद्रह वर्षों से लालू प्रसाद के इर्द-गिर्द अपना घेरा बनाया हुआ था। किसी का नाम लेना बेमतलब होगा, लेकिन पाठक यह तय कर सकते हैं कि लालू प्रसाद के साथ जिस ढंग के लोग थे, उनमें से एक भी नहीं खिसका, खिसके वे चापलूस और बुरे तत्व जिनके कारण लालू प्रसाद बदनाम हुए थे। पिछले सालों में एक-एक कर सब के सब इस डाल पर आ बैठे। हम नीतीश कुमार को नेहरु बनाना चाहते थे, वह बन गये एक ऐसे लालू प्रसाद, जिनके साथ कोई जगदानंद सिंह, रघुवंश प्रसाद सिंह, जाबिर हुसैन, अब्दुल बारी सिद्दीकी, शकील अहमद खां या रामचंद्र पूर्वे नहीं था। जिन लोगों ने नीतीश कुमार का दरबार हाल के दिनों में देखा है, वे बता सकते हैं कि वहां कैसे-कैसे लोग जुटते हैं। अलोपीदीन की संतानों ने उन्हें पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है और वे अपने मिजाज से एक नया नीतीश गढ़ने में लग गये हैं। हमारी जनता को नया बिहार भले नहीं मिला, नया नीतीश जरूर मिल जायेगा।

और इस पड़ाव पर मैं एक बार फिर कह रहा हूं कि नीतीश बेईमान नहीं हो सकते लेकिन मैं उन्हीं से कहना चाहूंगा कि नीतीश जी, ईमानदारी और परिश्रमी जैसे विशेषण निरपेक्ष अर्थ नहीं रखते। महत्वपूर्ण यह है कि आप किसके प्रति ईमानदार और कुशल हैं। एक चोर यदि आलसी है,तो अच्छा है।किसी माफिया का शूटर यदि किसी चंद्रशेखर को मारने में बेईमानी कर देता है, तो अच्छा है। ऐसे ईमानदार शूटर को आप क्या कहेंगे, जो अपने बॉस से कहे कि मैं तीन गोलियों में नहीं,एक गोली में ही किसी गांधी को मार दूंगा।

नीतीश कुमार ने भूमि सुधार या समान स्कूल शिक्षा प्रणाली के लिए अपनी ईमानदारी और परिश्रम का कहां परिचय दिया? सड़कों के लिए उन्होंने खजाना जरूर खोल दिया, इससे जनता को लाभ तो हुआ पर ठेकेदार भी संपन्न हुए। पांच साल पूरे होने को हैं-क्या हुआ उन निवेश प्रस्तावों का, जिनका पिछले वर्षों के रिपोर्ट-कार्डों में बढ़-चढ़कर हवाला दिया गया था। कितने उद्योग लगे इन सालों में! कितना मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ा! कितने गांवों का बिजलीकरण हुआ! बीपीएल सूची में कितनी कमी आयी।

पांच साल कम नहीं होते नीतीश जी! साढे़ चार साल में ही बिहार का एक बहादुर इतिहास का शेरशाह बन गया था। आपसे एक तिहाई कम समय के मुख्यमंत्रित्वकाल में कपूरी ठाकुर जननायक बन गये थे। नीतीश कुमार को पांच साल और चाहिए। किस काम के लिए ? क्या वह बता सकते हैं ? अलोपीदीन की संतानें न उन्हें भूमि सुधार करने देंगी, न समान स्कूल शिक्षा प्रणाली कायम करने देंगीं। मैं इनसे पूछना चाहूंगा-बेईमान व्यवस्था का ईमानदार प्रबंधक बनने के लिए अपनी ऊर्जा क्यों लगाना चाहते हैं ?
स्रोतः  प्रभात खबर, 29 जुलाई, 2010  


इस प्रार्थना में हम सब शामिल हों  --  राजू रंजन प्रसाद की एक असहमत टिप्पणी

प्रेम कुमार मणि ने प्रेमचंद की चर्चित कहानी नमक का दारोगा कहानी का जो ‘पुनर्पाठ’ तैयार किया है, उसकी कई गंभीर सीमाएं हैं। प्रेमचंद की इस कहानी का जो ‘प्वाईंट ऑफ इंफैसिस’ है, मणि जी ने उसे बदल डाला है। कहना होगा कि प्रेमचंद की कहानी का खलनायक (विलेन) अलोपीदीन नहीं हैं, बल्कि पूरी की पूरी समाज व्यवस्था है। अलोपीदीन से पहले महाजनों के कर्ज में डूबे उनके उनके पिता हैं जो नौकरी में जाने से पहले ही भ्रष्टाचार की घुट्टी पिला रहे हैं। परिवार के सारे लोगों की अतृप्त लालसाएं हैं। पत्नी की साड़ी और मां की तीर्थ-योजना है। समाज में कौन है जो अलोपीदीन की इज्जत न करता हो ? जमादार बदलू सिंह की तो बात ही छोड़ दें। इलाके के सारे प्रतिष्ठित लोग अलोपीदीन का मेहमान बनना अपना सौभाग्य मानते क्योंकि अपने इलाके के वे ‘सबसे प्रतिष्ठित जमींदार’ थे। अंग्रेज अफसर तक उनके मेहमान होते। क्या यह महज संयोग था कि अदालत ने अलोपीदीन को ‘बाइज्जत’ बरी कर दिया? ‘पं अलोपीदीन इस अगाध वन के सिंह थे।’ ‘डिप्टी मजिस्ट्रेट ने अपनी तजवीज में लिखा, पं. अलोपीदीन के विरुद्ध दिए गए प्रमाण निर्मूल और भ्रमात्मक हैं। वह बड़े भारी आदमी हैं। यह बात कल्पना के बाहर है कि उन्होंने थोड़े लाभ के लिए ऐसा दुस्साहस किया हो।’ 

मणि जी को नमक का दारोगा वंशीधर की ईमानदारी पर अटूट विश्वास है। प्रेमचंद का दारोगा ईमानदारी का जो ‘संस्कार’ लेकर नौकरी खोजने निकला है वह मार्के का है। उस संस्कार के जो अनिवार्य उपादान हैं, उसे देखें-‘मुंशी वंशीधर भी जुलेखा की विरह-कथा समाप्त करके सीरी और फरहाद के प्रेम-वृत्तांत को नल और नील की लड़ाई और अमेरिका के आविष्कार से अधिक महत्व की बातें समझते हुए (जोर मेरा है) रोजगार की खोज में निकले।’ इस तरह के रोमानी विचार वाले दारोगा की ईमानदारी पर कोई भरोसा करके गलत ही साबित तो होगा। सच पूछिए तो कहानी पढ़ते हुए मुझे ऐसा कुछ भी नहीं मिलता (सदास्था के बावजूद) जिसकी बुनियाद पर ‘अटूट विश्वास’ हो सके। बल्कि प्रेमचंद ने तो दारोगा के भ्रष्ट होने-बनने या बना दिये जाने की ही कहानी लिखी है। नौकरी गंवाकर लौटे दारोगा से घर-समाज में कोई बोलने-बतियाने के लिए तैयार नहीं है। क्या दारोगा इसे महसूस करते हुए बदल नहीं रहा? कहानी के प्रारंभ में अलोपीदीन के बारे में दारोगा की जो राय है वह अंत तक काबिज रहती है क्या? क्या वह पूरी की पूरी बदल नहीं गई है? ‘वंशीधर ने गंभीर भाव से कहा-यों मैं आपका दास हूं। आप जैसे कीर्तिवान, सज्जन पुरुष की सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।’ और आगे-वंशीधर की आंखें डबडबा आईं। हृदय के संकुचित पात्र में इतना एहसान न समा सका। एक बार फिर पंडितजी की ओर भक्ति और श्रद्धा की दृष्टि से देखा और कांपते हुए हाथ से मैनेजरी के कागज पर हस्ताक्षर कर दिए।’ मणि जी हिन्दी जगत के एक प्रतिष्ठित कथाकार हैं। आश्चर्य है कि एक कथाकार से दारोगा के हृदय में अलोपीदीन के लिए उपजी भक्ति और श्रद्धा अदेखी रह जाती है। दारोगा के ईमानदार बने रहने की मणि जी की यह सदास्था हो सकती है। कामना तो अलोपीदीन की भी यही थी-‘परमात्मा से यही प्रार्थना है कि वह आपको सदैव वही नदी किनारे वाला, बेमुरौवत, उदंड, कठोर परंतु धर्मनिष्ठ दारोगा बनाए रखे।’ तो आइए, इस ‘प्रार्थना’ में हम सब शामिल हों!
 

        

Saturday, July 31, 2010

प्रेमचंद और उनका प्रगतिशील साहित्य

‘मैं मजदूर हूं, जिस दिन न लिखूं, उस दिन मुझे रोटी का अधिकार नहीं है।’ प्रेमचंद की यह सजीव पंक्ति हमें उनकी कर्मठता तथा रचनाशीलता पर विचार करने के लिए बाध्य कर देती है। सचमुच अगर किसी लेखक को कर्मठता तथा व्यक्तित्व की सीख लेनी हो तो वह प्रेमचंद से ही संभव हो सकता है। जहां तक रचनाधर्मिता का सवाल है वहां प्रेमचंद के साहित्य में सारा युग बोलता है। प्रेमचंद एक व्यक्ति नहीं बल्कि दर्शन का नाम है जो उनकी तमाम रचनाओं में परिलक्षित हुआ है। प्रेमचंद का साहित्य अपने आप में एक नया प्रयोग है।
प्रेमचंद का साहित्य एक लम्बा सफर है जो आदर्शवाद से शुरू होकर यथार्थवाद से होते हुए मार्क्सवाद को विश्राम लेता है। प्रेमचंद का आदर्शवाद प्राचीन साहित्य का आदर्शवाद न था बल्कि इसमें उनकी अपनी सच्ची अनुभूति थी। आदर्शवाद के माध्यम से प्रेमचंद पात्रों के चरित्र में सुधार चाहते थे। यह सुधार मनोवैज्ञानिक विश्लेषणों के आधार पर हुआ करता था। अपने प्रारंभ के दिनों में प्रेमचंद महज सुधार की बात करते थे जिसका एकमात्र कारण इन पर गांधीजी के जादुई व्यक्तित्व का प्रभाव था। लेकिन समय की गति तथा वक्त की जरूरतों के मुताबिक जल्द ही प्रेमचंद का आदर्शवाद यथार्थवाद में परिणत हो गया।

प्रेमचंद की रचनाओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह हमें उन्हीं बातों पर गंभीरता से विचार करने के लिए विवश कर देती हैं जिन्हें हम दैनिक जीवन में भुगत रहे होते हैं। प्रेमचंद की रचनाओं में गांवों तथा कस्बों की मनहूस झोंपड़ियों में रहनेवाली अस्सी प्रतिशत जनता की आवाज है। इनकी रचनाओं में उन्हीं लोगों की वाणी मुखरित हुई है जिनसे जुड़कर चलने में प्रेमचंद भी अपनी शान समझते थे। प्रेमचंद के पहले कोई सोच भी नहीं पाता होगा कि गांव में रहनेवाला गोबर, धनिया तथा घीसू, माधव जैसे लोग हिन्दी साहित्य के पात्र बनेंगे। यह बात यह साबित करने के लिए काफी है कि गोबर जैसे लोगों के साथ इनकी आत्मीयता जुड़ी थी। यह कहना तनिक भी अनुचित न होगा कि यह न सिर्फ गोबर की बल्कि लाखों-करोड़ों शोषितों एवं पीड़ितों की स्थिति थी। इस प्रकार प्रेमचंद शोषितों के एक वर्ग की ताकत में विश्वास रखते थे। जाहिर है, हिन्दी साहित्य में वर्ग संघर्ष की सूझ सर्वप्रथम इन्हें ही मिली थी।

इन सबों से परे यह कि लाखों शाषितों एवं पीड़ितों की आवाज को प्रेमचंद न कहीं से चुराने की कोशिश नहीं की बल्कि ये उनके अपने तीखे अनुभव थे। राजेन्द्र यादव ने सच ही कहा है कि ‘व्यक्तिगत रूप से अगर देखा जाए तो ‘सेवासदन’ से ‘गोदान’ या ‘कफन’ तक की यात्रा एक बहुत कड़वे यथार्थ को स्वीकार करते चले जाने की यात्रा है।’ सचमुच प्रेमचंद की रचनाओं की जमीन यथार्थ की जमीन थी। प्रेमचंद अपनी रचनाओं में सामंती युग में गिर रहे मानव मूल्यों की नग्न तस्वीर पेश करते हैं। प्रेमचंद ने यह चित्रित करने की कोशिश की है कि किसानों की स्थिति जूठों पर पलनेवाले जानवरों से भी खराब हो गई थी। ‘पूस की रात’ कहानी का हलकू इसी तरह की मिसाल हमारे सामने पेश करती है। हलकू को अपनी सामाजिक हैसियत का काफी ज्ञान था। यही कारण है कि ठंड से कांपते समय जबरे कुत्ते से अपनी तुलना करते पाया जाता है। इस सामंतवाद को तोड़ डालना प्रेमचंद का लक्ष्य था जो आदमी को जानवर की जिंदगी जीने को विवश कर रहा था।

प्रेमचंद के साहित्य और राजनीति में अलगाव के बदले गहरा सामंजस्य हमें देखने को मिलता है। जहां तक राजनीति का सवाल है प्रेमचंद का गांधीवाद से मोहभंग हो गया था। प्रेमचंद को मार्क्सवाद की धुन सवार थी फलस्वरूप वे समाधान की गांधीवादी शैली में अपनी आस्था खो चुके थे। प्रसिद्ध उपन्यास ‘कर्मभूमि’ के अन्त में सेठ जी के स्वर में प्रेमचंद बोलते हैं-‘जन आंदोलन को चलाकर और समझौतों को बिना सोचे समझे करके ...गलती हुई और बहुत बड़ी गलती हुई। सैकड़ों घर बर्बाद हो जाने के सिवा और कोई नतीजा नहीं निकलता है।’ (पृष्ठ 520) ...‘इस प्रकार के आंदोलन में मेरा विश्वास नहीं है। इनमें प्रेम की जगह द्वेष बढ़ता है। जब तक रोग का निदान न होगा उसकी ठीक औषधि न होगी केवल बाहरी टीम-टाम से रोग का नाश न होगा।’ (पृष्ठ 519) इसी उपन्यास के अंत में अमर से सलीम का यह बयान कि ‘नतीजा यह होगा कि यहीं पड़े रहेंगे और रिआया तबाह होती रहेगी। तुम्हें तो कोई खास तकलीफ नहीं है लेकिन गरीबों पर क्या बीत रही है यह सोचो।’ जाहिर है, यह प्रेमचंद का गांधीवाद से मोहभंग था।

प्रेमचंद के साहित्य के मार्क्सवादी चरित्र की जांच के लिए हम ‘कफन’ जैसी कहानियों को उदाहरण के तौर पर ले सकते हैं। इस कहानी में घीसू कामचोर ( ?) है। आखिर इसका कारण क्या है ? इसका जवाब प्रेमचंद ने अपनी रचनाओं में मार्क्सवादी लहजे में दिया है। उनका मानना है कि यह गुण जन्मजात नहीं होता है बल्कि यह परिस्थितियों की ऊपज है। उचित मजदूरी के अभाव में श्रम से विरक्ति पैदा होने लगती है। निश्चित रूप से यह मार्क्स की ‘एलिएनेशन थिएरी’ है जिसको प्रेमचंद ने अपनी रचनाओं में चित्रित करने की कोशिश की है। इस प्रकार प्रेमचंद ने मार्क्सवाद का पक्ष लेना ज्यादा जायज समझा।

एक सफल साहित्यकार होने के नाते प्रेमचंद ने हिन्दू-मुस्लिम सांस्कृतिक एकता की बात करना भी जायज समझा। प्रेमचंद ने शुद्धि आंदोलन की काफी निंदा की। प्रेमचंद का अपना निजी ख्याल था कि किसी भी व्यक्ति का धर्म परिवर्तन बाहरी ताकतों द्वारा नहीं कराया जा सकता। प्रेमचंद ने शुद्धि आंदोलन की बजाय गरीबों को गले लगाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था-‘ हम शुद्धि के हिमायतियों से पूछते हैं, क्या हिन्दुओं को शक्तिशाली बनाने का यही एक तरीका है ? उनको क्यों नहीं अपनाते जिनको अपनाने से हिन्दू कौम को असली ताकत होगी ? करोड़ों अछूत इसाइयों के दामन में पनाह लेने चले जाते हैं,उन्हें क्यों नहीं गले से लगाते ? अगर आप कौम के सच्चे शुभचिंतक हैं तो आप उन अछूतों को उठाएं, उन दलितों के जख्म पर मरहम रखें, इन्हें शिक्षा और सभ्यता की रोशनी पहुंचाएं, छोटे और बड़े का भेद मिटाएं, छूआछूत के अर्थहीन और बेहूदे भेदभाव से जाति को छुटकारा दिलाएं। क्या हमारे पुराणपंथी धार्मिक लोग डोमरों और चमारों से भाईपना और समानता कायम करने के लिए तैयार है ? अगर नही तो उनका जाति के बिखराव को रोकने का दावा झूठा है।’ ऊपर की ये पंक्तियां ‘मलकाना राजपूत मुसलमानों की शुद्धि’ नामक लेख में देखी जा सकती हैं।

प्रेमचंद की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन्होंने न सिर्फ दोनों सम्प्रदायों की आलोचना की बल्कि सांस्कृतिक एकता की भी बात कही। प्रेमचंद का मानना था कि दोनों की संस्कृति एक है। दोनों की सामाजिक समस्याएं भी एक ही सी हैं। दोनों के बीच गरीबी एवं अशिक्षा बिना किसी भेदभाव के मौजूद है। दोनों के सामने रोटी की समस्या सामान्य रूप से पाई जाती है। जाहिर है गरीबों की मात्र एक संस्कृति होती है और वह है रोटी की संस्कृति। स्पष्ट है, प्रेमचंद ने तमाम समस्याओं का समाधान मार्क्सवाद में खोजने की कोशिश की है कि जो इनकी रचनाओं की सबसे बड़ी सफलता है। प्रेमचंद का प्रगतिशील साहित्य मार्क्सवाद की जमीन पर लिखा गया साहित्य है।                                                                                                                                          प्रकाशन: आत्मकथा, पटना, 15 नवंबर, 1987।

Tuesday, July 27, 2010

कविता संस्कृति का एक हिस्सा है

कविता संस्कृति का एक हिस्सा है और निरंतर कविता संस्कृति को बढ़ाने का भी काम करती है जिसका मनुष्य एक अहम हिस्सा है। इसलिए कह ले सकते हैं कि कविता सबसे पहले रचनाकार को बदलती है। कविता लिखने के बाद या लिखते हुए कवि एक सामान्य आदमी से ऊपर उठा होता है। अगर कविता यह करने में असफल हो तो रचनाकार की भी असफलता मानी जा सकती है। समाज भी व्यक्तियों से बना है। इस हिसाब से कविता समाज को बदलने का काम करती है लेकिन यह एक दीर्घकालिक प्रक्रिया है। इतनी लंबी कि कभी-कभी हम बदलने या बदले जाने की आशा खो बैठते हैं। कविता और समाज परस्पर एक-दूसरे को बदलने की चेष्टा करते हैं, ऐसा नहीं कि सिर्फ कविताएं ही समाज को बदलती हैं। बल्कि समाज भी कविता पर अपना असर छोड़ते चलता है तभी तो कोई कविता किसी समय में ज्यादा मूल्यवान होती है और कभी अपना अस्तित्व खो बैठती है। यह सभ्यता और संस्कृति का विराट संघर्ष है। कविता समाज को बदलने में उस तरह का औजार कभी नहीं होती, जिस तरह से समाज को उत्पादन के औजार और तकनीकी विकास बदलते हैं।
 
समय भी कविता को प्रभावित करते चलता है। कविता ही नहीं, हमारी फिल्मों में जो वाक्य संरचना है, वह छोटी होती जा रही है। संस्कृत से प्रभावित वाक्य लंबे हुआ करते थे। यह आधुनिकता की एक पहचान भी हो सकती है। हमारे पास आज वैसे नायक नहीं हैं जैसे सामंती युगों में हुआ करते थे। इसलिए महाकाव्य भी नहीं रहे। लंबी कविता के संदर्भ में देखें, तो निराला, मुक्तिबोध के बाद आलोक धन्वा ही लंबी कविता को साध पाते हैं। वजह यह भी हो सकती है कि निराला और मुक्तिबोध की कविताओं में जो एक व्यापक, विश्वजनीन (वैश्विक) दृष्टि है वह हिन्दी के कई कवियों के पास अनुपलब्ध है। तकनीकी विकास ने हमारे समय और समाज को संक्रमणशील बना दिया है। हमारे मूल्य स्थायी भाव लेकर नहीं आते। रोजमर्रा के सामान अब लिखो-फेंको की शैली में आते हैं। यानी हमारी जीवन दृष्टि बदल गई है। हिन्दी कविता इन कारणों की व्यापक जड़ की तलाश में कई अलग-अलग कहानियां गढ़ती है। इन कहानियों को एकसूत्र किये बगैर लंबी कविता लगभग असंभव है।
इन दिनों कविता के सामने नयी चुनौतियां आयी हैं। हमारा वर्तमान समय तकनीकी परिवर्तन का समय है। यह समय आउटडेटेड होने का भी है। कविता हमारी समस्याओं का बहुत ठोस रूप में समाधान नहीं कर सकती। कविता न रोटी पैदा कर सकती है न गरीबी की आग ही बुझा सकती है। यह हमारे अंदर सौंदर्य बोध पैदा कर सकती है जिससे अप्रत्यक्ष रूप से हम मनुष्य विरोधी होने से बच सकते हैं। इसी संदर्भ में कविता की भूमिका जांची जा सकती है। हमारे समय की कविता अपना काम बखूबी कर रही है।
 
मुझे लगता है कि आज लेखक आम आदमी हो गया है। लेखक की सामाजिक हैसियत आम आदमी से अलग नहीं है। तब तो आम आदमी का विस्तार आप कह सकते हैं जिसमें एक बहुत बड़ी फौज वैसी है जिसका शब्दों की दुनिया से कोई बना-बनाया रिश्ता नहीं है। आम आदमी की कविता कहते हुए अक्सर हम भ्रम के शिकार होते हैं। निराला की कविता अपने ही समानधर्मा को समझ में नहीं आ रही थी। मुक्तिबोध भी कम कठिन कवि नहीं हैं। दुनिया को बदलने का मार्क्स ने जो घोषणा पत्र तैयार किया वह अर्थशास्त्र के पंडितों को भी समझ में नहीं आता। लेकिन एक समय आता है जब एक अपढ़ व्यक्ति भी मार्क्सवाद के पक्ष में खड़ा दिखता है। आम जन की कविताएं और लोकप्रिय कविताएं दो अलग चीज हैं। साहित्य में लोकप्रियतावाद सबसे घटिया चीज है जिसके शिकार लेखक बनते रहे हैं। एक समय में कोई कविता लोगों की जुबान पर होती है, जैसे होली में कीचड। फिर साल भर हम उससे अलग रहते हैं। दिनकर और बच्चन लोकप्रिय रहे हैं, किन्तु हिन्दी साहित्य या संकीर्णता में कहें तो आम जन के साहित्य में इनकी बहुत थोड़ी भूमिका रही है।
 
आलोचक नंदकिशोर नवल ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि एक असफल कवि आलोचक हो जाता है। नवल जी शायद अपनी बात कर रहे हैं, यद्यपि उनका मानना है कि वे तो आलोचक भी नहीं हो सके। यह एक बुझौअल की तरह है कि असफल कवि आलोचक हो जाता है। एक असफल मनुष्य भेड़-बकरी नहीं होता। इस तरह के कथन का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। बचपन में पढ़ते हुए ऐसा लगा था कि प्रेमचंद गणित में फेल करते थे, इसलिए उपन्यासकार हो गए। कविता लिखने और आलोचना करने को मैं अलग करके नहीं देखता। कविता भी संस्कृति की आलोचना ही है। अलबत्ता दोनों के फॉर्म में फर्क है। इधर प्रेमकुमार मणि ने एक अखबार (शिखर भारतेन्दु) में कहा कि कविता सामंती समाज की विधा है। ऐसा कहते हुए कई तरह के अर्थ संप्रषित किये जा सकते हैं, अर्थात् कविता सामंती समाज की उपज है अथवा कविता अपने चरित्र में सामंती है। दोनों ही अर्थ सही नहीं लगते। हमारे यहां कविता ऋग्वेद से शुरू होती है जहां समाज कबीलाई है। बराबरी का हक और दावा है। समाज में अभी चौधरी नहीं बने हैं। यहां से हटकर सामंती समाज में भी कविता विद्रोह की कविता है। कल्पना करें तुलसीदास के समाज की जिसमें पिता की आज्ञा अकाट्य है, वहां भी लक्ष्मण के बेहोश होने पर राम पिता की आज्ञा के विरुद्ध जाते वक्तव्य देते हैं। बगीचे में राम और सीता के बीच प्रेम का पैदा होना सामंती मूल्यों के विरुद्ध ही जाता है। तुलसीदास का यह कहना कि धूत कहो अवधूत कहो, रजपूत या जोलहा जो चाहो, कह लो, क्या सामंती और मनुवादी मिजाज की कविता है ? पाठक कई बार पूर्वाग्रहों का शिकार होता है। एक अच्छा पाठक और लेखक इससे बचने की कोशिश करता है। जो जितना बच पायेगा वह उतना ही बड़ा व्यक्ति, लेखक और पाठक होगा। सत्ता पर बैठा हुआ व्यक्ति भी जब कविता की सोचता है तो सत्ता-विरोधी हो जाता है। तभी तो अशोक वाजपेयी जैसा कवि कई बार क्रांतिकारी लगने लगता    है।                                                                                                                                                    
स्रोत: शिखर भारतेन्दु, शिमला, 7 जून, 2003।  

Thursday, July 22, 2010

खाने को लेकर कुछ दिलचस्प किस्से


बचपन से लेकर आज तक खाने को लेकर मेरे मन में कभी पसंद-नापसंद का द्वंद्व नहीं रहा। इसका एक बड़ा कारण तो यह रहा कि छुटपन में ही मेरी राय बन चुकी थी कि खाने को लेकर पसंद-नापसंद बुर्जुआ मानसिकता की अभिव्यक्ति है। बाद में मैंने जब सर्वेश्वर की कविता पढ़ी तो अपना पक्ष और मजबूत पाया। लेकिन भात हमेशा ही मेरी कमजोरी रहा। बचपन में तो मैं भात के बगैर भोजन की कल्पना ही नहीं कर सकता था। कभी-कभी ऐसा अवसर आता तो मैं कुछ भी खाये बगैर सो जाता। ऐसा प्रायः रात में ही होता। जैसे ही मैं रात को दरवाजे पर से पढ़कर लौटता, मां से मेरा पहला सवाल होता ‘खाना का बनैले हें’ अर्थात् भोजन में क्या बनायी हो। रोज रात को मां से मेरा यही सवाल होता। जैसे ही उत्तर मिलता कि ‘रोटी बनी है’ मैं झट मां को खटिया बिछाने कह देता।

इस बचपन की एक कहानी है। मेरे गांव में मधेसर सिंह नाम के एक सज्जन हैं। एक शाम को मैंने उनको गांव में पूआ बांटते देखा। पढ़ाई खत्म कर खाने को जब मैं घर आया तो वही पूर्वनिर्धारित रात्रिकालीन सवाल मां से किया। मनपसंद उत्तर न मिलने पर मैंने आनन-फानन में खटिया बिछाने की आज्ञा जारी कर दी। भूख तो थी ही सो विमर्श में लग गया। अचानक ध्यान आया कि मधेसर सिंह वाला पूआ तो होगा ही। पूछने पर पता चला कि उसे तो पहले ही छोटे चचेरे भाइयों में से किसी एक ने चट कर रखा है। अंतिम सहारे का भी जब भरोसा न रहा तो मैं सो गया। बस उस दिन से बड़े भाई अमरेन्द्र कुमार को मुझे चिढ़ाने हेतु उपयुक्त वाक्यांश हाथ लग गया-‘मधेसर वाला पूआ।’ मैं भात की अनुपस्थिति में जैसे ही खटिया बिछाने को कहता कि वे मां से ‘मधेसर का पूआ’ दे डालने की सिफारिश कर जाते। इससे मेरा गुस्सा और भी बढ़ जाता।

दरअसल उन दिनों और आज भी मेरे गांव में दुर्गापूजा के अवसर पर चार-पांच दिनों तक पूरे गांव के लोगों एवं आसपास के गांव के ब्राह्मणों को पूआ-दूध खिलाने की परंपरा है। इस आयोजन से जुड़ी कई कहानियां हैं, एक मुझे अबतक याद है। बगल के किसी गांव के आधमनी जी (आध मन अर्थात् बीस किलो खाने के कारण उनका लोकप्रचलित नाम यही था) थे। उन्होंने जमकर खाया। कुछ इतना कि बेचारे का ठीक नाभि के पास पेट फट गया और दूध के फव्वारे निकल पड़े। घटना-स्थल पर ही मौत हो गई। मेरे यहां तो नहीं लेकिन दरभंगा-समस्तीपुर जिलों में खिला-खिलाकर मार डालने की कुलीन प्रथा रही है। वहां के लोग, जैसाकि बताते रहे हैं, भोजन के ऐसे खास आयोजनों पर पेट-भर खा लेने के बाद पैसे का लालच तक देते हैं। यानी एक लड्डू खाने पर पांच रुपये। कुछ देर तक यही क्रम चलता रहा, फिर एक लड्डू पर दस रुपये की छूट हो गई। इस तरह गरीबीजनित पैसे के लालच में कितने ही बेचारों की जान तक चली जाती रही है। कभी-कभी मेरे जेहन में आता है, इसका एक समाजशास्त्रीय अध्ययन प्रस्तुत करूं।

बड़े भाई (अमरेन्द्र कुमार) ने मेरे भात-प्रेम को लेकर कई किस्से बना रखे थे जिसे वे जब-तब घर के लोगों को सुनाया करते। उनलोगों के लिए यह एक तरह से मनोरंजन का जरिया था। भात को लेकर यह आसक्ति तभी कमी जब मैं अपने सबसे बड़े भाई (अखिलेश कुमार) के साथ पटना में रहने लगा। उन्हें मेरी यह आदत पसंद नहीं थी, शायद इसलिए कि भोजन में भात की अधिकता गंवई संस्कार की द्योतक मानी जाती थी। अतएव उन्होंने मेरा प्रेम निष्कंटक नहीं रहने दिया।

मैं भोजन की मात्रा भी सामान्य से थोड़ा ज्यादा लेता था। छात्रावास-जीवन के दिनों में खाना बनकर जब तैयार होता तो बड़े भाई के लिए अलग थाली या प्लेट में निकाल मैं उसी बर्तन को लेकर बैठ जाता जिसमें भोजन बनता। इसके दो कारण थे-पहला तो यह कि थाली या प्लेट की कमी होती और दूसरे, बर्तन में उतना ही शेष होता जितना मैं आसानी से चट कर सकता था। मेरी इस हरकत पर भाई साहब कहते कि उनका बनाया खाना न तो कभी ज्यादा होता है और न कभी कम। हालांकि इसका श्रेय वे मुझे प्रदान करने में किसी तरह की कृपणता या अनुदारता का प्रदर्शन नहीं करते।

एम. ए. की परीक्षा के दौरान कुछ दिनों के लिए मैंने अपने मित्र अशोक कुमार के साथ रहना प्रारंभ किया था। वैसे भी लालबाग स्थित उनके डेरे पर जाता तो बगैर खाये शायद ही कभी लौटता। एक दिन की बात है कि मैं अशोक जी के यहां खाने पर बैठा था तभी मकान-मालिक डा. सुनील कुमार पी. एम. सी. एच. से अपनी ड्यूटी पूरी कर लौटे थे। वे रात्रिकालीन ब्रश कर रहे थे। टहलते-टहलते वे हमलोगों के दस्तरखान वाले कमरे में दाखिल हो लिए। उन्होंने मुझसे पूछा-‘क्या नेताजी कुछ और चलेगा क्या ?’ मैंने भी आखिर पूछ ही लिख, ‘कुछ है क्या ?’ इस पर वे बोले कि ‘मेरे यहां तो अभी तक कोई खाया नहीं है, इसलिए सब धरा पड़ा ही है।’ मैंने कहा-‘तो ले आइए।’ उन्होंने अपने नौकर सोहराई को आवाज दी। वह भात से भरी तसली ले आया। मैंने डा. साहब से आग्रह किया कि ‘आपलोग जितना खाएंगे उतना निकालकर अलग रख लें।’ डा. साहब ने कहा कि ‘हमलोग फिर बना लेंगे, इसलिए आप निःसंकोच पूरा भात भी ले सकते हैं।’ मैंने उनसे दो-तीन बार आग्रह किया लेकिन हर बार वे अपनी इसी बात को दुहराकर मुझे निरुत्तर कर देते। अन्त में मुझे ही निर्णय लेना पड़ा। मैंने कहा, ‘तो फिर तसली को थाली में उलट दीजिए।’ सोहराई ने भी ऐसा ही किया। कुछ ही मिनटों में मेरी थाली का भात गायब हो गया। अलबत्त डा. साहब को नये सिरे से भोजन बनने के इंतजार में ब्रश करने की प्रक्रिया को थोड़ा लंबा करना पड़ा। इस अप्रत्याशित सदमे से बाहर आने पर डा़ साहब ने कहा, ‘नेताजी, आप बुरा न माने तो एक बात कहूं। आपको एक दिन भोजन पर आमंत्रित करनेवाला था, लेकिन अब हिम्मत नहीं होती।’ मैंने उनके दुख को कम करने की कोशिश करते कहा कि ‘निराश न हों, आपही का तो खा रहा हूं।’ सोचता हूं, अब वे मिलें तो कहूं कि पहले जितना नहीं खाता मैं।

उन दिनों मेरी मित्र-मंडली में कुछ नये नाम जुड़े जिनमें एक विनय कुमार थे। उनकी उदार मेहमान नवाजी की वजह से यदा-कदा वहां भी जूठन गिरा आता। वे छात्र-जीवन में थे। अल्पाहारी भी थे; इसलिए उनके लिए भोजन की मेरी मात्रा उनमें अतिरिक्त जिज्ञासा पैदा कर देती थी। खासतौर पर वे मेरे द्वारा मुर्गे की हड्डी तक न छोड़े जाने के कारण आतंकित थे। बाद में उनकी शादी हुई और एक पत्नी तथा एक नौकरी के साथ कलकत्ते में रहने लगे। शादी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को मेरा परिचय भी शायद इसी रूप में दे रखा था। लेक्चरशिप के साक्षात्कार हेतु मुझे और अशोक जी को वहां जाना था। विनय जी को पहले से इस बात की सूचना दी जा चुकी थी। और विनय जी ने भी ‘संकट’ का सामना करने के लिए पत्नी को तैयार कर रखा था। अतएव व्यवस्था काफी हो चुकी थी। शायद उतनी जिसका मैं वाकई हकदार नहीं था। जैसा मैं कह चुका हूं, सामान्य से थोड़ा ज्यादा खाता था। दिक्कत यह भी थी कि विनय जी सामान्य से थोड़ा कम खाते थे। अतएव जिस हिसाब से उन्होंने तैयारी कर रखी थी, मुझे विनम्रतापूर्वक हाथ जोड़ लेने पड़े। वैसे मैं खाने-पीने के मामले में विनम्रता ओढ़ने की जहमत मोल नहीं लेता।
मेरे बड़े भाई ने कभी एक कहानी सुनायी थी। वे किसी होटेल में खाना खा रहे थे। वहां बी.एन. कॉलेज के कोई प्रोफेसर थे वे भी खाना खा रहे थे। भोजनोपरांत जिस कटोरी में दाल मिली थी उसमें पानी डालकर वे उसे पी गये। इस कहानी के बाद मैंने भी अपना आचरण कुछ-कुछ वैसा ही बनाया। इससे एक कदम आगे बढ़कर मैंने छिलका आदि भी फेंकना गैर-मुनासिब समझने लगा। कहना न होगा कि आम, मूंगफली, केला आदि मैं छिलका के साथ ही खाने लगा। मुझे लगा, इस तरह खाने से मात्रात्मक एवं आर्थिक-दोनों ही तरह के लाभ प्राप्त होते हैं। विज्ञान की किताबों में रेसेदार भोजन के महत्व के बारे में भी पढ़ रखा था। कालक्रम से यह मेरी आदत हो गई। अब तो हालत यह हो गई है कि मैं किसी को छिलके उतारकर खाते या मुर्गे की हड्डी फेंकते देखता हूं तो मुश्किल से बर्दाश्त होती है। कुछ अच्छा नहीं लगता। गरीब देश में एक तरह की फिजूलखर्ची लगती है मुझे।

मेरी इन आदतों से लोगों को कभी-कभी परेशानी हो जाती है। तीन-चार साल पहले की बात है जब मैं मणि जी के यहां गया हुआ था। फलों का राजा आम का मौसम था, सो उन्होंने आम कटवाकर खाने को दिया। गूदा और छिलका में किसी तरह का भेदभाव किये बगैर मैं समूल खा गया। फिर हमलोग बातचीत में लग गये। अचानक मणि जी का ध्यान प्लेट की तरफ गया जो कहीं से भी जूठा होने का प्रमाण पेश नहीं कर रहा था। अंदर ही अंदर मणि जी चिंतित हो गये। मैंने उनकी ‘दमित व्यथा’ उनके चेहरे पर पढ़ ली। हालांकि आश्वस्त होने खातिर उन्होंने पूछा भी। अतएव अविलब कहा, हां, हां, मैं आम खा चुका हूं। दरअसल मैं आम छिलके के साथ ही खाना पसंद करता हूं।’ इतना सुनने के बाद ही मणि जी का आत्मीय मन संतोष पा सका।

मेरे परिवार में मांसाहार का चलन कुछ पहले से ही रहा है। मेरे दादाजी (भुवनेश्वर सिंह) को खस्सी (बकरा) एवं मछली का पूरा चाव रहता। वे मानते थे कि खस्सी का मांस आंख की रोशनी बढ़ाने में मददगार होता है। वृद्धावस्था में, जब उनके मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था, अक्सर कहा करते-‘एक खस्सी अगर खा लें तो बिजौरा (एक पड़ोसी गांव) तक का खपड़ा वे आसानी से गिनकर बता सकते हैं।’ हालांकि इस बात में वैज्ञानिक सच्चाई नहीं, मांसाहार की अतृप्त लालसा ही कुछ अधिक थी। मांस खाकर तृप्त होते उन्हें कभी नहीं पाया। मेरे सबसे छोटे चाचा (कृष्णंदन शर्मा जिनकी दिल की बीमारी से असामयिक मृत्यु हो गई) मांस बनाने एवं बांटने के एकमात्र इंचार्ज होते। मांसप्रेम में वे दादाजी पर भी बीस पड़ते थे। बनाते-बनाते उन्हें खाने की आदत थी। वितरण भी वे कुछ न्यायोचित तरीके से नहीं कर पाते थे। उनके नेतृत्व में दादाजी की तनिक आस्था नहीं थी। विश्वास तो हमलोगों का भी नहीं था, लेकिन विकल्पहीन। इसलिए किसी दिन घर में मांस बनता और खाकर हमलोग दालान पर सोने जाते तो एक अनौपचारिक मीटिंग का दृश्य बनता। दादाजी बड़ी बारीकी से एक-एक कर हम सब भाइयों से पूछते और पता करते कि कौन कितना खाया है। हमलोग तृप्त होने का अहसास कराना चाहते तो वे सहज ही अविश्वास की हंसी हंसते और बोलते, ‘हमारी थाली में तो जब गिराया तो मांस टन्न-से बोला’ और फिर सभा भंग हो जाती।
मुर्गे का मांस खाकर वे अपने हिंदुत्व की रक्षा नहीं कर सकते थे। मुर्गे का मांस खाना मुसलमान होना था जो उन्हें तनिक पसंद न था। उनके कथनों से मुसलमानों के प्रति घृणा झलकती। वे अक्सर कहते, ‘हिंदू बढ़े नेम से, मुसलमान बढ़े कुनेम से।’ इस कुनेम में मुर्गा खाना विशेष रूप से शामिल था। मछली के बारे में वे एक लोक प्रचलित कहावत पढ़ते-‘जे नर मछली खात है मुड़ी-पूंछ समेत। ते नर बैकुंठ जात है नाती-पोत समेत।।’ इसका वे जीवनपर्यंत अक्षरशः पालन करते रहे। वे मछली खाते-खाते मरे। उनकी आत्मा अब भी भटक रही होगी क्योंकि कुछ हिस्सा उनकी हथेली पर धरा रह गया था।
मांसाहार संबंधी कई वर्जनाएं मेरे बड़े भाई अखिलेश कुमार ने तोड़ी। गोमांस अथवा सूअर के मांस से उन्हें कोई परहेज नहीं रह गया था। उनकी शागिर्दी में मेरे लिए भी ये बातें विशेष महत्व या खास तवज्जो की नहीं होतीं। मसलन मैंने भी गोमांस के व्यंजन चाव से खाये। सन् 85 के आसपास हम दोनों भाई दरियापुर स्थित पटना ट्रेनिंग कॉलेज के हॉस्टल में आ चुके थे। वहां अब्दुल खालिक बदर नाम के एक आत्मीय सज्जन थे जो सब्जीबाग के दिलनवाज होटेल से हमलोगों के वास्ते टिकिया वगैरह ले आते। बड़े भाई तो उनके साथ बकरीद की दावत तक उड़ा आते। बदर साहब के मेजबान साथ में एक हिन्दू को पाकर जब कभी परेशान होते तो बदर साहब बेसाख्ता बोलते, ‘अरे मियां, डरने की कोई बात नहीं। ये भी दस्तरखानी हैं और बड़े-छोटे का फर्क नहीं करते।’ टिकिया-कबाब तो हमलोग ‘जकिया’ की तरह लगभग रोजाना ही खाते, अलबत्त यीस्टू कभी-कभार। और उसे हमलोग बदर साहब की सिफारिश से इस्लामिया होटेल से खरीदते। जाड़े में कभी-कभार नेहारी का आनंद लूटते।

एम. ए. की मित्र-मंडली में शाह अहसानुद्दीन भी था। अशोक जी के लालबाग स्थित डेरे पर जाता तो उससे भी मिलना होता। उसके कमरे में साजिद नाम के दो लड़के और रहते। एक लंबे कद का तो दूसरा नाटे कद का। दूसरे को मैं छोटा साजिद कहता। वह मेरे गोमांस-प्रेम को हवा देता। मसलन शाम में नाश्ते के लिए जाता और ऐन मौके पर मैं मिल जाता तो साथ चलने का आग्रह करता। खिलाने में रुचि और उदारता दिखाता। तभी अहसान ने खलल पैदा कर दी। एक दिन उसने छोटे साजिद से आखिर कह ही दिया, ‘मियां, किस आदमी के चक्कर में तुम पड़े हो। ये गाय-बैल ही नहीं, सूअर से भी आगे जा चुके हैं।’ इतना सुनने के बाद उसके उत्साह की हवा निकल गई। इसके बाद उसने अपने को घोंधे की तरह अंदर को समेट लिया। और इस तरह मेरा ‘भोजनालय’ बंद हो गया।

कुछ साल पहले की बात है। बड़े भाई पटेल नगर का आवास छोड़कर मेरे पड़ोस में आ बसे थे। एक दिन जमकर बारिश हुई और कैंपस में पीले मेढ़क उछल-कूद मचाने लगे। ‘मछुआरे’ के हाथ से मछली बच निकले-ऐसा कैसे संभव था। अविलंब अमरेन्द्र भैया को ‘शिकार’ जिंदा या मुर्दा पकड़ने का आदेश मिल गया। वे फौरन पानी में कूद पड़े। फिर क्या था। सारे मेढ़क पानी की बजाय किचेन में दिखने लगे-‘उभयचर’ होने को चरितार्थ करते हुए। शिकार को मुट्ठी में कर बड़े भाई ने मुझे फोन से सूचित किया। वहां पहुंचा तो पाया कि घोर मांसाहारी परिवार में भी खाने की केवल दो ही थाली सजायी जा रही है। मैंने चावपूर्वक खाया। भाई साहब ने पूछा ‘शिकार कैसा बना ?’ ‘देहाती मुर्गे और कबूतर के बीच की चीज है’, मैंने कहा। सचमुच बहुत ही स्वादिष्ट था। आज भी उसकी याद आती है तो स्वाद मुंह में घुलने लगता है। लेकिन शहरों के बारे में वे क्या जाने जिन्होंने लाहौर ही नहीं देखा।

Saturday, July 17, 2010

बिहार में सुशासन की हवा-मिठाई

यह अजीब-सी बात है कि बिहार में आये बदलाव को प्रदेश के बाहर के लोगों ने कुछ पहले जाना-समझा। इस बदलाव की धमक अमेरिका पहले पहुची, बाद को वहीं से रिडायरेक्ट होकर दुनिया के भिन्न-भिन्न कोनों में फैली। निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि बदलाव हुए हैं। बिहारवासी 'जंगल-राज' से चलकर सुशासन 'में दाखिल हो रहे हैं। ये दोनों ही 'फर्जी' नाम पत्रकारों-बुद्धिजीवियों की एक खास 'प्रजाति' के द्वारा गढ़े गये हैं। आश्चर्य होता है कि सुशासन की डुगडुगी बजाने में वही बुद्धिजीवी-पत्रकार शामिल हैं, जो 'जंगल-राज' के दिनों में 'लालू-राबड़ी ' की जीवनी तैयार करने हेतु लेखक ढूंढ रहे थे।

जंगल-राज और सुशासन में एक तात्विक अंतर है, जिसे मैं एक तटस्थ बिहारवासी होने के नाते महसूस कर सकता हूं। जंगल-राज के दिनों में सरकार उदारीकरण एवं बाजारवाद जैसी चीजों पर सखतीपूर्ण रवैया अपनाती थी। धनिकों का विरोध एवं गरीबों की भलाई स्थायी घोषणा थी उसकी। ये और बात है कि शब्द और कर्म में कभी मेल नहीं बिठाया जा सका। सुशासनी सरकार ने शब्द और कर्म की एकता दर्शायी है। यह सरकार वैश्विक पूंजी की गोद में बैठकर न केवल बातें करती है बल्कि उसके अनुपालन के लिए हर संभव प्रयास भी करती है। सूत्र रूप में कहें कि वर्तमान सरकार पूंजीपति वर्ग द्वारा तैयार उपभोक्ता माल की बिक्री की गारंटी देती है।

यह सब करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की जरूरत पड ती है। अखबार इस जरूरत को आसानी से पूरा कर सकता है। इसलिए 'सरकारी' पत्रकारों की एक फौज जमा की गई। ऐसे पत्रकार अब सामयिक ज्वलंत मुद्‌दों पर न लिखकर 'कानों-कान' सुनते हैं और 'भूले-बिसरे' मुद्‌दों पर लिखते हैं। सामयिक घटनाओं पर लिखने के अपने 'खतरे' हैं। सामयिक चिंतन का 'मूड' तभी बनता है जब सरकार के नेता से असंतुष्ट विधायकों/लोगों को 'अपने पुराने घर' में वापिस लाने का इन्हें 'सरकारी फरमान' प्राप्त होता है। अखबार के मालिकों के लिए अलग से पैकेज की व्यवस्था की गई है। उनको सरकार की तरफ से मिलनेवाले विज्ञापनों में तीन-चार गुने की अप्रत्याशित वृद्वि की जा चुकी है। नतीजतन, अखबार के मालिक से लेकर नौकर-चाकर तक-सभी जनता को सुशासन की 'हवा मिठाई' बांट रहे हैं। बालिका सायकिल योजना के पक्ष में भी अखबारों/पत्रकारों ने सकारात्मक माहौल बनाने का जी-तोड़ प्रयास किया था। हमें बार-बार बताया गया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक क्रांतिकारी प्रयास है। इसमें कई लोगों को कई तरह से कमाई का अवसर मिला। सरकार से लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक तक को। सायकिल निर्माता कंपनियों को जब सिर्फ लडकियों को ही सायकिल बेचकर संतोष न हुआ तो सरकार को अपनी योजना में संशोधन लाना पड़ा जाहिर है, अब बालकों को भी सायकिल दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण की बात कहां रही तब।

सायकिल का ही गोतिया मोटरसायकिल है। मोटरसायकिल बेचने का जरिया बेचारी पुलिस को बनना पडा। ध्यान रहे कि यह कोई आम या किफायती मोटरसायकिल नहीं है, बल्कि अपाचे टीवीएस १६० है। निश्चित रूप से इसकी खपत खुले बाजार में संभव नहीं क्योंकि इसकी कीमत अन्य आम मोटरसायकिल की तुलना में डेढ गुनी अधिक है। वर्तमान में इसकी कीमत ६१,००० रुपये है। यह सब जनता की 'सुरक्षा' और 'सुव्यवस्था' बहाल करने हेतु किया गया। हां, इससे इतना तो अवश्य हुआ कि पटना की सडकों पर पुलिस अब नजर आने लगी है! लोकतंत्र में पुलिस की 'सक्रियता' बढ जाए तो सुव्यवस्था का अंदाजा आप लगा ही सकते हैं। विधायकों को बड़ी गाडी दी गई। जनता के लिए रात-दिन एक वही तो करते हैं

शिक्षा का क्षेत्र अभी सबसे बड़ा बाजार है। इस क्षेत्र में विदेशी बड़ी कंपनियों को अवसर प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार भी कई गलत-सही तरीके से प्रयत्नशील है। इसलिए हमारी राज्य सरकार के पास एक 'नैतिक आधार' (वैसे अब इसकी फिक्र ही किसे है ) भी है। लगभग प्रत्येक उच्च माध्यमिक विद्यालय को पचास लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। इसमें कसरत-व्यायाम (जिम) के सामान से लेकर पुस्तकालय के लिए किताबों की खरीद तक शामिल है। जिम के सामान पर प्रत्येक विद्यालय को लगभग चार लाख की राशि खर्च करनी है। 'कुपोषण ' के शिकार नव नियोजित शिक्षक (उनका नियत वेतन मात्र छः हजार रुपये है। अगर सरकार की वर्तमान घोषणा को आधार बनाया जाये तो यह आठ हजार ठहरता है।) एवं अनीमिया से ग्रस्त बच्चे-बच्चियां जिमखाने से लाभ उठा सकेंगे-इसकी कल्पना मात्र क्या हास्यास्पद नहीं है ? सरकार ने यह आदेश भी पारित किया है कि प्लस टू के बच्चों को पढ़ाने के लिए पास-पड़ोस के एम. ए. पास युवकों को धरा-पकड़ा जाये और डेढ सौ रुपये की दैनिक मजदूरी देकर उन्हें उपकृत किया जाये। बिहार में लगता है, मानव संसाधन के उपयोग एवं विकास का यह 'सुशासनी नुस्खा' अपने आप मे एकदम ही 'मौलिक' विचार है। जहां तक पुस्तकालय के लिए किताबों की खरीद की बात है, वहां भी व्यापक गड़बड़ी देखी गई। एक तो सरकारी निर्देश के आलोक में टेक्स्ट बुक्स ही खरीदी गईं, और ठीक दूसरे वर्ष कक्षा नौ का पाठ्‌यक्रम बदल दिया गया। एकबारगी पुस्तकालय कूड़ाघर में तब्दील हो गया। ऐसी खरीद का आप क्या मतलब निकाल सकते हैं। दूसरी तरफ प्राथमिक विद्यालयों में सात पेजी चित्र-पुस्तकें ४०-५० रुपये में खरीदी गईं। यह सब सुशासनी सरकार के सखत निर्देशन में हुआ। यहां तक कि खरीद के लिए दुकान भी तय थी।इतना ही नहीं, प्रत्येक विद्यालय को कंप्यूटर देने की हमारी सरकार की अत्यंत 'महत्वाकांक्षी' योजना है। इस योजना को जमीन पर उतारने की दिशा में कुछ आवश्यक पहल भी हुई है। आप समझ सकते हैं कि जहां विद्यालयों में तक की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां कंप्यूटर देने के पीछे ''सुशासन की क्या हो सकती है। गौरतलब यह भी है कि प्रत्येक बच्चे को लैपटॉप से युक्त बनाने की अद्यतन योजना पर विमर्श जारी है। क्या मजाक है कि शिक्षक वर्ग में बगैर जूते (उनकी तनखवाह एक जोड़ी जूते के बराबर है) उपस्थित हों और बच्चे लैपटॉप पर चैटिंग करते। यह सब सुशासन ही में संभव है।

इसलिए, सुशासन के पैरोकार बुद्धिजीवियों से मेरी गुजारिश है कि वे मेरी इन बातों की तथ्यात्मक भूलों/गलतियों को बताएं, केवल सुशासन की हवा-मिठाई ही न बेचें।

Sunday, July 11, 2010

केवल एयरसेल चोर नहीं है

दूरसंचार के क्षेत्र में निजी कंपनियों की बाढ़, गलाकाटू प्रतिस्पर्द्धा एवं सरकारी नियंत्रण व हस्तक्षेप की कमी की वजह से आम जन का जीवन काफी मुश्किल हो गया है। भोले ग्राहकों को लुभाने के लिए ये अपनी कॉल-दरें तो कम कर देते हैं लेकिन अन्य तरीकों से कई गुना अधिक कीमत वसूल ले जाते हैं। मेरे पास इसके कुछ स्पष्ट उदाहरण हैं। एयरसेल का एक नंबर है मेरे पास-8083076273। पिछले तीन माह से यह डायलर ट्यून के नाम पर मासिक 30 रुपये की दर से काट रहा है। गत तीसरे माह किसी महिला कर्मचारी का फोन आया कि ‘आपको हमारी कंपनी ने एक बेहतर उपभोक्ता के रूप में चुना है, अतएव डायलर ट्यून की सुविधा मुहैया करायी जा रही है।’ मैं कुछ कहता इससे पहले धन्यवाद के साथ उसने फोन डिसकनेक्ट कर दिया। दो दिन बाद पता चला कि उसके एवज में तीस रुपये काट लिये गये हैं। कंपनी को मैंने अपना विरोध दर्ज जताया तो कहा कि ‘अच्छी चीज है, चलने दीजिए।’ मैंने इस सुविधा को तत्काल प्रभाव से बंद करने की हिदायत दी लेकिन वह रट लगाता रहा कि ‘यह सुविधा आपकी मांग पर आपको प्रदान की जा रही है।’ जब मैंने ‘अपनी मांग’ की ‘प्रामाणिकता’ (सबूत) की मांग की तो ऐसा कुछ भी उपलब्ध कराने से इनकार कर गया। आज तीसरा माह है जब फिर से उसने अपनी ‘लीला’ दुहरा दी। 8. 21 बजे सुबह एक मेसेज आया कि ‘डियर सब्स्क्राइबर, यू हैव बीन चार्ज्ड रूपीज थर्टी फॉर थर्टी डेज ऑफ सब्सक्रिप्शन फॉर डायलर ट्यून्स। एनी टाइम कॉल 53000 फॉर लेटेस्ट डायलर ट्यून्स।’ और मैंने पाया कि पुनः मेरे खाते से गाढ़ी कमाई के 30 रुपये कंपनी की जेब में चले गये। ग्राहकों को लूटने का इससे नायाब तरीका और क्या हो सकता है। बाजारवाद की यही नंगई है। ये और बात है कि एयरसेल अकेला चोर नहीं है। इसकी कथा से दूसरे का भी हाल जानें।