Saturday, July 10, 2010

...जैसे मुझे ही सम्मान मिला हो



आज ‘प्रभात खबर’ (पटना संस्करण) के मुख पृष्ठ पर हिन्दी के, और अव्वल तो बिहार के एक सुपरिचित-सुपठित कथाकार सुलभ जी की तस्वीर छपी है। तस्वीर यूके कथा सम्मान के अवसर की है। तस्वीर के नीचे लिखा है-‘खबर पृष्ठ आठ पर।’ पृष्ठ आठ को मैंने तीन बार देखा, बेटे से भी दिखवाया, लेकिन खबर नहीं थी। पत्रकारिता के वर्तमान दौर में खबर का न होना भी किसी अखबार के लिए ‘खबर’ हो सकती है। फिर इसका तो नाम ही है ‘प्रभात खबर’। गलती मेरी भी हो सकती है कि मैं सुबह के आठ बजे यह सब खोज रहा था!
कुछ दिन पहले सुलभ जी को उक्त सम्मान दिये जाने की खबर मैंने इसी अखबार में पढ़ी थी। खबर पढ़ते हुए लगा कि अरे, यह नाम अबतक छुटा हुआ था। वैसे यह नाम इतने दिनों तक छोड़ दिये जाने के लिए नहीं था। चलिए, आयोजकों ने अपनी गलती दुरुस्त कर ली। उन्हें ‘देर आए, दुरुस्त आए’ में विश्वास रहा हो शायद।
सुलभ जी एक कथाकार हैं, उससे पहले वे नाटककार हैं। मेरा मन बार-बार उन्हें एक नाटककार के रूप में देखने को करता है। उनकी कहानियों में मुझे नाटक के तत्वों का भरपूर उपयोग मिलता है। नाटकीयता के बगैर व्यंग्य की कल्पना नहीं की जा सकती। चाहे वह व्यक्ति पर व्यंग्य हो या व्यवस्था पर। विद्रूप को केवल व्यंग्य के सहारे ही बगैर अश्लील हुए प्रदर्शित किया जा सकता है। विधा के स्तर पर भी व्यंग्य और नाट्य बिल्कुल पास-पास के लगते हैं। व्यंग्य में शब्द कम हैं तो नाट्य में इससे भी कम। लेकिन असर शायद सर्वाधिक। सुलभ जी की कहानियों में जैसी नाटकीयता है, कविता में केवल आलोक धन्वा और मुक्तिबोध, शमशेर जैसे चंद नाम ही साध पाते हैं। निराला शायद स्रोत ही साबित हों।
और इन सब से ऊपर वे एक ‘मनुष्य’ हैं। एक पाठक के रूप में रचना की मेरी अपनी कसौटी है कि रचना में किसी लेखक का ‘व्यक्तित्व’ कितना बड़ा होकर आता है। रचना और रचनाकार-दोनों मुझे साथ-साथ प्रभावित करते हैं। ऐसा कभी नहीं हुआ कि रचना से प्रभावित होकर भी रचनाकार से अप्रभावित ही रहा। सुलभ जी ने दोनों ही स्तरों पर मुझे प्रभावित किया है। शायद इतना कि जब उन्हें सम्मान दिये जाने की बात पढ़ी तो लगा जैसे मुझे ही सम्मान मिला हो।

Wednesday, July 7, 2010

संस्कृति और इतिहास बोध

संस्कृति पर विमर्श प्रकारांतर से मानवजाति पर विमर्श है, क्योंकि इसके केन्द्र में वही है। अपने व्यापकतम अर्थ में संस्कृति वह सब कुछ है, जिसका निर्माण मानवजाति ने किया है और कर रही है-श्रम के औजारों से लेकर घर-गृहस्थी की वस्तुओं तक, रीति-रिवाजों और रहन-सहन के ढंग, तौर-तरीकों से लेकर विज्ञान और कला, धर्म और अनीश्वरवाद, नैतिकता और दर्शन तक। किंतु केवल इतना ही कहें तो संस्कृति की हमारी अवधारणा अथवा परिभाषा एकांगी और साथ ही भ्रामक भी होगी। इसलिए इतना भर याद रखना जरूरी है कि मानव संस्कृति का रचयिता है और साथ ही उसकी रचना भी। ऐसा कहते अथवा मानते हुए हम अपना इतिहास बोध जाग्रत कर रहे होते हैं। अर्थात् यह इतिहास का विवेक है जो हमें बताता है कि मानवजाति संस्कृति का केवल रचयिता ही नहीं है बल्कि वह खुद भी उसी की निर्मिति है। और कह लें कि हमारा इतिहास बोध भी ठीक-ठीक इसी रूप में संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।

अगर संस्कृति शब्द की व्युत्पत्ति पर गौर करें तो यह संस्कृत के बहुत पास का निकलेगा। संस्कृत का शाब्दिक अर्थ है शिष्ट और सभ्य। जो शिष्ट अथवा सभ्य नहीं है, प्राकृत है, जंगली है। बर्बरता संस्कृति की परिधि से बाहर की चीज है। जांगल युग हमारी संस्कति का पोषक नहीं, क्योंकि संस्कृति इस युग को अथवा बर्बरता की एक खास अवस्था को पारकर ही सृजित होती है। संस्कृत शब्द में संस्कार, संशोधन अथवा परिष्कार का भाव जुड़ा हुआ है। एक दूसरे तरीके से कहें तो अलगाव का भाव लिए हुए है। संस्कृत को प्राकृत से अलग करने की मुहिम शुरू हो चुकी है। भाषा के क्षेत्र में भी इसके गणित बिठाये जा रहे हैं। संस्कृत सिर्फ सभ्य और शिष्ट लोगों की भाषा बनी।

लोग अक्सर कहते पाये जाते हैं कि संस्कृत नाटकों में शूद्र और स्त्री समान रूप् से प्राकृत भाषा का प्रयोग करते पाये जाते हैं। संस्कृत केवल संभ्रांत वर्ग के लोग ही बोल पाते थे। वे इस तथ्य का हवाला भर देकर शांत हो लेते हैं। वे कभी नहीं कहते (अज्ञानतावश या भयवश ?) कि निम्न वर्ण (शूद्र) तथा स्त्रियों के संस्कृत भाषा का व्यवहार सिद्धांत रूप में भी वर्जित था। (इस विषय पर विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें ‘प्राचीन भारत में वर्ण व्यवस्था और भाषा’, जन विकल्प,)। नाट्यशास्त्र का लेखक भरतमुनि इसका प्रमुख सिद्धांतकार है। (संभव है, पंचम् वेद कहे जाने का यह भी एक आधार बनता हो।) प्राचीन भारत के इतिहास में यह वह काल है जब वर्चस्व की संस्कृति अपनी जड़ें जमा रही थीं। यहां हम अपनी सुविधा के लिए यह भी कह ले सकते हैं कि संस्कृत (संस्कृति एवं भाषा दोनों ही अर्थों में) वर्चस्व का भाव रहा है। वरना जिस देश में कुत्ता, सियार एवं हाथी तक के लिए संस्कृत संबोधन हैं वहां मनुष्य जाति के संभवतः सबसे बड़े वर्ग को संस्कृत बोलने से क्योंकर रोका जा रहा है ? आज भी महावत हाथी के साथ गच्छ, तिष्ठ जैसे संस्कृत क्रिया-रूपों के ही सहारे संवाद कायम कर पाता है। आज हमारे कुत्तों के नाम भले ही अंग्रेजी भाषा के हों लेकिन उनके संबोधन में उच्चरित शब्द अत्तु संस्कृत ही का है। संस्कृत भाषा के जानकार को पता है कि यह आदरार्थ प्रयुक्त है। अर्थात् आदर (सम्मान) में कहा गया शब्द जिसका भाषिक अर्थ है-‘आइए खाइए।’

संस्कृति के क्षेत्र में इस तरह के अलगाव की प्रक्रिया तब शुरू होती है जब विकास की एक खास अवस्था हम तय कर चुके होते हैं। उससे पहले ऐसा करना शायद संभव भी नहीं होता। हम अपने इतिहास के अनुभवों के आधार पर देखें तो साफ होगा कि जिस आर्य अथवा वैदिक संस्कृति पर हम गर्व करते हैं (इतिहास पर गर्व करने का हमें पूरा हक है), वह अपने प्रारंभिक दिनों में ऐसी कुछ भी नहीं थी। बल्कि कहना होगा कि आर्यों का भारत आगमन यहां के मूल निवासियों की संस्कृति की तुलना में एक पिछड़ा कदम था। इसलिए अपने आरंभिक दिनों में आर्यों को जहां-कहीं भी (भाषा तक में) बेहतर और अनुकरणीय हाथ लगता, उसे वे अपनाने में तनिक संकोच न करते। यहां तक कि दूसरों की पत्नियों और देवता तक को हड़प् ले जाने में कोई कोताही न बरतते। निस्संदेह आर्यों को भारतीय प्रदेशों में औरतों की कमी महसूस हुई होगी। नतीजतन आर्यों के कई देवता तक को बगैर पत्नी के जीवन गुजारने को अभिशप्त होना पड़ा। संभवतः इसी कारण गोरे आर्यों की काली संतानें पैदा हो रही हैं। काले वर्ण के ऋषियों की उस दौर में बाढ़ है। इन्हीं सब बातों को लिखने के लिए मुक्तिबोध की पुस्तक ‘भारत: इतिहास और संस्कृति ’ की प्रतियां जला दी गई थीं। आर्य-रक्त की शुद्धता का दावा करनेवाले लोगों को भारतीय संस्कृति का यह विमर्श अच्छा नहीं लगता। इससे श्रेष्ठता और शिष्टता वाला भाव जाता रहता है। वे संस्कृति को एक अत्यंत गोल-मटोल अर्थ में लेना चाहते हैं, जबकि इसकी अनंत परतें हैं। एक साथ कई रूपों और धाराओं में संस्कृति प्रवहमान रहती है। इन धाराओं की आपसी टकराहट और सम्मिलन की प्रक्रिया में ही संस्कृति जीवंत बनती और सवंर्धित होती चलती है। जिस संस्कृति और कौम में टक्कर और आत्मसातीकरण की द्वैत प्रक्रिया नहीं चल रही होती अथवा ठप पड़ जाती है, उसका नष्ट होना तय है। इतिहास बोध से संपन्न व्यक्ति को मालूम है कि मानवजाति द्वारा निर्मित ऐसी कितनी ही संस्कृतियां काल के गर्भ में विलीन हो गईं, क्योकि समय की धारा को अपने अंदर समाहित नहीं कर सकीं।

संस्कृति अपने को कई रूपों में व्यक्त करती है। परंपरा और रीति-रिवाज इनमें प्रमुख हैं। जिस तरह एक बहुलतावादी समाज में संस्कृतियों की बहुलता होती है, उसी तरह परंपरा की भी बहुलता होती है। कई परंपराएं एक ही कालखं डमें साथ-साथ जीवित होती हैं। इनकी आपसी टकराहट से ही नवीनता का उन्मेष होता है। संस्कृति को एक एंतिहासिक संदर्भ में, एक निश्चित ऐतिहासिक दृष्टिकोण से देखने का मतलब एक स्वस्थ और समग्र दृष्टिकोण पैदा करना होता है। यानी किसी देश अथवा जाति की संस्कृति का अध्ययन अथवा उसकी आलोचना प्रस्तुत करते हुए हमें मुख्य रूप से दो बातें-निरंतरता और परिवर्तन को रेखांकित करने का प्रयास करना होता है। निरंतरता और परिवर्तन की इस विछिन्न/अविछिन्न प्रक्रिया में परंपरा संस्कृति की स्मृति होती है। जिस तरह प्रत्येक राष्ट्र और जाति की अपनी स्मृति है, ठीक उसी तरह संस्कृति अपनी परंपराओं में बसती है। मनुष्य की स्मृति में सब कुछ कैद नहीं होता। बहुत कुछ छोड़ते जाते हैं और नया ग्रहण करते जाते हैं। ठीक जैसे आदमी पुराना भूलता और नया सीखता चलता है। लेकिन सब कुछ नहीं भूलता, जबकि भूलना भी काफी अर्थवान है। मनुष्य भूलने की क्षमता खो दे तो शायद सबसे बड़ा अनर्थ हो। संस्कृति भी परंपरा का त्याग करती चलती है और नवीनता का अंगीकार। यहां इतिहास बोध यह निर्णय देता है कि परंपरा हमेशा न तो त्याज्य है और न ही नवीनता हमेशा ग्राह्य। कालिदास जब मालविकाग्निमित्र में कहते हैं कि जो पुराना है वह सभी सुंदर नहीं है और न नया मात्र नया होने से ही निन्द्य है, तो इसी बात को वे भिन्न तरीके से कह रहे होते हैं। यह कालिदास का इतिहास जनित विवेक ही है जो परंपरा और नवीनता के बीच फर्क की पहचान करता है। किसी देश अथवा जाति के इतिहास में क्या ग्राह्य है और क्या अग्राह्य-इसका सम्यक फैसला हमारी इतिहास दृष्टि करती है। संस्कृति के अंदर सब कुछ बचा लेने लायक नहीं होता। बहुत कुछ समय की मार खाकर बेजान हो जाता है, इसलिए ग्राह्य-अग्राह्य का प्रश्न महत्वपूर्ण हो उठता है। परंपरा का वह हिस्सा जो जो वर्तमान के लिए अनुपयोगी और बेजान हो गया हो, त्याज्य है। परंपरा की ताबीज बनाकर रखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि न तो संपूर्ण सुंदर है, न नितांत असुंदर ही। उसमें सक्रियता भी है, प्रमाद भी, स्वार्थ भी है परमार्थ भी, संकीर्णता भी है, उदारता भी। इसलिए कालिदास का यह उद्गार कि पुराणमित्येव न साधु सर्व-जो समय के बोध में सना है, हमेशा याद रखने लायक है। परंपरावादियों के लिए तो और भी, क्योंकि अतीत का उनका यह कथन हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा हो चुका है, और जो वर्तमान समय में भी उतना ही सटीक है।

किंतु कहना होगा कि अपनी ही उक्ति से कालिदास ने कोई खास नसीहत नहीं ली। उन्होंने उन्हीं वर्णाश्रम अर्थों की कीर्ति बखानी जो भारतीय संस्कृति पर कालिमा का टीका सिद्ध हो चुके थे। अलबत्ता कहीं-कहीं रोष अवश्य प्रकट किया है। उनकी शकुंतला पुरुष के अधिकारों पर व्यंग्य करती है, उनकी सीता वाच्यं त्वया मदवचनात्स राजा कहकर राम को संदेश भेजती है। परंतु वास्तव में यह विद्रोह नहीं, विद्रोह की विडंबना है। शूद्र तपस्वी शम्बूक के राम द्वारा रघुवंश में मारे जाने पर महाकवि की लेखनी में बल तक नहीं पड़ता, वह स्वयं उस तपस्वी को उसके अनाचार पर धिक्कारता है। कालिदास का इतिहास-बोध-विरोध कई बार आत्म-प्रताड़ना तक को जन्म देता प्रतीत होता है। धूत कहो अवधूत कहो जैसी पंक्ति वही लिख सकता है जिसने अपने नथूनों में वर्ण व्यवस्था की संड़ांध महसूस की हो।

अज्ञेय ने शम्बूक -वध का एक नया पाठ तैयार किया-‘मैंने शम्बूक की कथा पढ़ी है। मैं उसे कभी उस अर्थ में ग्रहण नहीं कर पाया, जिस अर्थ में मुझे समझायी जाती रही है। शम्बूक वेदाध्ययन करने जा रहा था कि यज्ञ करने जा रहा था, वर्णांतर कर्म का यह छोटा-सा अपराध (छोटा ही सही, अपराध तो है न ?) कदापि उस दंड का भागी नहीं था जो उसे मिला। इतना ही क्यों, यह प्रश्न कोई क्यों नहीं पूछता कि शूद्र की तपस्या में इतना बल था कि ब्राह्मण का बेटा मर जाये, तो ब्राह्मण का ब्राह्मणत्व का बल कहां चल गया था? क्या उसकी सीमा यही थी कि राजा के सामने जाकर रिरिया ले? क्यों नहीं राम ने भी उस ब्राह्मण से यह पूछा कि वह क्यों इतना हीनतेज हुआ? ’ अज्ञेय के लिए राम की तुलना में शम्बूक ज्यादा ग्राह्य है, क्योंकि शम्बूक स्थिति को, स्थितिशीलता को, परिवेश को बदलना चाहता है और राम उसे बनाये रखना चाहते हैं। संस्कृति की यह गतिशील व्याख्या इतिहास बोध और काल की मर्यादा से प्रेरित है। अत्यंत सपाट शब्दों में कह सकते हैं कि तात्कालिकता का दबाव है यह।

Wednesday, March 31, 2010

मध्यवर्गीय है दलित की अवधारणा

मैंने पाया है कि गांव में भिन्न जाति के लोगों के लिए बोली-बाजी के मुहावरे और शब्दावलियां अलग-अलग हैं। अगर हलवाहे मुसहर जाति से होते और उनको बैल दिक (परेशान) करते तो सहज ही कहते ‘चमरे हीं दे अएबउ’ अर्थात् चमार को दे आएंगे। यहां यह भाव होता कि सामाजिक स्तरीकरण में मुसहर अपने को चमार जाति से श्रेष्ठ समझ रहा है। हलवाहा अगर चमार होता, तो कहता ‘कसइबे हीं दे अएबउ।’ कसाई यानी इस्लाम। यहां यह गौरतलब है कि हिन्दू धर्म में चमार को अपने से हीन कोई न दिखता. जाहिर है, इसमें इस्लाम के प्रति घृणा भी समाविष्ट होती। और बात है कि अलग-अलग जातियों के लोगों को संबोधित करने के लिए अलग-अलग तरह की शब्दावली व्यवहृत होती है। गांव की पाठशाला, जहां पर ब्राह्मण शिक्षक-‘पंडितजी’, ठाकुर शिक्षक ‘बाबू साहब’ और अन्य जातियों के शिक्षक ‘मुंशीजी’ कहकर संबोधित होते हैं तथा उनके लिए अभिवादन भी अलग-अलग हैं। जैसे पंडित जी के लिए-‘‘पंडत जी पांय लागी’’, बाबू साहब के लिए-‘‘बाबू साहब जयशंकर’’ तथा मुंशी जी के लिए-‘‘मुंशी जी नमस्ते’’। (मनोज कमार मार्तंड, ‘अस्तित्व’ , हंस , अगस्त, 2004, पृष्ठ, 23)।

‘श्राद्ध का भोज’ कविता में पंकज कुमार चौधरी ने गांव के श्राद्ध-भोज की एक सच्ची तस्वीर खींची है। गांवों में, जैसाकि ऐसे मौकों पर हमेशा ही होता है, सवर्णों एवं अवर्णों की अलग-अलग पांत बैठती है। गांव के सवर्ण अरबिन्द के लिए ‘अरबिन्द बाबू’ और ‘राजा भाई जी’ जैसे संबोधनों का प्रयोग है। अवर्ण पात्रों के नाम अकलूआ, चट्टूआ, बिसेसरा आदि हैं। जाति एवं सामाजिक व्यवस्था से हमारी भाषा कैसे प्रभावित होती है, कवि ने इसका खास ध्यान रखा है। कैसे एक ही व्यक्ति, जो खाद्य-सामग्री परोसनेवाला है, अरबिन्द बाबू से पूछते हुए ‘सब्जी’ शब्द का प्रयोग करता है जबकि अकलूआ, चट्टूआ, बिसेसरा से पूछते हुए ‘तरकारी’ शब्द से ही काम चलाता है। जो व्यक्ति भाषा की गहरी समझ और संवेदना रखता है, वह इन चीजों पर गौर करेगा। प्रसंगवश, मुझे निराला की कृति ‘बिल्लेसुर बकरिहा ' की याद आ रही है। बिल्लेसुर, जैसाकि आप सब जानते हैं, विल्लेश्वर है, लेकिन बकरी चरानेवाला (बकरिहा) होने की वजह से लोगों की जुबान पर यह नाम चढ़ नहीं पाता। उपर्युक्त बातों के सहारे मैं अपनी इस बात को प्रस्थापित करने की कोशिश कर रहा हूं कि गांवों में ‘दलित समुदाय’ जैसी किसी चीज की अवधारणा का सर्वथा अभाव देखा जाता रहा है। वहां जातियां ही प्रधान हैं। और बड़ा विभाजन अगर करना चाहें तो वह सवर्ण और अवर्ण (बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड) का है।

कई साल हुए सावित्री बाई के स्कूल की 13 साल की लड़की मुक्ताबाई ने जो निबंध लिखा था उसकी भी मुख्य अंतर्वस्तु जाति-व्यवस्था का अंतर्विरोध है। वह लड़की स्वयं मांग जाति से थी। उसका मानना है कि मुख्य अंतर्विरोध जाति व्यवस्थ का है। दलितों के अंदर भी महार और मांग में फर्क है। मांग जाति को महार की तुलना में निम्न सामाजिक हैसियत प्राप्त है। उस निबंध में दलितों के भीतर ब्राह्मणवादी सोच के अस्तित्व को दिखाते हुए लिखा कि महार भी अपने से नीचेवाले को दबाते हैं और निष्कर्षतः कहा कि इस व्यवस्था (जाति की) में सभी एक दूसरे को दबा रहे हैं। इसलिए इस बात को मान लेने का कोई आधार नहीं बनता कि दलित अपने आप में सामाजिक-सांस्कृतिक एवं आर्थिक रूप से शोषितों की एक मुकम्मल इकाई है।

ग्रामीण समाज के उलट शहरों-महानगरों में जातियों का एक तरह से लोप हुआ है। यहां समुदाय की अवधारणा जोर पकड़ रही है। पिछड़ी जातियां, दलित आदि। कहना होगा कि ये जातियों के नहीं समुदाय के नाम हैं। ‘दलित टर्म’ तो एक ‘अम्ब्रेला टर्म’ है। (सुधीश पचौरी, ‘अमरीका में ब्लैक्स को आरक्षण है’, हंस , अगस्त, 2004)। समुदाय इस लोकतांत्रिक व्यवस्था में जाति के मुकाबले एक बड़ी राजनीतिक ताकत है। दलित समुदाय का जो मध्यवर्ग है, वह शहरों-महानगरों में केन्द्रित है। मध्यवर्ग को अपने दैनिक जीवन में रोज ही अपनी संगठित शक्ति का परिचय देकर अपना प्रभुत्व साबित करना होता है। इस प्रभुत्व के जरिए वे एक तरह का शक्ति-संतुलन स्थापित करते हैं। इस आधार पर वे अपनी सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा करते हैं। आप कह ले सकते हैं कि पिछड़ी जाति एवं दलित का जो मध्यवर्ग है, वह अपने समुदाय की एकता को दिखाने की ‘राजनीति’ करते हैं। ‘दलित लेखन की राजनीति के इस चरण की सोची-समझी राजनीति जान पड़ती है। यह राजनीति एक नवोदित मध्यवर्ग द्वारा सामाजिक प्रतिष्ठा में अपने हिस्से की मांग और आभिजात्य के अर्जन से जुड़ी है...।’ (डा. अर्चना वर्मा, 'दलित लेखन सिर्फ एक वर्गीकरण है', हंस , अगस्त, 2004)। यह वर्ग अपने समुदाय के लोगों के बीच यह ‘मिथ्या चेतना’ पैदा करने, अथवा गढ़ने की कोशिश करता है कि उस जातीय समुदाय के सारे लोगों के सामाजिक-सांस्कृतिक स्वार्थ एक-से हैं। आर्थिक हितों की शायद ही यह दलित मध्यवर्ग चर्चा करता है क्योंकि ऐसा करने पर उनकी आपसी ‘नैसर्गिक एकता’ की कलई खुल सकती है!

दलितों के बीच मध्यवर्ग के निर्माण की प्रक्रिया अम्बेदकर के जमाने में ही शुरू हो चुकी थी. लेकिन कहना होगा कि एक राजनीतिक ताकत के रूप में उसका बहुत ही सीमित उपयोग संभव था। इसी बात को दलित चिंतक चन्द्रभान प्रसाद दूसरे शब्दों में कुछ इस तरह कहते हैं-‘दलितों में आज मध्यवर्ग का उदय हो रहा है, अपने शैशव अवस्था में है। आज का यही दलित शिशु यदि डॉ. अम्बेडकर के समय में उदित हो चुका होता, तो तस्वीर निर्णायक रूप से भिन्न हो चुकी होती, अपने जीवन काल में ही वे वह लड़ाई जीत चुके होते, जिसे हम उनका सपना मानते हैं।’ ('बौद्धिकता के अंकुर अभिजात वर्ग से', हंस , अगस्त, 2004)। उस जमाने में मध्यवर्ग हिदुओं एवं मुसलमानों के बीच ही उभर सका था। हिन्दू-मुस्लिम मध्यवर्ग का अंतर्विरोध ही प्रमुख था। शायद इसीलिए अंग्रेजी साम्राज्यवाद ने इन्हीं दोनों के बीच के अंतर्विरोध एवं आपसी तनाव को गहरा करने की कोशिश की। हालांकि वे इस बात से नावाकिफ नहीं थे कि भारतीय समाज की एकता को तोड़ने के लिए दलित मध्यवर्ग का इस्तेमाल भी संभव है। बल्कि यहां यह जोड़ देना मुनासिब लगता है कि साम्राज्यवादी ताकतें इस दिशा में पहल ले चुकी थीं। ‘पहली आम जनगणना 1881 में जातियों और प्रजातियों की सूची बनी। 1891 में उच्च और निम्न जाति के रूप में वर्गीकरण हुए। 1901 में उच्च जाति हिन्दुओं ने जाति उल्लेख का तीव्र विरोध किया। 1911 की जनगणना में उन जातियों और उन कबीलों की अलग-अलग गणना की, जो ब्राह्मणों की श्रेष्ठता और, वेदों की सत्ता को नहीं मानते, बड़े-बड़े हिंदू देवी-देवताओं और गाय की पूजा नहीं करते, जो गोमांस खाते हैं।’(श्यौराजसिंह बेचैन, 'सत्ता-विमर्श और दलित', हंस , अगस्त, 2004)। इसके साथ ही वे सामाजिक व्यवस्था में छोटी-बड़ी जातियों का अपने हिसाब से श्रेणीक्रम निर्धारित करने की ‘राजनीति’ भी करते। कहते चलें कि इस साजिश में उनकी न्याय-व्यवस्था भी शामिल थी। और तो और वे ठीक मुसलमानों की तरह दलितों के लिए पृथक निर्वाचन क्षेत्र की भी व्यवस्था कर चुकनेवाले थे। ये सब करने के पीछे उनकी एक सोची-समझी राजनीति थी-‘फूट डालो और शासन करो।’ क्या यह तथ्य भी मतलब से खाली है कि अंग्रेजी साम्राज्यवाद के दिनों में सबसे अधिक संख्या में किताबें भारत की जाति व्यवस्था पर ही लिखी गईं ?

आज के दलित चिंतक यह कहते हुए कि ‘अंग्रेज देर से आए और जल्दी चले गए’, कोई नई बात नहीं कर रहे होते। यह कोई चौंकानेवाली बात भी नहीं है। दरअसल भारत का जो उच्च मध्यवर्ग रहा है, चाहे वह हिदू, मुस्लिम या दलित ही क्यों न रहा हो, अंग्रेजी राज के बने रहने में ही अपना उद्धार देखा है। हिन्दू मध्यवर्ग 1857 की क्रांति से अपने को अगर विलग रखता है तो शायद इसीलिए कि अंग्रेजी राज में ही अपना भविष्य तलाश रहा था . यह और कोई नहीं अंग्रेजी पढ़ा उच्च मध्यवर्ग था। (पवन के वर्मा, बिकमिंग इंडियन ,) उनका स्पष्ट मानना था कि भारत का आधुनिकीकरण अंग्रेजों के बगैर संभव नहीं हो सकता। इतना ही नहीं, वे आधुनिकता के इस जोश में पश्चिम की हर अच्छी-बुरी चीज को अपना रहे थे और उसी प्रक्रिया में भारत की हर अच्छी-बुरी चीज का विरोध भी कर रहे थे। कुछ लोग तिलक के यहां जो स्वदेशी और भारतीयता पर कभी-कभी ‘अनावश्यक’ जोर देखते हैं, उसकी वजह शायद यही है कि वे भारतीय राजनीति में निम्न मध्यवर्ग के प्रतिनिधि नेता थे जो कहीं न कहीं उच्च मध्यवर्ग की जो पश्चिमपरस्ती (या कि राजभक्ति ?) थी, उसकी एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया भी थी। मुस्लिम मध्यवर्ग इस भूमिका में बाद में आए क्योंकि उनके बीच मध्यवर्ग का निर्माण हिन्दुओं की तुलना में अपेक्षाकृत विलंब से हुआ। वहां भी जिन्ना और अबुल कलाम आजाद की धारा है। जिन्ना शायद इतने आधुनिक या कि पश्चिमपरस्त हैं कि लगभग ‘अभारतीय’ हैं। गांधी ने नेहरु और जिन्ना में फर्क बताते हुए कहा था कि दोनों ही बड़े राजनेता हैं लेकिन नेहरु साथ ही एक बड़े देशभक्त भी हैं। दलित मध्यवर्ग और भी देर से पैदा हुआ। बल्कि कहना चाहिए कि दलितों के बीच मध्यवर्ग का व्यापक उभार केवल अभी ही देखने में आया है।

मुस्लिम मध्यवर्ग की ताकत का उपयोग भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन की एकता को कमजोर करने हेतु अंग्रेजी साम्राज्यवाद ने किया तो दलित मध्यवर्ग के वर्तमान उभार को अमरीकी नव उपनिवेशवाद ने वर्ग संघर्ष की अवधारणा को कमजोर करने के लिए किया। आज विमर्श की जो आंधी चली है-यथा दलित विमर्श, नारी विमर्श, पर्यावरण विमर्श या फिर उत्तर आधुनिकता का विमर्श ही क्यों न हो-सभी वर्गीय चेतना को कमजोर बनाने के वैश्विक हथकंडों को अमरीकी फंडिंग जारी है। अकारण नहीं है कि दलित बुद्धिजीवियों को चुन-चुनकर फोर्ड फाउंडेशन के फेलोशिप प्रदान किये जा रहे हैं। इन सबमें कहीं न कहीं एक अंतःसूत्रता है जिसकी गहरे में जाकर खोज की जानी चाहिए।

Monday, March 15, 2010

ऐसी खुशफहमी भी ठीक नहीं है, जोशी जी...!



जनसत्ता (6 दिसंबर, 2009) में प्रकाशित मेरे लेख ‘कला-आलोचना की भाषा’ (http://matmatantar.blogspot.com/2010/01/blog-post_08.html) पर दो बिल्कुल ही भिन्न तरह की प्रतिक्रिया दो भिन्न रूपों में आईं। पहली अलिखित, लेकिन दूसरी लिखित।

मैं अपना छपा लेख देख-पढ़ भी न पाया था (पटने में अखबार शाम में उपलब्ध हो पाता है) कि रामसुजान अमर जी (दिल्ली) का फोन आया कि ‘आपके लेख से जनसत्ता पढ़ना शुरू कर रहा हूं। लेख अच्छा है। आपकी चिंता में मेरी चिंता भी शामिल है।’(स्थानीय मित्र डॉ अशोक कुमार की भी ठीक यही प्रतिक्रिया थी)। रामसुजान जी ने फोन ही पर लगभग आध घंटे से भी ज्यादा समय तक एक तरह से चित्रकला आलोचना के इतिहास के बारे में बताया। इस विषय पर उनकी हालांकि तात्कालिक प्रतिक्रिया ही थी, लेकिन जानकारी इतनी समृद्ध कि लेख लिख कर भी मैं अपने को बौना महसूस कर रहा था।

दूसरी प्रतिक्रिया ज्योतिष जोशी जी की जनसत्ता (10 जनवरी, 2010) ही में प्रकाशित लेख की शक्ल में है। इस प्रतिक्रिया को पढ़ने पर मुझे लगा कि जोशी जी को कला आलोचना की ‘भाषा’ गढ़ने की चिंता कम, दूसरी चीजों की ज्यादा है। उन्हें अगर मेरा विश्लेषण ‘सतही’ लगा है, तो इसके ‘वाजिब’ कारण हैं। पहला तो यही कि मैंने ‘एक-दो’ समीक्षकों का ही नामोल्लेख किया है, वह भी ‘कोप के बहाने।’

यह सच है कि जोशी जी को मैं एक कला-समीक्षक के बतौर पढ़ता रहा हूं। अलबत्ता नामोल्लेख में मुझसे ‘भूल’ हो गई। हालांकि जोशी जी को ‘राहत’ की सांस लेनी चाहिए थी, क्योंकि वे मेरे ‘कोप’ का ‘शिकार’ होने से बच गए। ‘अखबार में नाम’ ही महत्त्वपूर्ण है, मुझे अगर पहले से इसकी थोड़ी भी ‘समझदारी’ या ‘दुनियादारी’ होती तो, सच कहता हूं, आपका ‘कोपभाजन’ बनना मैं कभी स्वीकार नहीं करता।

जोशी जी को लगा कि मैंने ‘पुष्ट परंपरा/विराट परंपरा’ की चर्चा नहीं की। चर्चा तो स्वयं जोशी जी भी नहीं कर पाए। मुझे अपनी ‘अक्षमता’ का अहसास पहले से था, जोशी जी को अब जाकर होगा। श्रीमान जोशी की राय में, ‘कलाओं में चित्रकला के सृजन की परंपरा उतनी ही पुरानी है, जितनी कला चिंतन की परंपरा। यह परंपरा संस्कृत से प्रायः सभी भारतीय भाषाओं में गई...।’ और यह परंपरा निःसृत होती है ‘वेद’ से। हालांकि जोशी जी की यह कोई मौलिक स्थापना नहीं है। बुद्धिजीवियों का बाजाब्ता एक ‘गिरोह’ ही है जो कला तो क्या ‘सापेक्षतावाद’ एवं ‘विकासवाद’ तक को वेद ही में ढूंढ़ लेता है। (देखें, मीरा नंदा, ‘पोस्ट मॉडर्निज्म, हिन्दू नेशनलिज्म एंड वेदिक सायंस’, फ्रंटलाइन, 15 जनवरी, 2004, पृष्ठ-78।) कहूं कि जोशी जी ‘विराट परंपरा’ की बात तो करते हैं, लेकिन चीजों पर विचार करते समय उनकी ‘विराटता’ के दर्शन नहीं होते। वेद की ‘लक्ष्मण-रेखा’ पार नहीं कर पाते। इसमें बहुत हद तक उनका दोष नहीं है, दोष उस विचार-धारा का है, जिसके अनुयायी परंपरा जैसी गंभीर चीजों पर इतने ‘एकांगी’ और ‘पारंपरिक’ ढंग से विचार करते हैं कि ‘परंपरावादी’ होने की बू आने लगती है।

मेरे लिए तो चित्रकला की ‘विराट परंपरा’ प्रागैतिहासिक काल से शुरू होती है। आदिमानव के अस्तित्त्व के साथ चित्रकला भी जुड़ी हुई है। बल्कि आदिमानव को ‘मानव’ बनाने में कहीं न कहीं इस कला की सार्थक भूमिका की मैं तलाश करता हूं। ये और बात है कि आदिमानव का जो ‘कला-विमर्श’ रहा होगा, उसके प्रतिमान, ‘सौंदर्यशास्त्रीय’ की अपेक्षा ‘उपयोगितावादी’ मूल्यों से अधिक प्रेरित/प्रभावित रहे होंगे।

जोशी जी परंपरा की धार में बहते अतिशयोक्तिपूर्ण वक्तव्य देते चलते हैं। उन्हें इस बात का इलहाम है कि ‘साहित्यकारों द्वारा कला-आलोचना के क्षेत्र में काम करने की परंपरा हिंदी ही नहीं, दुनिया की हर भाषा में मिलती है।’ लेकिन ‘महावीर प्रसाद द्विवेदी से लेकर अशोक वाजपेयी’ तक के ‘अनेक कलाविद’ के जो नाम गिनाए गए हैं, वे ‘किसी भी एक भाषा को आसानी से मयस्सर नहीं होते, जो हिंदी को हुए।’ कोई पाठक जोशी जी से पूछ ले सकता है कि ‘अभिव्यंजनावाद से लेकर प्रभाववाद’ तक जो कला-आंदोलन हुए हैं, वे भी आखिर किसी न किसी भाषा ही में हुए हैं, तो उनके अपने महावीर प्रसाद द्विवेदी या अशोक वाजपेयी नहीं रहे होंगे क्या? जोशी जी को यह स्पष्ट तरीके से मालूम है कि ‘ये आंदोलन वायवीय नहीं थे।’ वैसे, मेरे जानते कोई भी आंदोलन वायवीय नहीं होता।

जोशी जी अपने ही ‘यक्ष-प्रश्न’ से परेशान हैं कि ‘जब भाषा साहित्यकार को ही आती है (जोर हमारा) तो आलोचना लिखेगा कौन?’ इस कथन के पूर्वार्ध पर अगर विश्वास कर लिया जाए तो क्या चित्रकला या नाटक की भाषा के लिए कोई भी संभावना बची रहती है? शायद नहीं, क्योंकि श्रीमान जोशी शब्द-रूप के बगैर भाषा की कल्पना ही नहीं कर पाते। वे धन्य हैं जो प्रकृति की ‘मौन की भाषा’ भी समझ लेते हैं। बल्कि मैं तो बचपन से पढ़ता आ रहा हूं कि भाषा मनुष्य मात्र की पहचान या उपलब्धि है। जो सचमुच में साहित्यकार हैं, वे भाषा तांगे वाले या हल चलाने वाले से भी सीखते हैं। एक बच्चे से भी सीखनी होती है भाषा।

जाहिर है, जोशी जी अगर ‘साहित्यकार’ हैं तो भाषा पर उनका ‘एकाधिकार’ है। हालांकि उदारीकरण एवं वैश्वीकरण के दौर में ऐसी खुशफहमी कुछ ठीक नहीं है,जोशी जी!

Wednesday, January 20, 2010

थोड़ी "आस्था" मार्क्सवाद में भी तो हो...!

केरल के पूर्व सीपीएम सांसद कुरिसिंकल एस मनोज को व्यक्तिगत जीवन में धार्मिक आस्था प्रकट/अभिव्यक्त करने के लिए पार्टी की सदस्यता से हाथ धोना पड़ा। पश्चिम बंगाल से निकलने वाले अखबार "दि टेलीग्राफ" (11जनवरी 2010) ने लिखा, ‘मार्क्सिस्ट पुट्स गॉड एवव पार्टी।’ यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी के अंदर इस बात को लेकर एक पुरानी बहस चल रही है कि धर्म के बारे में पार्टी सदस्य का क्या रुख हो।

अव्वल तो यह कि केवल मार्क्र्सवाद या मार्क्र्सवादी पार्टियों से इस मसले को जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए, और न ही इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसी चीजों से जोड़ा जा सकता है। सवाल यह है कि ऐसे लोगों को, जिनकी दृष्टि प्रगति-विरोधी और अवैज्ञानिक समझ पर आधारित हो, क्या कम्युनिस्ट पार्टी का सदस्य बनाया जाना चाहिए? कहना होगा कि आज कम्युनिस्ट पार्टियां भी ठीक उसी तरीके से अपना सदस्य बनाती हैं जैसे राजद या राजग। (ये दो नाम तो केवल सुविधा के लिए दिये गए हैं)सिद्धांत में चाहे जो हो, व्यवहार में विचारधारा से ज्यादा दूसरी ही चीजों का ध्यान रखा जाता है।

सदस्य बनने वाले भी सतर्क/जागरूक रहते हैं। पार्टी का बाजार-भाव पता करते रहते हैं। उन्हें मालूम रहता है कि फिलहाल कौन-सी राजनैतिक पार्टी नौकरी प्रदान करने में सक्षम है। हालांकि यह मजाक की तरह लगेगा, लेकिन सच है कि लोग रातोंरात अपनी वैचारिक लाइन बदल लेते हैं। उनकी प्रतिबद्धता नौकरी के प्रति है। जो पार्टी पहले नौकरी दे-दिला देगी, उस पार्टी की सदस्यता वे पहले स्वीकार करेंगे। दिल्ली के मित्र बताते हैं कि विश्वविद्यालय तक की नियुक्तियों में इन पार्टियों का अघोषित कोटा होता है। ऐसे लोग पार्टी की आय का जरिया बनते हैं। जहां महज लेवी और चंदे की वसूली को ध्यान में रख कर सदस्य बनाए जाते हों, वहां ऐसी बहसों के लिए कोई स्पेस है क्या?

नब्बे के दशक में पटना के मार्क्र्सवादी छात्र-संगठनों में तीन चेहरे मुझे अक्सर सड़कों पर नारे लगाते दिखते-अपूर्वानंद, निवेदिता और नीरज। कहना होगा कि तीनों ही काफी सक्रिय और प्रतिबद्ध थे। मेरे छात्र-जीवन के नायक। अपूर्वानंद ने अशोक वाजपेयी का दामन पकड़ा। शायद ही अपूर्वानंद को याद हो कि वे कभी ‘वाजपेयी हटाओ, भारत भवन बचाओ’ की रट लगाया करते थे। उनके साथ काम करने वाले नीरज आज नीतीश के तलुवे चाट रहे हैं कि सहला रहे हैं। निवेदिता फिर भी इन सब से ठीक रही।

नीरज को आरक्षण-विरोध के नाम पर पार्टी से निकाला गया था। हालांकि वे अकेले आरक्षण-विरोधी कामरेड नहीं थे, जिनको पार्टी की सदस्यता गंवानी पड़ी। ऐसे कई नाम हैं। अपूर्वानंद को पार्टी से निकाला नहीं गया, बल्कि एक लंबे समय में पार्टी का उपयोग करते हुए वे पार्टी से ऊपर की चीज हो गए। ये और बात है कि अब भी वे अपने को पार्टी के सदस्य के रूप में यदा कदा प्रचारित करते हैं। यहीं यह भी जोड़ दें कि लालू प्रसाद यादव ने जब अपना दल बनाया और उसकी हवा बही तो बिहार की सभी कम्युनिस्ट पार्टियों के यादव कामरेडों ने उनके साथ अपने को जोड़ लिया। क्या वजह है कि उनका यादव होना उनके वामपंथ पर भारी पड़ गया? क्या नीरज जैसे ‘क्रांतिकारी’ छात्र-नेता का हृदय-परिवर्तन बुद्ध की तरह केवल एक घटना से हुआ?


दरअसल इन बातों पर हम केवल तभी बहस करते हैं जब कोई अपने व्यक्तिगत स्वार्थ की वजह से पार्टी छोड़ देता है, या फिर जब किसी को पार्टी से निकाला जाता है। बिहार की एक कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने एक महत्वपूर्ण दस्तावेज में जाति के महत्व को सिद्धांत रूप में न सही चुनावी स्ट्रेटेजी के बतौर साफ-साफ शब्दों में स्वीकार किया है। इस स्ट्रेटेजी का मतलब होता है कि मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्र में पार्टी मुस्लिम प्रत्याशी खड़ी करेगी और और यादव इलाके से यादव प्रत्याशी। अगर ऐसी स्थिति है तो अपने निजी जीवन में स्ट्रेटजी के तहत ही किसी को यादव या कुर्मी बनने या बने रहने की छूट पार्टी क्यों नहीं दे सकती? हालांकि इस बात की तो कोई बहस ही नहीं है क्योंकि अपने निजी जीवन में हम कम्युनिस्टों की पहचान जाति से पहले होती है, विचारधारा तो बाद की, दुकान सजाने/चलाने की चीज है।


मजे की बात है कि कुरिसिंकल एस मनोज महज एक कम्युनिस्ट ही नहीं हैं, उनका ताल्लुक चिकित्सा विज्ञान से भी रहा है। यह तथ्य भारतीय चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों की समझ की भी पोल खोलता है। मेडिकल सायंस की आखिर कौन-सी शिक्षा उन्होंने हासिल की कि "भगवान की लीला" को वे समझने में अब तक असमर्थ रहे।

विज्ञान और मार्क्सवाद दोनों ही की विचार-पद्धति अंधविश्वास-विरोधी है। पचास साल की उम्र तक अगर एक कम्युनिस्ट और चिकित्सा विज्ञान से जुड़े व्यक्ति को धर्म की निस्सारता समझ में न आती हो तो क्या येचुरी केवल यह कहकर कि ‘धर्म निजी आस्था की चीज है’, जिम्मेदारी से बचे रह सकते हैं?

येचुरी साहब, आपके विद्यालय का तो पहला ही पाठ है कि ‘धर्म जनता के लिए अफीम है।’ जो जनता के लिए अफीम समझ कर सर्वथा त्याज्य है, वह एक कम्युनिस्ट के लिए सर्वथा ग्राह्य कैसे हो सकता है? क्या मार्क्सवाद इसकी अनुमति देता है, येचुरी जी? क्या धर्म और भगवान की घुट्टी का ही अब एकमात्र और आसरा बचा रह गया है?

अगर ऐसा ही है तो अपने तमाम काडरों को एक-एक रामनामी चादर भी बंटवा दीजिए और आस्था के महाकुंभ में गोते लगाते रहिए। केवल अपनी व्यक्तिगत आस्था की वजह से अगर कोई डॉक्टर बजरंग बली की पूजा कर ऑपरेशन थियेटर में जाता हो तो क्या हमें उसके दिमाग के बारे में सोचना बंद कर देना चाहिए? शायद मेरी टर्मिनोलॉजी आपको बुरी लगे, थोड़ी ‘आस्था’(वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित विश्वास की अपेक्षा तो आपसे की नहीं जा सकती) मार्क्सवाद में भी तो हो!

Saturday, January 9, 2010

यह कौन-सी नई पॉलिटिकल इकोनॉमी है कॉमरेड...?

विश्वस्त कहे और समझे जा सकने वाले सूत्रों से पता चला कि कुमार मुकुल जसम यानी जन संस्कृति मंच ज्वायन कर चुके हैं। पुष्टि के लिए कुमार मुकुल को फोन लगाया। उन्होंने हामी भरी। इस पर मेरी अत्यंत सहज-स्वाभाविक (जिसे बिना सोचे बोलना कहा जा सकता है) प्रतिक्रिया थी कि ‘चलिए अच्छा है। आखिर में एक ‘अराजकतावादी’ को भी शामिल कर ही लिया।’ कुमार मुकुल ने प्रतिवाद किया, ‘लेकिन मैं सबसे कम अराजक हूं।’ मैं सोचने लगा कि आखिर वे किसकी अराजकता की बात कर रहे थे? कौन हैं वे लोग? थोड़ा आप भी सोचें।

कुमार मुकुल का जसम ज्वायन करना क्या कोई नयी और अप्रत्याशित परिघटना है? कम-से-कम न मेरे लिए, न कुमार मुकुल के लिए। हम सब उससे वैचारिक रूप से एवं संवेदना के स्तर पर हमेशा ही जुड़े रहे हैं। लेकिन पार्टी/संगठन के लिए इस तरह का जुड़ाव अब शायद कोई मायने नहीं रखता। उसे कार्ड-होल्डर लोगों पर ज्यादा भरोसा है। आप कार्ड के बगैर पार्टी या संगठन के ‘पवित्र परिवार’ में शामिल नहीं हो सकते। कार्ड के बगैर कोई ‘रिकॉग्निशन’ नहीं। ‘पहचान’ के बगैर ‘पूछ’ की आशा करना या रखना व्यर्थ है, एक तरह की अज्ञात मूर्खता, जो आपकी ‘सदिच्छा’-जनित है।

जसम से या इसके लोगों से कुमार मुकुल का जुड़ाव कोई नया नहीं है। बल्कि आप कह ले सकते हैं कि इनके सद्प्रयास या कि प्रेरणा से कई नये कहे जा सकने वाले लड़कों ने माले के साथ अपने को जोड़ा और वे लगातार कुमार मुकुल से भी उसी पुराने स्तर पर जुड़े रहे। ट्रेजेडी कि कुमार मुकुल को तब भी ‘आउटसाइडर’ का दर्जा ही नसीब हुआ। ये और बात है कि नये लड़के उनके अब भी प्रभाव में थे। सारे लोगों का साथ-साथ उठना-बैठना और बातें करना। कविता से लेकर राजनीति और फिर निजी मसलों तक पर। ऐसी अंतरंगता जो पार्टी के ‘पवित्र परिवार’ के लिए भी एक आदर्श ही हो।

इतना सब कुछ होने के बावजूद कुमार मुकुल के लिए ‘हाईकमान’ की तरफ से हरी झंडी नहीं मिली थी। नतीजतन उनकी कविताएं देश-विदेश की पत्रिकाओं में भले ही छपती रही हों, पार्टी की तथाकथित पत्रिका ‘समकालीन जनमत’ में उनकी कविताओं के लिए कभी जगह न बन सकी। कई बार उनसे आग्रह कर कुछ लिखवाया भी गया, कविताएं भी ली गईं लेकिन अंततः प्रकाशित न हो सकीं। शायद ‘पार्टी-लाइन’ के लिहाज से हर बार कुछ कमी-बेशी रह जाती रही हो। वैसे यह पार्टी का अंदरूनी मामला है, इस पर किसी ऐरे-गैरे को बोलने का ‘अधिकार’ नहीं दिया जा सकता।

लेकिन संगठन में कुमार मुकुल का ‘दबाव’ रह-रह काम करते रहा। शायद इसी का नतीजा था कि जसम के लड़कों ने पटना में उनका ‘एकल काव्य-पाठ’ आयोजित कराया था। कई वर्ष पूर्व की घटना है यह। जसम के लगभग सारे लड़के तो उपस्थित थे ही। केवल एक आदमी अनुपस्थित था। उस आदमी की अनुपस्थिति कुमार मुकुल के काव्य-पाठ से ज्यादा ध्यान खींच ले रही थी। आयोजक उनके आने का भरम कार्यक्रम संपन्न होने तक बनाये रखना चाहते थे। अन्ततः वे नहीं आए। कहिए कि अन्ततः उनका नहीं आना तय था। ये जसम के सारे लड़के भी जानते थे। मैं तो इस ‘ऐतिहासिक नियति’ को मानकर ही चल रहा था। कहूं कि कुमार मुकुल को भी उस ‘अदृश्य शक्ति’ के आने को लेकर न कोई मुगालता था न दिलचस्पी। अलबत्ता कुमार मुकुल की कविता की तारीफ में आलोक धन्वा को काफी कुछ सार्वजनिक रूप से बोलते हुए सुना। मुझे भी जसम के मंच से अपनी बात रखने का पहला ही सही, मौका मिला। यह मुकुल के कवि-रूप की मेरे जानते पहली सार्वजनिक स्वीकृति थी, थोड़े-बहुत अगर-मगर के साथ।

मेरे लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि कुमार मुकुल ने जसम ज्वायन किया कि प्रलेस। मेरी नजरों में तो वे तब भी इन तमाम संगठनों के किसी भी पदाधिकारी से ज्यादा काम कर रहे थे। कई साल पहले जब समकालीन जनमत अपने नये रूप में छपने लगी तो उसकी बिक्री की चिंता कुमार मुकुल की निजी चिंता में शामिल हो गई। वे अपने पास सदस्यता रसीद रखते और घूम-घूमकर लोगों को वार्षिक सदस्य बनाते। मुझे भी प्रथम साल के लिए सदस्य उन्होंने ही बनाया था। अलबत्ता दूसरे साल का वार्षिक सदस्य होने से मैंने इनकार कर दिया था। इसकी दो वजहें थीं। एक तो प्रकाशक से लेकर स्वत्वाधिकारी तक में हर जगह रामजी राय का नाम था। मैंने कहा, ‘मुकुल जी, यह किसी संगठन की नहीं रामजी राय नामक एक व्यक्ति की पत्रिका लगती है। मैं इसका मेंबर होना स्वीकार नहीं कर सकता।’ दूसरी बात यह थी कि इस पत्रिका में प्रकाशित होनेवाले व्यक्ति के लिए यह जरूरी था कि वह कार्ड-होल्डर हो। अगर कार्ड-होल्डर की ही रचना छपनी थी तो मैं क्योंकर उसका ग्राहक बनता ?

जब तक कुमार मुकुल जसम के लिए ‘उत्पाद’ नहीं बन पाये, तब तक उनकी भी कोई रचना समकालीन जनमत का मुह नहीं देख सकी।

अब जाकर समझ में आया कि ‘मुह-देखाई’ की सामंती रस्म अदायगी हमारे एक्सट्रीम लेफ्टी कॉमरेडों को भी काफी पसंद है।

देखा तो नहीं, लेकिन पक्की खबर है कि दिल्ली में आयोजित जलसे के अवसर पर जसम ने जो स्मारिका प्रकाशित की है, उसमें पहली कविता कुमार मुकुल की है। अब मुकुल जसम के विधिवत् सदस्य हो चुके हैं। यह सवाल अब तक मेरे लिए अनुत्तरित है कि एक पार्टी या संगठन का सदस्य बनने न बनने से कोई तात्विक अंतर आता है क्या? क्या मुकुल कुछ-कुछ बदला हुआ महसूस करते होंगे ? उनकी कविता का ऐंगल बदल गया? क्या जसम के लोगों ने मुकुल में कोई वैचारिक कायांतरण देखा?

नहीं, तो आप ही समझाओ कि यह कौन-सी नई ‘पॉलिटिकल इकॉनॉमी’ है कॉमरेड...?

संपादक का अक्षर ज्ञान...!

अशोक कुमार ने प्रभात खबर, पटना (11।10।2009) को ‘ आपकी कलम‘ में प्रकाशनार्थ एक पत्र लिखा जिसे 16।10।2009 को प्रकाशित किया गया। लेकिन ‘संपादन-कौशल’ या कि अज्ञान ने उल्टी गंगा बहा दी। आपके समक्ष मूल पत्र एवं प्रकाशित पत्र हू-ब-हू रखे जा रहे हैं, ताकि अखबार की विश्वसनीयता का अंदाजा आपको हो सके-

मूल पत्र

आज के अंक में अनुराग कश्यप का (की) आलेखनुमा परिचर्चा ‘सब मुरदाबाद...जाति जिंदाबाद’ पढ़ कर अफसोस हुआ। आज भी सबसे कम जातिवादी आम जनता ही है। आम आदमी के विवेक में सबसे कम जाति-पाति का बोध है। जो जितना प्रबुद्ध होने का दावा करता है, वह उतना ही जातिवादी है। यहां अखबारों में संपादक और पत्रकार जाति के आधार पर तय होता है जो अपने को लोकतंत्र का चैथा खम्भा कहता है। डाॅक्टर विलायत से पढ़कर आने के बाद अपनी जाति का ही मुंह जोहता है। मुख्यमंत्री हो कि केन्द्रीय मंत्री, सबके सब जातीय गणना पर ही अपनी गोटी फिट करते हैं। जहां जाति ही आपकी-हमारी सफलता की मंजिल तय करते (करती) हैं, वहां आपके जैसे बुद्धिजीवियों (?) से कबीर शैली में जाति की आलोचना उचित नहीं है। अनुराग जी, मेरी बात भी छापिए, आपकी जातिवादी उदघोष का दूसरा पक्ष भी तो सामने आए-अनुराग जी आपकी जाति?, -राजपूत (?) ही होंगे।

प्रकाशित पत्र

आम लोगों पर जातिवाद का कम असर

आज के अंक में अनुराग कश्यप का आलेखनुमा परिचर्चा सब मुरदाबाद, जाति जिंदबाद (जिंदाबाद) पढ़ कर अफसोस हुआ। आज भी सबसे कम जातिवादी आम जनता ही है। आम आदमी के विवेक में सबसे कम जाति-पाति का बोध है। जो जितना प्रबुद्ध होने का दावा करता है, वह उतना ही जातिवादी है। डॉक्टर विलायत से पढ़ कर आने के बाद अपनी जाति का ही मुंह जोहता है। मुख्यमंत्री हो कि केंद्रीय मंत्री, सबके सब जातीय गणना पर ही अपनी गोटी फिट करते हैं। जहां जाति ही आपकी-हमारी सफलता की मंजिल तय करते हैं, वहां जाति की आलोचना उचित नहीं है।

अशोक कुमार, राजेंद्र नगर (पटना)